Published On: Fri, Oct 11th, 2024

संजौली मस्जिद से हटाई गई अतिरिक्त पुलिस फोर्स, महीनेभर पहले हुई थी तैनाती; जानिए वजह?


शिमला के उपनगर संजौली में मस्ज़िद विवाद से पनपे तनाव की वजह से की गई अतिरिक्त पुलिस फोर्स की तैनाती को हटा लिया गया है। पिछले एक माह से संजौली मस्जिद व बाजार में पुलिस का कड़ा पहरा था। प्रदेश पुलिस की विभिन्न बटालियनों से पुलिस जवानों को यहां तैनात किया गया था। इसके अलावा संजौली पुलिस चौकी में एएसपी स्तर के अधिकारी भी बैठ रहे थे। हालांकि अब हालात सामान्य होने पर अतिरिक्त पुलिस फोर्स को यहां से हटा दिया गया है। संजौली मस्जिद की सुरक्षा का जिम्मा अब स्थानीय पुलिस संभाले हुए है।

ढली पुलिस स्टेशन के एसएचओ विरोचन नेगी ने अतिरिक्त पुलिस फोर्स को हटाने की पुष्टि की है। उन्होंने शुक्रवार को बताया कि संजौली में अब स्थानीय पुलिस का पहरा है और बटालियन से बुलाए पुलिस के जवान तैनात नहीं हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार संजौली में तैनात अतिरिक्त पुलिस बल को अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरे में तैनात किया गया है। कुल्लू दशहरा उत्सव का आयोजन 13 से 19 अक्टूबर तक होगा और इसमें भारी तादाद में लोग उमड़ते हैं। सैकड़ों देवी-देवता भी कुल्लू दशहरे में पहुंचते हैं। ऐसे में दशहरा उत्सव में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के लिए संजौली में तैनात पुलिस फोर्स को कुल्लू दशहरे में बुलाया गया है।

इसके अलावा सिरमौर व शिमला जिला के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल चूड़धार में शांत यज्ञ उत्सव का आरम्भ भी शुक्रवार से हो गया। जिला सिरमौर की सबसे ऊंची छोटी चूड़धार जहां पर शिरगुल महाराज का प्राचीन मन्दिर है। शांत यज्ञ उत्सव में भी हजारों श्रद्धालु उमड़ते हैं। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए बटालियन व अन्य जगहों से पुलिस जवान बुलाए जाते हैं।

बता दें कि संजौली में चल रहे मस्जिद विवाद को लेकर सितंबर महीने में यहां पर हालत नाजुक बन गए थे। बीते 11 सितंबर को संजौली बाजार में हिन्दू संगठनों ने उग्र प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग तोड़कर मस्जिद स्थल के पास पहुंच गए थे। इन्हें खदेड़ने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा था।

कुछ प्रदर्शनकारियों पर पुलिस जवानों पर पत्थर बरसाने के भी आरोप हैं। इसका वीडियो भी सामने आया था। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुए टकराव में कई घायल हुए थे। इनमें एक दर्जन पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। ऐसे में सुरक्षा की दृष्टि से अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था। संजौली मस्जिद मामले में बीते पांच अक्टूबर को नगर निगम आयुक्त कोर्ट के फैसले के बाद अब यहां पर स्थिति फिलहाल सामान्य है।

रिपोर्ट : यूके शर्मा

.



Source link

About the Author

-

Leave a comment

XHTML: You can use these html tags: <a href="" title=""> <abbr title=""> <acronym title=""> <b> <blockquote cite=""> <cite> <code> <del datetime=""> <em> <i> <q cite=""> <s> <strike> <strong>