मोदी सरकार में 6 मंत्री उत्तर बिहार से, पूर्व और मगध को मिला एक-एक मिनिस्टर, संतुलन साधने का प्रयास
![](https://net4newsonline.in/wp-content/uploads/2024/05/ad6-min.jpg)
ऐप पर पढ़ें
मोदी कैबिनेट में बिहार से आठ मंत्री बनाए गए हैं। मंत्री बनाने में एनडीए ने क्षेत्रीय संतुलन का भी पूरा ख्याल रखा है। पिछले दो कार्यकाल की तरह इस बार भी उत्तर बिहार को तवज्जो दी गई है। मंत्री बनने वालों में उत्तर बिहार से छह मंत्री बनाये गये हैं। बाकी एक पूर्वी बिहार तो एक मगध क्षेत्र से हैं।
जानिए नए बने मंत्रियों की लोकेशन
उत्तर बिहार से जिन छह लोगों को मंत्री बनाया गया है, उसमें बेगूसराय के सांसद गिरिराज सिंह, उजियारपुर के सांसद नित्यानंद राय, हाजीपुर के सांसद चिराग पासवान, मुजफ्फरपुर के सांसद डॉ. राजभूषण चौधरी हैं। राज्यसभा सांसद सतीश चंद्र दूबे का गृह जिला चम्पारण तो रामनाथ ठाकुर समस्तीपुर के निवासी हैं। वहीं पूर्वी बिहार से राजीव रंजन सिंह मुंगेर के सांसद हैं, जबकि दक्षिण बिहार से इकलौते गया के सांसद जीतन राम मांझी मंत्री बने हैं।
गौर हो कि उत्तर बिहार की जनता ने लोकसभा चुनाव में एनडीए प्रत्याशियों को अपना भरपूर समर्थन दिया है। सीमांचल और कोसी की तीन सीटों किशनगंज, कटिहार और पूर्णिया (दो पर कांग्रेस, एक पर निर्दलीय) को छोड़ गंगा उस पार की सभी सीटों पर एनडीए प्रत्याशियों को जीत मिली है। इसका सीधा सा असर बिहार से मंत्रियों के चयन में दिख रहा है।
पिछली मोदी सरकारों में भी उत्तर बिहार को तवज्जो मिला था
इसके पहले भी मोदी कैबिनेट में उत्तर बिहार को प्रमुखता मिली थी। 2014 में चम्पारण से राधामोहन सिंह, हाजीपुर से रामविलास पासवान और छपरा के सांसद राजीव प्रताप रूडी को मंत्री बनाया गया था। इसके अलावा पटना से रविशंकर प्रसाद, बक्सर से अश्विनी कुमार चौबे, पाटलिपुत्र के सांसद रामकृपाल यादव को मंत्री बनाया गया था।
वहीं 2019 में छह को मंत्री बनाया गया था। इसमें उत्तर बिहार के बेगूसराय से गिरिराज सिंह, उजियारपुर के सांसद नित्यानंद राय, हाजीपुर के सांसद रामविलास पासवान मंत्री बने थे। वहीं आरा के सांसद आरके सिंह, पटना साहिब के सांसद रविशंकर प्रसाद, बक्सर के सांसद अश्विनी कुमार चौबे भी मंत्री बने थे।
गिरिराज तीसरी तो नित्यानंद लगातार दूसरी बार मंत्री बने
मोदी सरकार-दो में बिहार से पांच मंत्री थे। इसमें गिरिराज सिंह और नित्यानंद राय को फिर से मंत्री बनाया गया है। गिरिराज सिंह इकलौते ऐसे मंत्री हैं जो मोदी सरकार के तीनों कार्यकाल में शामिल रहे हैं। जबकि नित्यानंद राय लगातार दूसरी बार मंत्री बने। पिछली बार के पांच मंत्रियों में आरके सिंह इस बार आरा से चुनाव हार गए। वे मोदी सरकार के दो कार्यकाल में मंत्री थे। जबकि रालोजपा प्रमुख पशुपति कुमार पारस और अश्विनी कुमार चौबे इस बार चुनाव नहीं लड़े। इस कारण ये तीनों चेहरे इस बार मोदी मंत्रिमंडल में नहीं दिखेंगे।
छह लोकसभा तो दो राज्यसभा के सांसद
बिहार से भाजपा, जदयू, लोजपा (रामविलास) और हम (से.) के जिन 8 नेताओं को भारत सरकार का मंत्री बनाया गया है उनमें 6 लोकसभा तो 2 ऊपर सदन के सदस्य हैं। भाजपा नेता सतीश चन्द्र दूबे तथा जदयू नेता रामनाथ ठाकुर राज्यसभा के सदस्य हैं। वहीं नित्यानंद राय, गिरिराज सिंह, राजभूषण चौधरी, ललन सिंह, चिराग पासवान और जीतन राम मांझी लोकसभा क्षेत्रों से निर्वाचित हुए हैं।