3 महीने में 59 की सड़क हादसे में मौत: नवादा में 75 दुर्घटनाएं, 38 गंभीर रूप से घायल; 2024 में हुई थी 183 मौतें – Nawada News

नवादा में सड़क दुर्घटनाओं का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। हर महीने औसतन 25 गंभीर सड़क हादसे हो रहे हैं, जिनमें से 20 हादसे घातक साबित हो रहे हैं। स्थिति यह है कि साल के पहले तीन महीनों में ही 59 लोगों की जानें जा चुकी हैं।
.
जिला परिवहन कार्यालय के आंकड़ों के अनुसार, नवादा में होने वाली कुल दुर्घटनाओं में से 35% हादसे नेशनल हाईवे-20 और 82 पर होते हैं, जबकि 65% दुर्घटनाएं स्टेट हाईवे-08, 70, 82, 83 और ग्रामीण सड़कों पर घटित हो रही हैं।
तीन महीने, 75 हादसे, 59 मौतें
- फरवरी 2025: 32 दुर्घटनाएं, 20 मौतें, 17 गंभीर घायल
- मार्च 2025: 22 दुर्घटनाएं, 20 मौतें, 12 गंभीर घायल
- अप्रैल 2025: 21 दुर्घटनाएं, 19 मौतें, 9 गंभीर घायल
इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि औसतन हर तीसरे दिन दो से तीन मौतें हो रही हैं, जिससे आम लोगों में भय और चिंता का माहौल है।
‘नो हेलमेट, नो पेट्रोल’ योजना लागू
जिला परिवहन अधिकारी नवीन कुमार पांडेय ने बताया कि दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जिले में ‘नो हेलमेट, नो पेट्रोल’ योजना लागू की गई है। साथ ही जागरूकता अभियान और सड़क सुरक्षा के लिए संयुक्त प्रयास किए जा रहे हैं। फिर भी आंकड़े बता रहे हैं कि मौजूदा उपाय नाकाफी साबित हो रहे हैं।
पिछले तीन वर्षों की तुलना में इस साल स्थिति भयावह
- 2024: 283 दुर्घटनाएं, 183 मौतें, 231 गंभीर घायल
- 2023: 322 दुर्घटनाएं, 249 मौतें, 277 गंभीर घायल
- 2022: 197 दुर्घटनाएं, 154 मौतें, 175 गंभीर घायल
अब 2025 के सिर्फ तीन महीनों में ही 59 मौतें हो चुकी हैं। यदि यही रफ्तार रही तो यह आंकड़ा 250 के पार पहुंच सकता है, जो अब तक का सबसे भयावह रिकॉर्ड होगा।
जरूरत सामूहिक प्रयासों की
परिवहन विभाग मानता है कि केवल प्रशासनिक कदमों से काम नहीं चलेगा, लोगों की मानसिकता और सड़क पर अनुशासन जरूरी है।