11 साल की बच्ची से रेप, गला काटा, सीना-पेट चीरा: मां को इशारों में बताई पूरी कहानी; मछली बेचने वाला घर से उठा ले गया था – Muzaffarpur News

मुजफ्फरपुर में 11 साल की बच्ची से मछली बेचने वाले ने रेप किया है। आरोपी बच्ची को घर के पास से उठाकर 1 किमी दूर ले गया था। दुष्कर्म के बाद हत्या के नीयत से बच्ची का गला काट दिया।
.
बच्ची का गला करीब एक इंच तक गला कटा हुआ है। दरिंदे का इतने से मन नहीं भरा तो धारदार हथियार से बच्ची के सीने और पेट को भी चीर दिया।
पीड़िता की स्थिति इतनी खराब है कि वो बोल नहीं पा रही है। वो इशारों में अपने मां और अन्य परिजन से बात कर रही है। अस्पताल में इलाज के दौरान इशारों में ही पीड़िता ने बताया कि उसके साथ गलत हुआ है।
आरोपी कुढ़नी थाना क्षेत्र के हरपुल बलरा निवासी रोहित सहनी (30) को सोमवार देर रात तक पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। ग्रामीण घटना को लेकर इतने आक्रोशित थे कि वे आरोपी की हत्या कर देना चाहते थे।
देर रात ग्रामीणों ने कुढ़नी थाना को घेर लिया। ग्रामीण कह रहे थे कि आरोपी को हमारे हवाले कर दिया जाए, हम उसे जेल नहीं जाने देंगे, बल्कि उसे मार डालेंगे।
जिसके बाद पुलिस ने ग्रामीणों को खदेड़ कर भगा दिया। स्थिति काफी तनाव वाला था। कई थानों की पुलिस को मौके पर बुला लिया गया। मामला कुढ़नी थाना क्षेत्र के एक गांव की है।

पीड़ित बच्ची का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
सुबह 10 बजे उठा ले गया था मछली बेचने वाला
दरअसल, सोमवार की सुबह 10 बजे बच्ची अपने घर के पास खेल रही थी। इसी बीच मछली बेचने वाला आरोपी रोहित पहुंचा। बच्ची खेलते-खेलते उसकी साइकिल में सट गई। जिसके बाद आरोपी ने उसे बहलाया-फुसलाया और अपनी साइकिल पर बैठाकर पोखर किनारे ले गया।
बच्ची की मां को इस बात जानकारी नहीं थी कि उसकी बेटी को कोई उठा ले गया है। वो घर में आराम कर रही थी। करीब 5 मिनट के बाद पड़ोसियों ने मां को जानकारी दी कि आपकी बेटी को मछली बेचने वाला ले गया है। इसके बाद से मां अपने बेटी की खोजबीन में लग गई, पर कहीं कुछ पता नहीं चला।
तीन घंटे के बाद पुलिस को जानकारी दी गई। जिसके बाद परिजन और पुलिस दोनों बच्ची की खोजबीन में जुट गए। रात 8 बजे मुखिया गुड्डू सिंह ने पीड़िता की मां को फोन किया कि आपकी बेटी अधमरी स्थिति में पोखर किनारे पड़ी है। जिसके बाद मां पुलिस के साथ मौके पर पहुंची।
तुरंत बच्ची को एसकेएमसीएच में भर्ती कराया गया। बच्ची के मिलने के एक घंटे के बाद आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

ये आरोपी की तस्वीर है। 30 साल का रोहित सहनी मछली बेचने का काम करता है।
पीड़ित बच्ची की मां ने बताया-

मेरी तबीयत खराब थी, मुझे पता नहीं चला कि आरोपी मेरी बेटी को उठाकर ले गया। मुखिया ने मुझे फोन कर बताया कि आपकी बेटी पोखर के पास पड़ी है। मेरे तीन बच्चे हैं। एक 15 और दूसरा 13 साल का बेटा है। मेरी बेटी सबसे छोटी थी। मेरे पति नहीं हैं। पति 2014 में ताड़ के पेड़ से गिर गए थे। उनकी कमर की हड्डी टूट गई थी। 8 साल तक उनका इलाज कराया, उनकी सेवा की। 2022 में उनकी मौत हो गई। मैं मजदूरी कर घर चलाती हूं।
आरोपी से कोई विवाद नहीं था- चाचा
बच्ची के चाचा ने कहा कि, ‘सुबह करीब 10-11 बजे मछली बेचने वाला मेरी भतीजी को उठा ले गया। हमलोगों ने काफी उसकी खोजबीन की। प्रशासन ने भी खोजा। सभी से फोन पर संपर्क कर भतीजी के बारे में पूछ रहे थे, इसी बीच फोन पर जानकारी मिली।’
‘शाम में वो काफी गंभीर स्थिति में मिली। उसके साथ गलत हुआ। आरोपी ने उसका सीना और पेट भी चीर दिया है। मेरी भतीजी ने इशारे में हमें सबकुछ बताया है। बच्ची ने बताया कि चाकू से आरोपी ने हमला किया है। आरोपी से हमारा कोई विवाद नहीं था। ‘

पीड़िता की स्थिति काफी गंभीर है।
SDPO पश्चिमी-2 अनिमेष चन्द्र ज्ञानि ने बताया-

आरोपी नाबालिग बच्ची को बहला-फुसलाकर ले गया था, उसके साथ गलत किया। उसकी जान लेनी की कोशिश की। गर्दन को चाकू से काटा है। बच्ची का इलाज चल रहा है। घटना में शामिल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। ग्रामीणों की मांग थी कि आरोपी को हवाले किया जाए। उनको समझाया गया कि कानून के तहत सजा दी जाएगी। पुलिस को डिस्टर्ब नहीं करें। नहीं मानने पर बल प्रयोग कर थाना परिसर से सभी को खदेड़ा गया। FSL टीम की जांच अभी गोपनीय है।