4 accused arrested for murder in Velniya village of Jhadol, Udaipur | उदयपुर में जमीनी विवाद में हत्या, 4 गिरफ्तार: लाठियों, तलवारों और पत्थरों से हमला किया था; 3 घायलों में 1 ने दम तोड़ दिया था – Udaipur News

झाड़ोल के वेलनिया गांव में 21 मई को हुए हमले के मामले में गिरफ्तार चारों आरोपी
उदयपुर जिले के झाड़ोल थानांतर्गत वेलनिया गांव में जमीन विवाद को लेकर हुए जानलेवा हमले में एक व्यक्ति की मौत के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
.
उदयपुर एसपी योगेश गोयल ने बताया कि झाड़ोल थाना क्षेत्र के वेलनिया गांव में यह घटना 21 मई 2025 की रात को हुई थी। पुलिस ने हत्या के आरोपी गणपत सिंह पुत्र कुबेर सिंह, गजेंद्र सिंह पुत्र मनोहर सिंह, तेजेंद्र सिंह पुत्र मनोहर सिंह एवं मनोहर सिंह पुत्र कुबेर सिंह निवासी वेलनिया, झाडोल को गिरफ्तार किया है।
लाठियों-तलवारों से किया था हमला
वेलनिया गांव निवासी गोपाल सिंह ने 21 मई, 2025 को पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि रात करीब 8 बजे गणपत सिंह और अन्य ने उनके परिवार पर लाठियों, पत्थरों और तलवार से हमला कर दिया। इस हमले में उनके पिता धन सिंह, भाई नाहर सिंह और खुद गोपाल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
इस रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया और फलासिया थानाधिकारी ने जांच शुरू की। घटना में घायल धन सिंह की इलाज के दौरान उदयपुर के एमबीजीएच अस्पताल में मृत्यु हो गई, जिसके बाद मामले में हत्या की धारा भी जोड़ दी गई।
4 आरोपियों की गिरफ्तारी
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी गोयल ने आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। इसके बाद, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (खेरवाडा) अंजना सुखवाल और वृताधिकारी (झाड़ोल) नेत्रपाल सिंह के पर्यवेक्षण में एक टीम का गठन किया गया।
फलासिया थानाधिकारी सीताराम के नेतृत्व में टीम ने आसूचना संकलन और तकनीकी सहायता का उपयोग करते हुए गहन जांच की। इस जांच के परिणामस्वरूप वेलनिया गांव के गणपत सिंह, मनोहर सिंह, तेज सिंह और गजे सिंह को पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।
विवाद का कारण जमीन एसपी ने बताया कि पुलिस अनुसंधान से यह सामने आया है कि मृतक धन सिंह को उनकी काकी ने गोद लिया हुआ था और उन्हें लगभग ढाई बीघा जमीन खेती करने के लिए दे रखी थी। हालांकि, इस जमीन का इन्द्राज (पंजीकरण) धन सिंह के नाम पर नहीं हुआ था। इसी स्थिति का फायदा उठाते हुए आरोपी गणपत सिंह ने उस संयुक्त स्वामित्व वाली जमीन के कुछ हिस्से को अन्य खातेदारों (सह-मालिकों) से खरीदकर अपने नाम करवा लिया। इसके बाद गणपतसिंह ने उस खेत की जुताई भी कर दी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच तीखा झगड़ा हुआ, जिसके परिणामस्वरूप धन सिंह की मृत्यु हो गई। मामले में अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका के संबंध में आगे की जांच जारी है।
टीम में फलासिया एसएचओ सीताराम, कॉन्स्टेबल विक्रम सिंह एवं थाना झाडोल से एएसआई दिनेश कुमार, जगदीश कुमार, कॉन्स्टेबल बालकृष्ण एवं महिला कॉन्स्टेबल दुर्गा कुमारी शामिल थी।
इनपुट : दुष्यंत पूर्बिया, ओगणा