Published On: Sat, May 9th, 2026

इंडोनेशिया बना क्रिकेट का नया हब:वर्ल्ड रिकॉर्ड के साथ ओलिंपिक की तैयारी, बाली में बन रहा इंटरनेशनल स्टेडियम

Share This
Tags




बैडमिंटन के लिए मशहूर इंडोनेशिया क्रिकेट की दुनिया में भी अपनी पहचान बनाने में जुटा है। वही इंडोनेशिया, जिसने ओलिंपिक में बैडमिंटन के जरिए आठ गोल्ड जीते और दुनिया को कई बड़े खिलाड़ी दिए, अब क्रिकेट में रिकॉर्ड पर रिकॉर्ड बना रहा है। यह मानना मुश्किल लगता है कि भारत-ऑस्ट्रेलिया जैसे बड़े देशों से ज्यादा टी20 कोई और देश खेल सकता है, लेकिन 2025 में इंडोनेशिया ने ऐसा कर दिखाया। उसकी पुरुष टीम ने एक साल में 45 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले, जो किसी टीम द्वारा एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा हैं। इंडोनेशिया ने कंबोडिया के खिलाफ नौ मैचों की सीरीज 8-0 से जीती। पिछले चार वर्षों में क्रिकेट ने वहां तेजी से जगह बनाई है। 17 हजार से ज्यादा द्वीपों और करीब 28 करोड़ आबादी वाले इस देश में अब ढाई लाख से ज्यादा लोग क्रिकेट खेल रहे हैं। इंडोनेशिया क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष अभिराम एस यादव कहते हैं ‘क्रिकेट अब राष्ट्रीय खेल महोत्सव का हिस्सा है और ओलिंपिक में क्रिकेट की वापसी ने खेल को नई ताकत दी है। सरकार भी अब क्रिकेट को गंभीरता से देखने लगी है।’ इंडोनेशिया अब अपने क्रिकेट ढांचे को भी मजबूत कर रहा है। बाली में देश का पहला अंतरराष्ट्रीय स्तर का टर्फ मैदान तैयार हो रहा है, जहां राष्ट्रीय क्रिकेट एकेडमी भी बनेगी। उम्मीद है कि 2027 से वहां आईसीसी के बड़े क्वालिफायर मैच आयोजित किए जाएंगे। स्कूलों में क्रिकेट की ट्रेनिंग दी जा रही है। देश के 482 कोच और 335 अंपायरों को आईसीसी फाउंडेशन कोर्स एक्रेडिटेशन मिला है। क्रिकेट की यह कहानी सिर्फ आंकड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि संघर्ष और जुनून से भी भरी हुई है। देश के 38 में से 21 प्रांतों में क्रिकेट खेला जा रहा है। यहां मुस्लिम, हिंदू, बौद्ध, ईसाई और कैथोलिक खिलाड़ी एक ही टीम में खेलते हैं। कई महिला खिलाड़ी हिजाब पहनकर मैदान में उतरती हैं। इस पूरी कहानी का सबसे भावुक चेहरा तेज गेंदबाज मैक्सी कोडा हैं। छोटे से द्वीप में पेड़ काटने का काम करने वाले कोडा हर सप्ताह नाव से जकार्ता पहुंचते हैं, मैच खेलते हैं और फिर काम पर लौट जाते हैं। क्रिकेट के बड़े देशों के बीच इंडोनेशिया छोटा नाम हो सकता है, लेकिन वहां जो जुनून दिखाई दे रहा है, उसने दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। एक ओवर में 5 विकेट का रिकॉर्ड इंडोनेशियाई गेंदबाज के नाम इंडोनेशिया की महिला टीम पुरुषों से ज्यादा सफल है। उसने 2023 में देश को पहली बार अंडर-19 वर्ल्ड कप तक पहुंचाया। दक्षिण-पूर्व एशियाई खेलों में भी टीम लगातार मेडल जीत रही है। महिला टीम फिलहाल दुनिया में 22वें स्थान पर है। देश ने कुछ अनोखे रिकॉर्ड भी बनाए हैं। इंडोनेशिया के गेंदबाज गेडे प्रियंदाना टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक ओवर में पांच विकेट लेने वाले पहले खिलाड़ी बने। वहीं, टीनएजर गेंदबाज रोहमालिया ने महिला टी20 में बिना रन दिए 7 विकेट लेने का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया था।



Source link

About the Author

-

Leave a comment

XHTML: You can use these html tags: <a href="" title=""> <abbr title=""> <acronym title=""> <b> <blockquote cite=""> <cite> <code> <del datetime=""> <em> <i> <q cite=""> <s> <strike> <strong>