Published On: Thu, Jul 4th, 2024

न्यूज इन ब्रीफ@11 AM: भोले बाबा 100 करोड़ की संपत्ति का मालिक; टीम इंडिया PM हाउस पहुंची; CBI ने NEET केस में 7वीं गिरफ्तारी की


  • Hindi News
  • National
  • India T20 World Cup Victory Parade; Hathras Satsang Tragedy | NEET Paper Leak

22 मिनट पहलेलेखक: गौरव सेन, न्यूज ब्रीफ एडिटर

  • कॉपी लिंक

नमस्कार, आइए जानते हैं आज सुबह 11 बजे तक की देश-दुनिया की 10 बड़ी खबरें…

1. हाथरस भगदड़: भोले बाबा दान नहीं लेता पर 100 करोड़ का मालिक, 24 से ज्यादा आलीशान आश्रम
हाथरस में जिस भोले बाबा उर्फ सूरजपाल के कार्यक्रम में भगदड़ से 123 लोगों की मौत हुई है वो 100 करोड़ की संपत्ति का मालिक है। उसके पास लग्जरी कारों का काफिला और 80 सेवादार हैं। उस पर बाबा का दावा यह कि वह एक पैसे भी दान नहीं लेता। भोले बाबा उर्फ सूरज पाल की असली कहानी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। हादसे की दर्ज FIR में बाबा का नाम तक नहीं है। घटना के बाद से वह गायब है। मैनपुरी में उसके आश्रम के बाहर 50 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात हैं।
पूरी खबर पढ़ें…

2. टी-20 वर्ल्ड कप विजेता टीम PM हाउस पहुंची, मोदी से मुलाकात करेगी
टी-20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद 3 दिन से बारबाडोस में फंसी टीम इंडिया आज सुबह भारत लौटी। दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने के बाद टीम का काफिला होटल ITC के लिए निकला था। होटल में भारतीय टीम के लिए स्पेशल केक बनाया गया। यहां से कुछ देर पहले टीम PM आवास पहुंच गई है। यहां मोदी के साथ ब्रेकफास्ट करेगी। इसके बाद मुंबई के लिए रवाना होगी। मुंबई में शाम 5 बजे नरीमन पॉइंट से वानखेड़े स्टेडियम तक ओपन रूफ बस में टीम की विक्ट्री परेड होगी।
पूरी खबर पढ़ें…

3. NEET-UG पेपर लीक में CBI ने की 7वीं गिरफ्तारी, ReNEET के खिलाफ 56 स्टूडेंट्स सुप्रीम कोर्ट पहुंचे
NEET पेपर लीक मामले में CBI ने 7वीं गिरफ्तारी की है। एजेंसी ने झारखंड के धनबाद से अमन सिंह को गिरफ्तार किया। अब तक CBI पेपर लीक मामले में बिहार से 2 और झारखंड से 3 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। देश के 5 राज्यों से इस मामले में अब तक 33 गिरफ्तारियां हुई हैं। वहीं, ReNEET के खिलाफ गुजरात के 56 स्टूडेंट्स ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है। इन स्टूडेंट्स का कहना है कि ज्यादातर स्टूडेंट्स ने दो साल की कड़ी मेहनत और 100% लगन के साथ एग्जाम दिया था। ऐसे में एग्जाम कैंसिल करने का फैसला स्टूडेंट्स के हित में नहीं होगा।
पूरी खबर पढ़ें…

4. हाथरस भगदड़- बाबा की तलाश में कानपुर-ग्वालियर सहित 8 ठिकानों पर पुलिस की दबिश
यूपी के हाथरस में सत्संग के बाद मची भगदड़ में मौतों का आंकड़ा बढ़कर 123 हो गया है। इनमें 113 महिलाएं, 7 बच्चे और 3 पुरुष हैं। हादसे के 40 घंटे बाद भी पुलिस नारायण साकार हरि उर्फ भोले बाबा तक नहीं पहुंच सकी। पुलिस ने मैनपुरी, ग्वालियर, कानपुर और हाथरस समेत 8 ठिकानों पर दबिश दी है। योगी सरकार ने हादसे की जांच के लिए न्यायिक आयोग बनाया है। इसकी अध्यक्षता इलाहाबाद हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज जस्टिस बृजेश कुमार श्रीवास्तव करेंगे। रिटायर्ड आईएएस हेमंत राव और रिटायर्ड DG भवेश कुमार सिंह आयोग के सदस्य हैं। टीम 2 महीने में जांच पूरी कर रिपोर्ट सरकार को सौंपेगी।
पूरी खबर पढ़ें…

5. सेंसेक्स ने 80,374 और निफ्टी ने 24,400 का लेवल छुआ, लगातार तीसरे दिन ऑल टाइम हाई पर बाजार
शेयर बाजार ने लगातार तीसरे दिन ऑल टाइम हाई बनाया है। आज कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने 80,374 और निफ्टी ने 24,400 का लेवल छुआ। अभी सेंसेक्स 300 अंक से ज्यादा की तेजी के साथ 80,350 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। निफ्टी में भी 100 अंक से ज्यादा की तेजी देखने को मिल रही है। ये 24,400 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 24 में तेजी और 6 में गिरावट है। IT, बैंकिंग और पावर शेयर्स में ज्यादा तेजी है।
पूरी खबर पढ़ें…

