संजय राउत बोले-मुंबई हमारी ताकत, BMC चुनाव अकेले लड़ेंगे: कहा- MVA पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा; कांग्रेस-सपा बोलीं- हम भी तैयार

पुणे14 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

संजय राउत ने शनिवार को कहा कि शिवसेना (उद्धव गुट) मुंबई में मजबूत है। यहां उद्धव सेना अकेले चुनाव लड़ेगी।
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में हार के बाद शिवसेना (उद्धव गुट) के नेता संजय राउत ने शनिवार को पुणे में कहा कि उनकी पार्टी मुंबई महानगर पालिका (BMC) चुनाव अकेले लड़ेगी। इससे महाविकास अघाड़ी (MVA) पर कोई असर नहीं पड़ेगा। राउत ने कहा, ‘कार्यकर्ताओं की इच्छा है कि महानगर पालिका चुनाव अकेले लड़ा जाए।’
राउत के बयान को लेकर MVA के सहयोगी दल सपा और कांग्रेस ने भी कहा कि वे अकेले चुनाव लड़ने को तैयार हैं। महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा- लोकल बॉडी चुनाव गठबंधन में हम पहले भी अकेले लड़े हैं। इस मामले में बैठकर चर्चा करेंगे।
वहीं, महाराष्ट्र समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अबू आजमी भी BMC चुनाव अकेले लड़ने की घोषणा कर चुके हैं। आजमी ने कहा था कि समाजवादी पार्टी नफरत फैलाने वालों के साथ नहीं रह सकती और BMC चुनाव में अकेले लड़कर अपनी ताकत दिखाएगी। उन्होंने शिवसेना (UBT) को भाजपा की ‘बी टीम’ बताया था।

राउत बोले- मराठियों के लिए चुनाव लड़ेगी उद्धव सेना
राउत ने कहा कि MVA गठबंधन के सहयोगी दलों ने एक साथ चुनाव लड़ने पर कोई निर्णय नहीं लिया है। अभी तक कोई भी नगर निगम चुनाव गठबंधन में नहीं लड़ा गया है। जब कांग्रेस-NCP और शिवसेना-भाजपा के बीच गठबंधन था तब भी चुनाव अकेले लड़े गए थे।
उन्होंने कहा कि ये अलग तरह के चुनाव हैं, इससे स्थानीय कैडर मजबूत होता है। इसका इस्तेमाल लोकसभा-विधानसभा चुनावों में किया जाना चाहिए। जिस तरह से मराठी लोगों पर हमले हो रहे हैं, सब देख रहे हैं। मराठियों के लिए हमारी शिवसेना अकेले लड़ेगी।
शिंदे बोले- उद्धव ठाकरे के पास अकेले चुनाव लड़ने के अलावा कोई चारा नहीं वहीं, डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा कि उद्धव की शिवसेना ने हिंदुत्व छोड़ दिया है। लोकसभा में जो कुछ भी उन्हें सफलता मिली वो सिर्फ कांग्रेस और NCP के कारण मिली। अकेले चुनाव लड़ने के अलावा उद्धव ठाकरे के पास कोई चारा नहीं है। लेकिन क्या वो इतनी हिम्मत दिखा पाएंगे क्या? यह सबसे बड़ा सवाल है।
BMC का बजट 8 राज्यों से ज्यादा मुंबई महानगर पालिका चुनाव महाराष्ट्र की राजनीति में बेहद अहम हैं, क्योंकि यह देश की सबसे अमीर नगरपालिका है। साल 2024-25 में BMC ने 59,954.75 करोड़ रुपये का बजट पेश किया था। यह देश के 8 राज्यों के वार्षिक बजट से भी ज्यादा था। सिक्किम, मिजोरम, मेघालय, गोवा, मणिपुर, नागालैंड, त्रिपुरा और झारखंड जैसे राज्य शामिल हैं। वहीं, 2023 में BMC ने 52,619.07 करोड़ का बजट पेश किया था। शिवसेना के दोनों गुटों की यहां मजबूत पकड़ है।
महाराष्ट्र में नवंबर को हुए विधानसभा चुनाव में बीजेपी, एनसीपी और शिवसेना (शिंदे गुट) के गठबंधन महायुति को जीत मिली थी और विपक्ष के गठबंधन MVA को हार का सामना करना पड़ा था।

————————————-
ये खबर भी पढ़ें…
सपा नेता अबू आजमी ने कहा था- भाजपा और शिवसेना UBT में कोई फर्क नहीं

शिवसेना (उद्धव गुट) के नेता मिलिंद नार्वेकर ने बाबरी मस्जिद ढहाए जाने की तस्वीर के साथ शिवसेना संस्थापक बालासाहेब ठाकरे का कोट लगाया, जिसमें उन्होंने कहा था- जिन्होंने ये किया, मुझे उन पर गर्व है। महाराष्ट्र सपा अध्यक्ष अबू आजमी ने पोस्ट को लेकर कहा कि अगर MVA में कोई इस तरह की बात करता है, तो उसमें और BJP में क्या फर्क रह गया? हम उनके साथ गठबंधन में क्यों रहें? पूरी खबर पढ़ें…
शिवेसना (उद्धव गुट) नेता संजय राउत के बंगले की रेकी: बाइक सवार 2 युवकों ने बंगले के फोटो खीचें

महाराष्ट्र में 20 दिसंबर को शिवसेना (उद्धव) के नेता और राज्य सभा सांसद संजय राउत के बंगले की रेकी किए जाने का दावा किया गया। बंगले पर तैनात कर्मचारियों ने भांडुप पुलिस थाने में शिकायत की। पूरी खबर पढ़ें…