10 राज्य, 31 विधानसभा-1 लोकसभा सीट पर वोटिंग शुरू: वायनाड में प्रियंका और नव्या हरिदास के बीच मुकाबला; सिक्किम की 2 सीटों पर निर्विरोध चुनाव हुआ

34 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
केरल: वायनाड लोकसभा सीट, प्रियंका गांधी का पहला चुनाव

केरल विधानसभा की चेलाक्कारा सीट के अलावा वायनाड लोकसभा सीट पर भी वोटिंग होनी है। चेलाक्कारा से CPI(M) विधायक के राधाकृष्णन के अलाथुर से सांसद बनने से खाली हुई है। कांग्रेस ने यहां से राम्या हरिदास और भाजपा ने के बालकृष्णन को टिकट दिया है।
वहीं, वायनाड लोकसभा सीट पर कांग्रेस ने प्रियंका गांधी को उतारा है। वे पहली बार चुनाव लड़ रही हैं। अगर वे चुनाव जीतती हैं, जो लगभग तय है, तो पहली बार होगा कि गांधी परिवार के सभी सदस्य यानी सोनिया, राहुल और प्रियंका संसद के सदस्य होंगे।
सोनिया गांधी के राज्यसभा जाने के बाद अटकलें लगाई गई थीं कि प्रियंका रायबरेली से लोकसभा चुनाव लड़ेंगी। हालांकि, राहुल ने रायबरेली और वायनाड दोनों सीटों से चुनाव लड़ा और जीत के बाद रायबरेली सीट चुनी।
भाजपा ने प्रियंका के सामने नव्या हरिदास को टिकट दिया है। वे भाजपा महिला मोर्चा की राज्य महासचिव हैं। साथ ही कोझिकोड नगर निगम में दो बार की पार्षद और भाजपा पार्षद दल की नेता हैं। वे 2021 विधानसभा चुनाव में कोझिकोड दक्षिण सीट से चुनाव भी लड़ चुकी हैं, हालांकि वे हार गई थीं।
लेफ्ट गठबंधन LDF ने कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (CPI) नेता सत्यन मोकेरी (70) चुनावी मैदान में हैं। वे 1987 से 2001 तक नादापुरम विधानसभा सीट से विधायक रहे हैं। उन्होंने 2014 में वायनाड लोकसभा सीट से LDF की ओर से चुनाव लड़ा था। हालांकि, कांग्रेस के एमआई शानवास से हार गए थे। मोकेरी इस समय CPI की किसान विंग अखिल भारतीय किसान सभा के राष्ट्रीय सचिव हैं।
दक्षिण भारत हमेशा से गांधी परिवार के लिए भरोसेमंद रहा है। आपातकाल के बाद 1977 लोकसभा चुनाव में रायबरेली से हार के बाद इंदिरा गांधी ने भी दक्षिण का रुख किया था। उन्होंने 1978 में कर्नाटक की चिकमंगलूर सीट से उपचुनाव लड़ा और जीतीं।
इसके अलावा सोनिया गांधी ने 1999 में अपना पहला लोकसभा चुनाव में कर्नाटक की बेल्लारी और उत्तर प्रदेश की अमेठी सीट से पर्चा भरा और दोनों पर जीत दर्ज की। बाद में उन्होंने अमेठी सीट चुनी। राहुल गांधी ने 2019 में अमेठी और वायनाड से चुनाव लड़ा। वे अमेठी से हार गए, लेकिन दक्षिण ने उनका साथ निभाया और वे वायनाड से लोकसभा पहुंचे।