इंडिया गठबंधन की जीत हुई दोगुनी, बिहार के हर जिले में मनेगा लालू का 77 वां जन्मदिन, जानिए लालू के खास किस्से

ऐप पर पढ़ें
इंडिया गठबंधन के साथ राजद ने इस लोकसभा चुनाव में बिहार से 9 सीटें अपने नाम की हैं। इस जीत की खुशी में एक और खुशी जुड़ गई है। राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद का कल यानी 11 जून को 77वां जन्मदिन है। उत्साहित कार्यकर्ताओं ने लालू के जन्मदिन को बिहार के सभी जिलों में मनाए जाने की खुशी प्रकट की है। आइए जानते हैं, दो बार खुद सीएम और तीन बार अपनी पत्नी को सीएम बनाने वाले लालू से जुड़े खास किस्से।
बिहार के सभी जिले में मनेगा जन्मदिन
इंडिया गठबंधन की जीत के बाद कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। इसी के साथ कार्यकर्ताओं ने लालू के जन्मदिन को राज्य के सभी जिलों में मनाने की बात कही है। जिला-प्रखंड स्तर पर जन्मदिन को और बड़े स्तर पर मनाने की बात कही है।
बेबाक ठेठ अंदाज
लालू की लोकप्रियता देश-विदेश तक रही है। अक्सर वो अपने विरोधियों को अपने खासे देशी अंदाज में जबाव देते हुए देखे जाते हैं। लालू का जन्म बिहार के गोपालगंज के फुलवरिया गांव में हुआ था। लालू का बचपन अभावों के कारण संघर्षों में बीता है। यही संघर्ष और जमीनी जुड़ाव उनके बोल-चाल में झलकता है।
अभावों में बीता संघर्ष भरा बचपन
लालू के पिता का नाम कुंदन राय और माता का नाम मरछिया देवी था। उनका बचपन संघर्षों भरा रहा है। उन्होंने अपनी आत्मकथा ‘गोपालगंज टू रायसीना’ में अपनी गरीबी का जिक्र किया है। इस किताब में जिक्र है कि उन्हें खाने के लिए खाना और पहनने के लिए कपड़े नहीं होते थे। वे गांव में भैंस और अन्य जानवरों को चराते रहते थे।
शरारतों के चलते भेजे गए पटना पढ़ने
लालू यादव बचपन से बेहद शरारती थे। उनकी इसी शरारतों के कारण उन्हें पटना पढ़ने के लिए भेजा गया था। पटना विश्वविद्यालय से उन्होंने पहले एलएलबी और फिर राजनीतिक विज्ञान से मास्टर की डिग्री ली। पढ़ाई-लिखाई खत्म करने के बाद उन्होंने क्लर्क का काम भी किया है।
छात्र जीवन से शुरू हुआ राजनीतिक करियर
पटना यूनिवर्सिटी स्टूडेंट्स यूनियन के महासचिव बनकर उन्होंने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की थी। फिर जेपी आंदोलन से जुड़े और जेल गए। कहा जाता है कि यहीं से लालू ने अपनी राजनीतिक उड़ान भरी। साल 1977 में जनता पार्टी से चुनाव लड़ा और सबसे कम उम्र में सासंद बन गए।
लालू के नेतृत्व में रेलवे ने खूब मुनाफा कमाया
जब लालू ने रेल मंत्रालय संभाला तो इनके प्रबंधन की तारीफ चौतरफा हुई थी। उनके कार्यकाल में रेलवे ने काफी लाभ भी कमाया था। सबसे आश्चर्य की बात यह थी कि ये लाभ बिना किसी यात्री किराये या माल भाड़ा को बढ़ाए हुआ था।
घोटाले के आरोप
लालू के जीवन के कुछ पन्नों में कालिख लगी हुई है जिसके दाग वो चाहकर भी कभी नहीं साफ कर सकते हैं। राजद सुप्रीमों पर चारा घोटाले का आरोप लगा। इस कारण उन्हें साल 1997 में सीएम पद से इस्तीफा देना पड़ा। हालांकि इसी के बाद से राबड़ी देवी प्रदेश की मुख्यमंत्री में शामिल हुईं।