जिओ टैग के नाम पर 1000 से 5000 तक राशि वसूली का मुद्दा उठाया गया – Samastipur News

.
प्रखंड मुख्यालय स्थित मनरेगा भवन सभागार में शुक्रवार को नवगठित बीस सूत्री कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की पहली बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता बीस सूत्री अध्यक्ष संतोष कुमार बबली ने किया। संचालन बीडीओ आलोक कुमार सिंह ने किया। बैठक में प्रखंड प्रमुख डॉक्टर गोविंद कुमार शामिल हुए। बैठक में अध्यक्ष सहित कुल 17 सदस्यों में से 11 सदस्य उपस्थित हुए। बैठक में बीस सूत्री सदस्य मोहम्मद अवैश करनी ने कहा रहटौली पंचायत के मध्य विद्यालय को हाईस्कूल बनाया गया है, जिसे जमीन उपलब्ध कराकर भवन बनाया जाए। रहटौली पंचायत के उप स्वास्थ्य केंद्र में कर्मी नहीं बैठने का मुद्दा उठाया। उन्होंने हथौड़ी से रोसड़ा सड़क पर चार जगह बेरियर वसूली का मुद्दा उठाया। बीस सूत्री सदस्य अशोक कुमार सिंह ने खराब पड़े नलजल का मुद्दा उठाया। उन्होंने दसौत पंचायत में वार्ड 7 में सड़क पर वर्षों से जलजमाव होने से लोगों की परेशानी का मुद्दा उठाया। सदस्य अनिल कुमार सिंह ने बैठक में मनरेगा योजना से निर्मित खेत पोखर की सूची की मांग मनरेगा पीओ से की। उन्होंने सीडीपीओ से प्रखंड के कितने आंगनवाड़ी केन्द्र टैग और कितना सिंगल चल रहा है। उसकी सूची मांगी। बैठक में सदस्य सरोज कुमार ने कहा 10 वर्ष बाद बीस सुत्री की बैठक हुई है। उन्होंने कहा पंचायत समिति की चार साल से बैठक हो रही है, लेकिन बैठक में अनुपस्थित अधिकारियों एवं मुद्दों पर क्या कार्रवाई हुई उसकी जानकारी सदस्यों को आज तक नहीं मिला है। सदस्य ललित कुमार झा ने बैठक में कहा बिजली विभाग के जेई बार-बार फोन करने पर भी फोन रिसीव नहीं करते हैं, उन्होंने कहा जिओ टैग के नाम पर आवास सहायक के द्वारा 1000 से 5000 तक राशि वसूल की जाती है। बैठक में 20 सूत्री अध्यक्ष संतोष कुमार बबली ने कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शिवाजीनगर में जन्म प्रमाण पत्र के नाम पर वसूली किया जाता है।