6. मानसून ट्रैकर: बिहार में 6 और पुल गिरे, 15 दिनों में 11वीं घटना, काजीरंगा नेशनल पार्क में 8 जानवरों की मौत
देश के पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश जारी है। मणिपुर, अरुणाचल प्रदेश और असम बाढ़ की चपेट में हैं। इन राज्यों में सेना रेस्क्यू अभियान चला रही है। असम का काजीरंगा नेशनल पार्क बाढ़ में पानी भर गया है। इसमें डूबने से एक गैंडे के बच्चे सहित 8 जानवरों की मौत हो गई। असम के 27 जिलों में 16.25 लाख से अधिक लोग बाढ़ की चपेट में हैं। मौसम विभाग (IMD) ने आज यूपी, बिहार सहित 12 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
पूरी खबर पढ़ें…

7. फिर बिगड़ी लाल कृष्ण आडवाणी की तबीयत, अपोलो अस्पताल में भर्ती कराए गए देश के पूर्व उप प्रधानमंत्री और भाजपा के सीनियर नेता लालकृष्ण आडवाणी की तबीयत ​फिर बिगड़ गई है। 96 साल के आडवाणी को बुधवार रात 9 बजे दिल्ली के अपोलो अस्पताल लाया गया। अस्पताल से जारी बुलेटिन के अनुसार, उनकी हालत स्थिर है। वे न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. विनीत सूरी के ऑब्जर्वेशन में हैं। इससे 7 दिन पहले, 26 जून को भी आडवाणी को दिल्ली के AIIMS में भर्ती किया गया था। इस दौरान उन्हें यूरोलॉजी डिपार्टमेंट के डॉक्टर अमलेश सेठ की निगरानी में रखा गया था। पूरी खबर पढ़ें…

8. सांसदों की शपथ के नियम में बदलाव, लोकसभा सांसद शपथ के बाद नारे नहीं लगा सकेंगे
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने लोकसभा में सांसदों के शपथ के नियमों में बदलाव किया है। नए नियम के मुताबिक, अब सांसदों की शपथ के बाद कोई भी नारा लगाने की अनुमति नहीं होगी। बिरला ने ‘अध्यक्ष के निर्देशों’ में ‘निर्देश-1’ में एक नया खंड जोड़ा है। निर्देश-1 के नए खंड-तीन के मुताबिक, अब सदस्य सिर्फ शपथ लेंगे और शपथ पत्र पर हस्ताक्षर करेंगे। इस दौरान वे किसी भी अन्य शब्द या किसी मुद्दे पर कोई टिप्पणी नहीं कर सकेंगे।
पूरी खबर पढ़ें…

9. ब्रिटेन में आम चुनाव के लिए वोटिंग आज, शाही परिवार को मतदान का अधिकार नहीं
ब्रिटेन में आज आम चुनाव के लिए वोटिंग सुबह 7 बजे (भारतीय समयानुसार सुबह 11:30 बजे) शुरू होगी, जो रात 10 बजे (भारत में रात 2:30 बजे) खत्म होगी। कंजर्वेटिव पार्टी से भारतीय मूल के ऋषि सुनक और लेबर पार्टी से कीर स्टार्मर प्रधानमंत्री पद के लिए आमने-सामने हैं। आज 5 करोड़ वोटर्स को अपने सांसदों का चुनाव करना है। ब्रिटेन के राजा और शाही परिवार के सदस्यों को वोटिंग का अधिकारी नहीं है, जिससे वे निष्पक्ष बने रहें। ब्रिटेन में बैलट पेपर के जरिए मतदान होता है।
पूरी खबर पढ़ें…

10. कजाकिस्तान में मिले रूस-चीन के राष्ट्रपति, पुतिन बोले- दोनों देशों में ऐसी दोस्ती कभी नहीं रही
मध्य एशियाई देश कजाकिस्तान की राजधानी अस्ताना में बुधवार से SCO समिट की शुरुआत हो गई। इस बैठक से अलग रूसी राष्ट्रपति पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की मुलाकात हुई। पिछले 2 महीने में यह दूसरी बार है जब दोनों नेता मिले हैं। रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने जिनपिंग से मुलाकात के दौरान कहा कि बीजिंग और मॉस्को के बीच इतने बेहतर संबंध कभी नहीं रहे। रूस-यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद दोनों की यह पांचवीं मुलाकात है।
पूरी खबर पढ़ें…

.



Source link

About the Author

-

Leave a comment

XHTML: You can use these html tags: <a href="" title=""> <abbr title=""> <acronym title=""> <b> <blockquote cite=""> <cite> <code> <del datetime=""> <em> <i> <q cite=""> <s> <strike> <strong>