फतेहाबाद में तीसरे दिन रोडवेज का चक्का जाम: सिरसा-हिसार से भी नहीं चली बसें; पुलिस को आज रात 12 बजे तक का अल्टीमेटम – Fatehabad (Haryana) News

फतेहाबाद में चक्का जाम के चलते पुराने बस स्टैंड पर खड़ी रोडवेज की बसें।
फतेहाबाद में रोडवेज का चक्का जाम लगातार तीसरे दिन गुरुवार को भी जारी रहा। आज हिसार व सिरसा डिपो में भी चक्का जाम कर दिया गया है। इससे यात्रियों की मुश्किलें और बढ़ गई है। पहले चंडीगढ़-दिल्ली की बसें पकड़ने के लिए फतेहाबाद के यात्री सिरसा या हिसार ही पहु
.
गौरतलब है कि हरिद्वार-फतेहाबाद रूट पर चलने वाले कंडक्टर से मारपीट के विरोध में रोडवेज कर्मचारियों ने फतेहाबाद में मंगलवार से चक्का जाम किया हुआ है। रोडवेज के सांझा मोर्चा ने पुलिस प्रशासन को आज गुरुवार रात 12 बजे तक का अल्टीमेटम दिया है। अगर तब तक कंडक्टर से मारपीट के आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो उसके बाद पूरे प्रदेश में रोडवेज का चक्का जाम कर दिया जाएगा। यानी शुक्रवार से पूरे हरियाणा में रोडवेज की बसें रूटों पर नहीं चलेंगी।
यह था पूरा मामला
दरअसल, सोमवार शाम को हरिद्वार से फतेहाबाद आ रही रोडवेज बस के कंडक्टर के साथ अग्रोहा मोड़ में जमकर मारपीट की गई। बस में हिसार से तीन युवक-युवती सवार हुए। युवक ने तीनों की टिकट नहीं ली और झगड़ा किया। इसके बाद कंडक्टर ने उन्हें नीचे उतार दिया।
इसी से नाराज होकर युवती ने अग्रोहा में 8-10 युवक बुला लिए। जैसे ही बस अग्रोहा बस स्टॉप पर पहुंची तो वहां बस को रोककर कंडक्टर के साथ मारपीट की गई। कंडक्टर कृष्ण कंडू को बुरी तरह पीटा गया। उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया।
प्राइवेट बसों का ही सहारा
सिरसा, फतेहाबाद से हिसार तक जाने के लिए यात्रियों के पास 110 प्राइवेट बसों का सहारा रहेगा। साथ ही पंजाब रोडवेज की कुछ बसें भी चलेंगी। हालांकि, प्राइवेट बसों में भीड़ अधिक रहने की संभावना रहेगी।
ग्रामीण रूट हो रहे सबसे अधिक प्रभावित
रोडवेज बसों का चक्का जाम होने के कारण सबसे अधिक ग्रामीण रूट प्रभावित हो रहे हैं। फतेहाबाद से भट्टू, चौपटा, आदमपुर और आसपास के गांवों में जाने के लिए यात्रियों के पास निजी वाहनों के अलावा कोई साधन नहीं है।

गुरुवार रात 12 बजे तक के अल्टीमेटम के बारे में बताते रोडवेज नेता जगदीप लाठर।
इन विकल्पों को अपनाएं यात्री….
1. दिल्ली-चंडीगढ़ जाने के लिए यात्री निजी वाहनों या प्राइवेट बसों का सहारा लेकर हिसार बस स्टैंड तक पहुंचें। यहां से जींद, रोहतक, दिल्ली की प्राइवेट बसें ली जा सकती हैं।
2. यात्री दिल्ली तक रेल मार्ग से भी जा सकते हैं। इसके लिए 20 किलोमीटर दूर स्थित भट्टू रेलवे स्टेशन पहुंचना होगा। गोरखधाम एक्सप्रेस दोपहर बाद 3.53 बजे भट्टू स्टेशन से दिल्ली जाएगी।