मुजफ्फरपुर में बदमाशों ने महिला से झपटी चेन: ब्रह्मपुरा में पता पूछने के बहाने घर पहुंचे, डेढ़ लाख की सोने की चेन लेकर भागे – Muzaffarpur News
>
![]()
मुजफ्फरपुर में एक महिला से चेन स्नैचिंग की घटना सामने आई है। ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र के राहुल नगर रोड नंबर-2 में बाइक सवार दो बदमाशों ने पता पूछने के बहाने महिला विनीता ठाकुर के गले से सोने की चेन झपट ली। घटना राहुल नगर रोड नंबर-2 स्थित एक घर के बाहर हुई। दो बाइक सवार बदमाश घर के पास रुके और दरवाजा खटखटाया। जैसे ही विनीता ठाकुर बाहर आईं, बदमाशों ने उनसे ब्रह्मपुरा जाने का रास्ता और एक अज्ञात पता पूछना शुरू कर दिया। महिला कुछ समझ पातीं, इससे पहले ही बाइक पर पीछे बैठे अपराधी ने एक झटके में उनके गले से सोने की चेन छीन ली। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों अपराधी तेज रफ्तार मोटरसाइकिल से मौके से फरार हो गए। डेढ़ लाख रुपए थी चेन की कीमत पीड़ित महिला विनीता ठाकुर ने बताया कि छीनी गई सोने की चेन की कीमत लगभग डेढ़ लाख रुपए थी। उन्होंने यह भी बताया कि अपराधी काले रंग की पल्सर जैसी मोटरसाइकिल पर सवार थे। घटना के बाद स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए, लेकिन तब तक बदमाश काफी दूर निकल चुके थे। यह पूरी वारदात मोहल्ले में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में अपराधी तेजी से बाइक चलाते हुए तंग गलियों से भागते दिख रहे हैं। हालांकि, गाड़ी की रफ्तार और कैमरे की दूरी के कारण बदमाशों के चेहरे स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की तलाश में जुटी है। घटना के बाद से स्थानीय निवासियों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश है। स्थानीय नागरिक निरंजन कुमार ने पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर अब रिहायशी इलाकों की गलियों और मोहल्लों में भी लोग सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता कहां जाएगी? अपराधियों के मन से पुलिस का खौफ पूरी तरह खत्म हो चुका है। दिनदहाड़े घर के दरवाजे से चेन छीन लेना पुलिसिंग की पोल खोलता है। डीएसपी बोलीं- जल्द होगी अपराधियों की गिरफ्तारी नगर पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी नगर-2) विनीता सिन्हा ने बताया कि ब्रह्मपुरा के राहुल नगर में चेन स्नेचिंग की घटना की सूचना मिली है। सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस की विशेष टीम को तुरंत मौके पर भेजा गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की शिनाख्त करने की कोशिश कर रही है। डीएसपी ने दावा किया कि पुलिस सभी पहलुओं पर बारीकी से जांच कर रही है और जल्द ही इस पूरे मामले का खुलासा कर बदमाशों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।
Source link
















>