बिहार में जानलेवा हुई गर्मी, रविवार को हीटवेव की चपेट में आए 10 लोगों की मौत; आज 9 जिलों में रेड अलर्ट
ऐप पर पढ़ें
बिहार में गर्मी जानलेवा रुख अख्तियार कर रही है। दिन में शरीर जलादेने वाली लू व रात में भीषण गर्मी से लोगों का जीना मुहाल हो गया है। दोपहर में सड़कों पर पूरी तरह सन्नाटा पसर जा रहा है। रविवार को भी सूबे के विभिन्न जिलों में लू लगने से कुल दस लोगों की मौत हो गयी। मौसम विभाग की ओर से आज सोमवार को राज्य के 9 जिलों में गर्मी और लू का 72 घंटे का रेड अलर्ट जारी किया गया है।छपरा में चार, मोहनियां में तीन व आरा में दो व पटना सिटी में लोगों की लू से मौत की आशंका जतायी जा रही है। वहीं कई लोगों के बीमार होने की सूचना है। पटनासिटी के दीदारगंज थाना क्षेत्र के टॉल प्लाजा के पास एक ट्रक चालक की लू से मौत की आशंका जतायी जतायी जा रही है। मृतक की पहचान यूपी के प्रतापगढ़ निवासी श्यामलाल के रूप में की गयी है।
कैमूर जिले के मोहनियां में भीषण लू की चपेट में आने से रविवार को तीन लोगों की जान चली गई जबकि तीन लोग गंभीर रूप से बीमार होकर अस्पताल में इलाज करा रहे हैं। मरने वालों में एक महिला, एक रिटायर फौजी और एक अधेड़ शामिल हैं। मृतकों की पहचान रोहतास जिले के कोचस थाना क्षेत्र के आदिलापुर गांव निवासी 65 वर्षीय रिटायर ़फौजी प्रमोद तिवारी, थाना क्षेत्र के अहीनौरा गांव के सुदर्शन चंद्रवंशी की पत्नी चिंता देवी और शहर के वार्ड नंबर छह निवासी नंद कुमार चौरसिया के रूप में की गई।
Bihar Weather: पटना समेत तीन जिलों में आज भी लू चलेगी, नौ जिलों में भीषण गर्मी का रेड अलर्ट जारी
सारण के परसा के शोभे परसा-मथुरा सीमा सीमावर्ती क्षेत्र स्थित धर्म बागी गाछी में पेड़ की छांव में एक 70 वर्षीय वृद्ध का शव लोगों ने देखा। वहीं भगवान बाजार थाना क्षेत्र के डॉ पी एन सिंह कॉलेज के समीप सड़क किनारे एक युवक का शव मिला है। मृतक की पहचान थाना क्षेत्र के अजय गंज मोहल्ले के 22 वर्षीय अवधेश के रूप में हुई है। वहीं गड़खा के पंचभिड़िया के पास एक अधेड़ की मौत हो गयी। शव की पहचान नहीं हो सकी है। तीनों की लू लगने से मौत की आशंका जतायी जा रही है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र में चनचौरा के समीप एक अज्ञात व्यक्ति का शव पुलिस ने बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक मौत का कारण लू लगना हो सकता है। आरा में सदर अस्पताल परिसर के न्यू इमरजेंसी वार्ड में एक महिला की लू लगने से मौत हो गई। उसकी पहचान नहीं हो सकी है।