Himachal Assembly Byelection: In The Seven Days Left For The Byelection Campaign, Congress And Bjp Put In Thei – Amar Ujala Hindi News Live
हिमाचल प्रदेश विधानसभा उपचुनाव
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में विधानसभा उपचुनाव के लिए काउंटडाउन शुरू हो गया है। प्रचार के लिए केवल सात दिन बचे हैं। देहरा, हमीरपुर और नालागढ़ में होने जा रहे उपचुनाव के लिए 10 जुलाई को मतदान है। ऐसे में प्रचार 8 जुलाई को शाम पांच बजे थम जाएगा। इन उपचुनावों के लिए कांग्रेस और भाजपा दोनों ही राजनीतिक दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक ली है। दोनों ही पार्टियों के बड़े राष्ट्रीय नेताओं का प्रचार रैलियाें में आने का फिलहाल कोई कार्यक्रम नहीं है।
प्रादेशिक नेताओं ने ही प्रचार का मोर्चा संभाला है। कांग्रेस की बात करें तो पार्टी प्रभारी राजीव शुक्ला शनिवार और रविवार को हिमाचल प्रदेश में उपचुनाव वाले क्षेत्रों का दौरा कर चुके हैं। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू बेशक देहरा को ज्यादा समय दे रहे हों, मगर वह हमीरपुर और नालागढ़ में प्रचार के लिए भी वक्त निकाल रहे हैं। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री का नालागढ़ हलके पर विशेष ध्यान है, पर वह भी देहरा और हमीरपुर में प्रचार कर चुके हैं। कांग्रेस इध्यक्ष प्रतिभा सिंह भी बीच-बीच में तीनों हलकों में प्रचार के लिए जा रही हैं।
मंत्रियों और विधायकों की ड्यूटी प्रचार में पंचायत स्तर तक लग रही है। वे डोर-टू-डोर प्रचार शुरू कर चुके हैं। वहीं भाजपा नेताओं में प्रचार की बागडोर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने संभाली है। चार जुलाई से यह तीनों ही नेता डोर-टू-डोर प्रचार में जुट जाएंगे। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर नालागढ़, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल देहरा और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर हमीरपुर में मोर्चा संभालेंगे। दोनों ही दलों के इन दिग्गजों की तीनों विधानसभा हलकाें के उपचुनाव से प्रतिष्ठा जुड़ी है तो दिन-रात एक कर रहे हैं।