Published On: Wed, Jul 31st, 2024

सूर्या-रिंकू ने कैसे श्रीलंका के जबड़े से छीनी जीत? सुपर ओवर में सुंदर ने बजाई बैंड; तीसरे टी20 में रोमांच की हदें पार


ऐप पर पढ़ें

सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने श्रीलंका का तीन मैचों की टी20 सीरीज में सूपड़ा साफ कर दिया। दोनों टीमों के बीच मंगलवार को पल्लेकेले स्टेडियम में खेला गया आखिरी मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। तीसरे टी20 का नतीजा सुपर ओवर में निकला। भारत ने 138/9 का स्कोर बनाया। जवाब में श्रीलंका ने भी 8 विकेट गंवाकर इतने रन जुटाए। एक समय भारत हार की ओर बढ़ता हुआ नजर आ रहा था लेकिन सूर्यकुमार और रिंकू सिंह ने कमाल कर दिया। उन्होंने आखिरी दो ओवर में श्रीलंका के जबड़े से जीत छीनने में अहम भूमिका निभाई। रही-सही कसर वॉशिंगटन सुंदर ने सुपर ओवर में पूरी कर दी।

रिंकू सिंह की घातक गेंदबाजी

श्रीलंका को आखिरी 12 गेंदों में जीत के लिए 8 रन चाहिए थे। ऐसे में सूर्या ने रिंकू के हाथों में गेंद थमाकर सभी को हैरत में डाल दिया। रिंकू ने 19वें ओवर में घातक गेंदबाजी की और कप्तान को सही साबित कर दिखाया। उन्होंने तीन रन दिए और दो विकेट हासिल किए। पहली गेंद डॉट डाली और अगली गेंद पर टिककर बल्लेबाजी कर रहे  कुसल परेरा (34 गेंदों में 46) को कॉट एंड बोल्ड कर दिया। कामिंदु मेंडिस (1) ने तीसरी गेंद पर सिंगल लिया और रमेश मेंडिस (3) ने चौथी गेंद पर डबल निकाला। पांचवीं गेंद पर कोई रन नहीं आया। रिंकू ने छठी गेंद पर रमेश का शिकार किया। श्रीलंका को अंतिम ओवर में 6 रन की दरकार थी।

सूर्यकुमार का चमत्कारी ओवर

सूर्या ने 20वें ओवर में भी हैरानी भरा फैसला लिया। वह तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज की जगह खुद गेंदबाजी के लिए आए। सूर्या ने पहली गेंद पर कोई रन नहीं दिया और अगली गेंद पर कामिंदु को अपने जाल में फंसा लिया। कप्तान ने तीसरी गेंद पर महीश थीक्षाना को आउट किया, जिनका खाता नहीं खुला। असिथा फर्नांडो ने चौथी गेंद पर सिंगल लिया। चामिंदु विक्रमसिंघे ने पांचवीं-छठी गेंद पर डबल लिया। सूर्या के पास उन्हें रनआउट करने का मौका था लेकिन चूक गए। श्रीलंका को अंतिम गेंद पर तीन रन चाहिए थे मगर विक्रमसिंघे दौड़कर दो ही ले पाए। इसके बाद, मैच टाई होकर सुपर ओवर में पहुंचा।

सुंदर ने सुपर ओवर में बजाई बैंड

ऑलराउंडर सुंदर ने सुपर ओवर में श्रीलंका की बुरी तरह बैंड बजाई। उन्होंने ओवर की शुरुआत वाइड के साथ और फिर कुसल मेंडिस के बल्ले से एक रन आया। सुंदर ने दूसरी-तीसरी गेंद पर कुसल मेंडिस और पथुम निसांका का शिकार किया। दोनों का सुपर ओवर में खाता नहीं खुला। भारत को सुपर ओवर में जीत के लिए सिर्फ तीन रन बनाने थे। सूर्या ने गेंदबाजी करने आए थीक्षाना की पहली गेंद पर चौका लगाकर भारत का विजयी परचम फहरा दिया। गौरतलब है कि लक्ष्य का पीछा करते हुए कुसल मेंडिस (43), पथुम निसांका (26) और परेरा ने श्रीलंका को अच्छी शुरुआत दिलाई थी। श्रीलंका का स्कोर 15 ओवर में 108/1 था लेकिन फिर विकेट गिरने का सिलसिला शुरू हो गया। श्रीलंका ने सात विकेट सिर्फ 27 रन जोड़कर खोए।

.



Source link

About the Author

-

Leave a comment

XHTML: You can use these html tags: <a href="" title=""> <abbr title=""> <acronym title=""> <b> <blockquote cite=""> <cite> <code> <del datetime=""> <em> <i> <q cite=""> <s> <strike> <strong>