Rajasthan Weather Update Himalayan Storm Approaching Changes Expected In Early December – Amar Ujala Hindi News Live
राजस्थान में कड़ाके की ठंड
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
राजस्थान में फिलहाल मौसम सामान्य बना हुआ है। लेकिन दिसंबर के पहले सप्ताह से यहां अचानक मौसम बदलने की संभावना है। हिमालय पर एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होता नजर आ रहा है। यह एक तरह का तूफान है जिसके असर से बर्फबारी और बारिश होती है। मौसम विभाग के अनुसार 29 नवंबर को नया पश्चिमी विक्षोभ हिमालय पर सक्रिय होगा। इसके असर से बर्फीली हवाएं चलनी शुरू होगी। राजस्थान में इसका असर दिसंबर के पहले सप्ताह तक देखने को मिल सकता है। विक्षोभ के असर से प्रदेश में तापमान में अचानक तेज गिरावट आ सकती है। इसके साथ ही कोहरे का प्रभाव भी बढ़ेगा।
बीते 24 घंटों में बदलाव नहीं
बीते 24 घंटों की बात करें तो राजस्थान में न्यूनतम पारे में कोई विशेष बदलाव देखने को नहीं मिला है। हालांकि बीते 24 घंटों में राज्य में मौसम शुष्क रहा। बाड़मेर सबसे गर्म इलाका रहा। वहीं फतेहपुर सबसे ठंडा इलाका रहा। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक प्रदेश में तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है।
हिल स्टेशन माउंट आबू में माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री पर ही बना हुआ है। जबकि इसी सप्ताह की शुरुआत में पारा 5 डिग्री से भी नीचे चला गया था। बाड़मेर सर्वाधिक गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश के अन्य शहरों के तापमान की बात करें तो सिरोही में अधिकतम तापमान 25.3 व न्यूनतम तापमान 9.3 डिग्री, फतेहपुर में अधिकतम तापमान 28.1 व न्यूनतम तापमान 8.2, सीकर में अधिकतम तापमान 26 व न्यूनतम 8.5 डिग्री दर्ज किया गया है।