Published On: Tue, Oct 1st, 2024

हिमाचल के पहाड़ी इलाकों में दो दिन बरसेंगे बदरा, कब तक पूरी तरह वापसी कर रहा मॉनसून?


Himachal Pradesh Mausam: हिमाचल प्रदेश प्रदेश के मध्य पर्वतीय इलाकों में दो दिन बारिश का पूर्वानुमान है। हिमाचल प्रदेश से मॉनसून पूरी तरह कब तक वापसी कर रहा है जानने के लिए पढ़ें यह रिपोर्ट…

Himachal Pradesh Weather Forecast: हिमाचल प्रदेश में फिलहाल मॉनसून की सक्रियता थम चुकी है। हिमाचल प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में मंगलवार को गुनगुनी धूप खिली रही। मौसम विभाग ने दो दिन में मॉनसून के पूरी तरह से विदा होने का दावा किया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से जारी पूर्वानुमान में कहा गया है कि हिमाचल प्रदेश से मॉनसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। मॉनसून विदड्रॉल लाइन फिलहाल फिरोजपुर, सिरसा, चुरू, अजमेर, माउंट आबू, डीसा, सुरेंद्रनगर और जूनागढ़ से हो कर गुजर रही है।

मौसम विभाग के अनुसार, मैदानी और उच्चपर्वतीय इलाकों में छह अक्टूबर तक मौसम साफ रहेगा। हालांकि मध्य पर्वतीय इलाकों में पांच और छह अक्टूबर को छिटपुट बारिश का अनुमान है। हिमाचल प्रदेश के जिन हिस्सों में बादलों के बरसने की संभावना है, उनमें शिमला, सोलन, सिरमौर, कुल्लू, चम्बा और मंडी जिला के ऊपरी क्षेत्र शामिल हैं। मौसम में यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के असर से आएगा। सात अक्टूबर को उच्च पर्वतीय इलाकों लाहौल स्पीति एवं किन्नौर में बारिश के आसार हैं।

पांच अक्टूबर के बाद से प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में ठंड का प्रकोप बढ़ सकता है। इन हिस्सों में अभी भी सुबह-शाम हल्की ठंड महसूस की जा रही है। हिमाचल प्रदेश के जनजातीय इलाकों में ठंड पड़नी शुरू हो गई है। लाहौल-स्पीति और किन्नौर जिलों के चार स्थानों पर रात का पारा 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। लाहौल-स्पीति जिले का ताबो सबसे ठंडा स्थल रहा, जहां मंगलवार को न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

किन्नौर के कुकुमसेरी में 6.1 डिग्री और कल्पा में 9.8 और लाहौल-स्पीति के मुख्यालय केलांग में 7.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। शिमला में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री, सुंदरनगर में 18.3 डिग्री, भुंतर में 15 डिग्री, धर्मशाला में 16.5 डिग्री, उना में 19.6 डिग्री, नाहन में 20.3 डिग्री, पालमपुर में 15 डिग्री, सोलन में 15.7 डिग्री, मनाली में 11.8 डिग्री, कांगड़ा में 20 डिग्री, डल्हौजी में 13.4 डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 16.9 डिग्री, भरमौर में 14.7 डिग्री, कसौली में 16 डिग्री, पांवटा साहिब में 24 डिग्री, नेरी में 22.5 डिग्री और सैंज में 14.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

रिपोर्ट- यूके शर्मा

.



Source link

About the Author

-

Leave a comment

XHTML: You can use these html tags: <a href="" title=""> <abbr title=""> <acronym title=""> <b> <blockquote cite=""> <cite> <code> <del datetime=""> <em> <i> <q cite=""> <s> <strike> <strong>