Bihar News : डेढ़ लाख रुपये में आठ महीने का बच्चा बिका! किसने किया रिश्ते को बदनाम, कैसे खुला यह राज?
![](https://net4newsonline.in/wp-content/uploads/2024/05/ad6-min.jpg)
![Bihar News : डेढ़ लाख रुपये में आठ महीने का बच्चा बिका! किसने किया रिश्ते को बदनाम, कैसे खुला यह राज? Bihar News : Mother sold child in lakhisarai bihar sexual exploitation human trafficking bihar police](https://staticimg.amarujala.com/assets/images/2024/12/08/bihar-news-mother-sold-child-in-lakhisarai-bihar-sexual-exploitation-human-trafficking-bihar-polic_2e135f3a91568480ec20b14846fdd9d0.jpeg?w=414&dpr=1.0&q=50)
इसी बच्चे को मां ने बेच दिया था।
– फोटो : अमर उजाला डिजिटल
विस्तार
एक मां ने अपने ही कलेजे के टुकड़े को महज डेढ़ लाख बेच दिया है। जब बच्चे की मां और बिचौलिया के बीच पैसे को लेकर विवाद हो गया तब मामला खुला। इसके बाद पुलिस ने बच्चा खरीदने वाली महिला को गिरफ्तार कर लिया। जिसके बाद महिला ने जो खुलासा किया उसे सुनकर हर कोई दंग रह गया। हालांकि पुलिस ने बच्चा को राजगीर से सकुशल बरामद कर लिया है। मामला लखीसराय जिला के सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र का है।
डेढ़ लाख में बेच दिया अपने ही आठ माह के बच्चे को
घटना के संबंध में सूर्यगढ़ा थानाध्यक्ष भगवान राम ने बताया कि शेखपुरा जिले के अरियरी थाना क्षेत्र अंतर्गत कैमरा गांव निवासी राजेश सिंह की पत्नी नेहा देवी ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में उसने आनंदपुर निवासी शिवनाथ यादव पर यौन शोषण करने और बच्चे को गायब करने का गंभीर आरोप लगाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने नेहा देवी के पति राजेश सिंह के बयान पर शिवनाथ यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली। मामला दर्ज होते ही पुलिस हरकत में आई और आरोपी शिवनाथ यादव को गिरफ्तार कर लिया। फिर उसके निशानदेही पर पुलिस ने लखीसराय निवासी बबीता देवी को गिरफ्तार कर लिया है। इसके बाद पुलिस ने राजगीर में छापेमारी कर बच्चे को भी सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ के दौरान बबीता देवी ने पुलिस को बताया कि बच्चे को खरीदने के बाद वह उसे अपने पास रखे हुए थी और रोजाना नेहा देवी से संपर्क कर स्थिति की जानकारी लेती थी। लेकिन पिछले एक सप्ताह से नेहा का फोन बंद आ रहा था।
ऐसे खुला मामला
सब कुछ ठीक-ठाक चल रहा था। लेकिन इसी दौरान मामले ने नया मोड़ ले लिया। बच्चे की मां नेहा देवी और बिचौलिया शिवनाथ यादव के बीच पैसे को लेकर विवाद हो गया। जब नेहा को पूरा रुपया नहीं मिला तब उसने शिवनाथ यादव पर यौन शोषण करने और बच्चे को गायब करने का गंभीर आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करा दिया। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्चे की मां और बबिता देवी के साथ आरोपी शिवनाथ यादव को गिरफ्तार कर लिया। जब तीनों से अलग -अलग पूछताछ होने लगी तब मामला खुल कर सबके सामने आ गया। मां नेहा देवी ने बच्चे को बेचने की बाटी पुलिस के सामने कबूल की। अब पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।