1500 Rupees Scheme Three Months Samman Nidhi Released To 24513 Women Of Hp – Amar Ujala Hindi News Live


मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
हिमाचल प्रदेश सरकार ने करीब 24,513 महिलाओं को इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना के तहत तीन माह की राशि एकमुश्त जारी कर दी है। कांग्रेस सरकार ने पांचवीं चुनाव गारंटी पूरी करते हुए जिला कल्याण अधिकारियों को 23 करोड़ का बजट जारी किया है। अप्रैल से जून तक की किस्त जारी करते हुए महिलाओं को प्रतिमाह 1500-1500 रुपये जारी किए गए हैं।
लोकसभा चुनाव से पहले फार्म जमा करवाने वाली महिलाओं को राशि जारी की गई है। शेष महिलाओं के आवेदनों की छंटनी जारी है। प्रक्रिया पूरी होते ही इन्हें भी लाभ मिलना शुरू हो जाएगा। प्रदेश भर में सम्मान निधि के लिए अब तक 2.30 लाख आवेदन आ चुके हैं। इनमें मंडी में सबसे ज्यादा 85,000 आवेदन अाए हैं। बिलासपुर में 3173 महिलाओं के बचत खातों में 1.42 करोड़ जारी किए गए हैं। वहीं, ऊना में 7280, कुल्लू में 1451, किन्नौर में 309, शिमला में 2569, सिरमौर में 4128, लाहौल-स्पीति में 1171, चंबा में 1245 और मंडी में 3187 महिलाओं के बैंक खातों में धनराशि डाली गई है।
16 मार्च तक महिलाओं ने संबंधित विभाग के पास आवेदन जमा करवा दिए थे। लोकसभा चुनाव की घोषणा के बाद फार्म तो महिलाओं से लिए गए, छंटनी नहीं की गई। मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने कहा कि कांग्रेस सरकार जनता से किए हर वादे को पूरा करेगी।
इन्हें नहीं मिलेगा लाभ
जिस महिला के परिवार का कोई सदस्य भी केंद्रीय, राज्य सरकार का कर्मचारी है, उसे योजना का लाभ नहीं मिलेगा। वहीं, पेंशनर, अनुबंध, आउटसोर्स, दैनिक वेतन भोगी, अंशकालीन कर्मचारी, भूतपूर्व सैनिक व सैनिक विधवाएं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, आशा वर्कर, मिड-डे मील वर्कर, मल्टी टास्क वर्कर, सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लाभार्थी, पंचायती राज संस्थाओं, शहरी निकायों के कर्मचारी, सार्वजनिक उपक्रमों बोर्ड, निगम, काउंसिल या एजेंसी के कर्मी, पेंशन भोगी भी इसके दायरे में नहीं आएंगे।