24 जिलों में बारिश का अलर्ट: पटना में गंगा खतरे के निशान से ऊपर; कटिहार में निर्माणाधीन पुल का पिलर नदी में समाया – Patna News
बिहार में मानसून एक्टिव है और कई जिलों में झमाझम बारिश भी हो रही है। बारिश की वजह से गंगा, गंडक, बागमती और कोसी नदी लाल निशान से ऊपर हैं। गंगा में जलस्तर बढ़ने और बहाव तेज होने की वजह से कटिहार में निर्माणाधीन पुल का पिलर नदी में समा गया।
.
वहीं, मौसम विज्ञान केंद्र ने आज प्रदेश के 24 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसमें 5 जिलों में भारी और 19 जिलों में हल्की बारिश की संभावना है।
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, मानसून की अक्षीय रेखा राजस्थान, रोहतक, आगरा, रांची और दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी से होकर गुजर रही है। इसके साथ ही एक चक्रवातीय परिसंचरण का क्षेत्र झारखंड और उसके आसपास के क्षेत्रों में 7.6 किमी ऊपर से गुजर रही है।
इससे प्रदेश में अगले 2 दिनों तक हल्की और तेज बारिश की संभावना है। इसके साथ ही अगले 5 दिनों तक राज्य के अधिकतम तापमान में कोई विशेष बदलाव होने की भी संभावना नहीं है।
अब कुछ तस्वीरें देखिए…
मुंगेर में गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ने के कारण दियारा इलाके में कटाव हो रहा है।
बेतिया में गुरुवार को झमाझम बारिश हुई।
निर्माणाधीन ब्रिज का पिलर गंगा में समाया
गुरुवार को कटिहार में बरारी प्रखंड के बकिया सुखाय पंचायत सुखाई घाट और मतलुधार के बीच बन रहे ब्रिज का पिलर और बॉक्स गंगा में समा गया। 5 करोड़ की लागत से पुल मुख्यमंत्री सड़क संपर्क योजना से बन रहा था। वहीं, आरा में गंगा नदी का पानी सड़क पर आ गया है। मुंगेर में गंगा के जलस्तर में बढ़ोतरी होने के कारण दियारा क्षेत्र के नए इलाकों में पानी फैलने लगा है।
कटिहार में ब्रिज का पिलर और बॉक्स गंगा में समा गया
दरभंगा और समस्तीपुर में सामान्य से 50% कम बारिश
बिहार में पिछले एक हफ्ते से मानसून एक्टिव है। बारिश भी हो रही है, लेकिन इसके बाद भी कई ऐसे जिले हैं, जहां सामान्य से कम बारिश हुई है। प्रदेश के दरभंगा और समस्तीपुर जिले में सामान्य से 50% कम बारिश हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक की माने तो उत्तर बिहार में सामान्य से कम बारिश हुई है।