उत्तरकाशी-गंगोत्री हाईवे पर बस 60 फीट नीचे गिरी: रेलिंग तोड़ते हुए खाई में पेड़ से लटकी बस, 3 महिला श्रद्धालुओं की मौत, 26 घायल – Dehradun News
उत्तरकाशी में गंगोत्री हाईवे पर गंगनानी के पास हादसा हुआ।
उत्तरकाशी में गंगोत्री हाईवे पर मंगलवार देर रात रेलिंग तोड़ते हुए बस 60 फीट नीचे खाई में गिर गई। खाई में बस पेड़ से लटक गई। हादसे में 3 महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई। जबकि 26 घायल हो गए। बस में 29 श्रद्धालु सवार थे।
.
मृतक महिलाएं हल्द्वानी, ऊधमसिंह नगर और नैनीताल की रहने वाली थीं। घायलों में यूपी के बरेली के 5, बुलंदशहर और मेरठ के 1-1 श्रद्धालु हैं। बाकी सभी घायल उत्तराखंड के ही हैं। स्थानीय पुलिस, SDRF, एम्बुलेंस, आपदा प्रबंधन और वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू कर बस में फंसे लोगों को निकाला। उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया। जहां के कई गंभीर घायलों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
हादसे की सूचना पर एंबुलेंस, पुलिस, SDRF, आपदा प्रबंधन और वन विभाग की टीम पहुंची।
17 गंभीर घायलों को ऋषिकेश एम्स में भर्ती कराया
हादसे में उत्तराखंड के हल्द्वानी की रहने वाली दीपा (55) की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दो गंभीर महिलाओं को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। इनमें एक महिला नीमा कैड़ा (57) रुद्रपुर की रहने वाली थी, जबकि मीना रैकवाल हल्द्वानी की रहने वाली थी। बुधवार तड़के गंभीर घायल 17 लोगों को ऋषिकेश एम्स रेफर कर दिया है। जबकि 9 घायलों का इलाज उत्तरकाशी के जिला अस्पताल में चल रहा।
खाई में जाकर बस एक पेड़ से लटक गई। इस वजह से बड़ा हादसा बच गया।
SP बोले- श्रद्धालु गंगोत्री धाम से दर्शन कर उत्तरकाशी जा रहे थे
SP उत्तरकाशी अर्पण यदुवंशी ने बताया- सभी लोगों का रेस्क्यू कर लिया गया है। इनमें तीन महिलाओं की मौत हुई है। जबकि 26 तीर्थ यात्रियों को इलाज के लिए एम्स और जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह सभी तीर्थ यात्री गंगोत्री धाम से दर्शन कर उत्तरकाशी की ओर आ रहे थे। तभी अचानक बस बेकाबू होकर खाई में जा गिरी। वहीं, डीएम मेहरबान सिंह बिष्ट ने रात को ही अस्पताल पहुंचकर सभी तीर्थ यात्रा का हाल-चाल जाना।
घायलों को SDRF ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
CM धामी ने तत्काल अस्पतालों में अलर्ट किया
रात में जैसे हादसा हुआ, CM पुष्कर सिंह धामी ने संज्ञान लिया। जिला अस्पताल समेत हायर सेंटर को अलर्ट रहने और जरूरत पड़ने पर एयरलिफ्ट करने के लिए जिला प्रशासन को आदेश दिया। धामी ने सोशल मीडिया X पर रात 10:16 बजे लिखा- गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी के पास बस दुर्घटना का दु:खद समाचार प्राप्त हुआ।
घटनास्थल पर स्थानीय प्रशासन और SDRF की टीमें बचाव कार्य में जुटी हैं। जिला प्रशासन को तेजी के साथ राहत और बचाव अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही बाबा केदार से सभी के सकुशल होने की कामना करता हूं।
रेस्क्यू टीम ने बस में फंसे लोगों को बाहर निकालकर हॉस्पिटल पहुंचाया।
हादसे में ये 26 श्रद्धालु घायल
नाम | पता | उम्र |
संजय रस्तोगी | बरेली | 57 |
संध्या रस्तोगी | बरेली | 44 |
रेखा रस्तोगी | बरेली | 50 |
नवीन | बरेली | 54 |
विनोद रस्तोगी | बरेली | 55 |
विजय कुमार | बुलंदशहर | 25 |
अनुज | मेरठ | 27 |
महेशचंद्र | रुद्रपुर | 65 |
दीपा | रुद्रपुर | 55 |
भूपेंद्र सिंह रावत | रुद्रपुर | 42 |
प्रज्ञा रावत | रुद्रपुर | 08 |
कल्पना रावत | रुद्रपुर | 42 |
पदमा भाकुनी | रुद्रपुर | 70 |
अंकिता बिष्ट | रुद्रपुर | 14 |
लता बिष्ट | रुद्रपुर | 38 |
पूर्णचंद कैडा | रुद्रपुर | 65 |
गोर मिस्त्री | रुद्रपुर | 60 |
बसंती देवी | रुद्रपुर | 74 |
लीलाधर पांडे | हल्द्वानी | 56 |
ऊषा जोशी | हल्द्वानी | 50 |
महेंद्र सिंह | हल्द्वानी | 65 |
खष्टी कैडा | हल्द्वानी | 69 |
गीता तिवारी | हल्द्वानी | 53 |
रमेशचंद्र तिवारी | हल्द्वानी | 62 |
ध्यानसिंह | अल्मोड़ा | 69 |
मोहनचंद पांडे | लालकुआं | 52 |