विधानसभा चुनाव को लेकर महाराष्ट्र कांग्रेस की बैठक: पार्टी 288 में 120 सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती, 7 अगस्त को महाविकास अघाड़ी की मीटिंग होगी
मुंबई31 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
महाविकास अघाड़ी की बैठक से तीन दिन पहले महाराष्ट्र कांग्रेस की बैठक हुई।
आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर मुंबई में आज (4 अगस्त) मुंबई कांग्रेस और महाराष्ट्र कांग्रेस की दो अलग-अलग बैठक हुई। बैठक में कांग्रेस पार्टी ने 7 अगस्त को होने वाली विपक्षी गठबंधन महाविकास अघाड़ी (MVA) की मीटिंग को लेकर अपनी रणनीति बनाई।
लोकसभा चुनाव में 13 सीटें जीतने के बाद कांग्रेस का मनोबल बढ़ा हुआ है। इस कारण कांग्रेस लगातार ज्यादा सीटों की मांग कर रही है। सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस महाराष्ट्र की कुल 288 विधानसभा सीटों में से करीब 110- 120 सीटों पर विधानसभा चुनाव लड़ना चाहती है।
7 अगस्त को विधानसभा चुनाव के लिए सीट शेयरिंग का फॉर्मूला और अन्य पहलुओं पर महाविकास अघाड़ी की बैठक होनी है। इसमें शिवसेना (UBT), कांग्रेस, NCP शरदचंद्र पवार तीनों प्रमुख पार्टी के वरिष्ट नेता शामिल होंगे।
मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष बोलीं- मीटिंग में पार्टी ने चुनाव की रणनीति बनाई
मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष वर्षा गायकवाड ने कहा- महाविकास आघाड़ी की बैठक से पहले मुंबई में मुंबई कांग्रेस और महाराष्ट्र कांग्रेस की मीटिंग हुई। इस मीटिंग में महाराष्ट्र कांग्रेस प्रभारी रेमेश चेन्निथला के सामने विधानसभा चुनाव में पार्टी की रणनीति, मुद्दों पर चर्चा हुई।
आगे उन्होंने कहा कि मुंबई को लेकर मेरी बात उद्धव ठाकरे से हुई है। बातचीत का दौर अभी शुरू है। हम लोग मिलकर चुनाव लड़ेंगे। बैठक में महाराष्ट्र कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले, पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण, बालासाहेब थोरात,वर्षा गायकवाड़ समेत महाराष्ट्र कांग्रेस के तमाम बड़े नेता मौजूद रहेंगे।
एक दिन पहले उद्धव ने कहा था अब्दाली के वंशज हैं अमित शाह
उद्धव ठाकरे ने 3 अगस्त को भारतीय जनता पार्टी पर ‘पावर जिहाद’ करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता में रहने के लिए राजनीतिक दलों में फूट डाल रही है। साथ ही उन्होंने महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस को खटमल कहा।
इसके साथ ही उद्धव ने गृह मंत्री अमित शाह को अहमद शाह अब्दाली का वंशज बताया। अब्दाली ने पानीपत के युद्ध में मराठाओं को हराया था। दरअसल 21 जुलाई को अमित शाह ने पुणे में ठाकरे को औरंगजेब फैन क्लब का लीडर कहा था। उद्धव इसी तंज का जवाब दे रहे थे।
नवंबर 2024 को बीजेपी-शिवसेना (शिंदे गुट) सरकार का कार्यकाल खत्म होगा
महाराष्ट्र में इस वक्त बीजेपी-शिवसेना (शिंदे गुट) की सरकार है। इसका कार्यकाल 8 नवंबर 2024 को खत्म हो रहा है। अक्टूबर 2024 में चुनाव हो सकते हैं। महाराष्ट्र की 288 विधानसभा सीटों पर 2019 में चुनाव हुए थे। बीजेपी 106 विधायकों के साथ राज्य की सबसे बड़ी पार्टी बनी। मुख्यमंत्री पद को लेकर शिवसेना और बीजेपी गठबंधन में बात नहीं बन पाई। 56 विधायकों वाली शिवसेना ने 44 विधायकों वाली कांग्रेस और 53 विधायकों वाली NCP के साथ मिलकर महाविकास अघाड़ी बनाकर सरकार बनाई। शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे मुख्यमंत्री बने।
मई 2022 महाराष्ट्र सरकार में नगर विकास मंत्री और शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे ने 39 विधायकों के साथ बगावत कर दी। वह बीजेपी के साथ मिल गए। 30 जून 2022 को एकनाथ शिंदे ने महाराष्ट्र के 20वें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। इसके साथ ही शिवसेना पार्टी दो गुटों में बंट गई। एक धड़ा शिंदे गुट और दूसरा उद्धव गुट का बना। 17 फरवरी, 2023 को चुनाव आयोग ने आदेश दिया कि पार्टी का नाम ‘शिवसेना’ और पार्टी का चुनाव चिह्न ‘धनुष और तीर’ एकनाथ शिंदे गुट के पास रहेगा।
लोकसभा चुनाव में भाजपा ने सिर्फ 9 और कांग्रेस ने 13 सीटें जीती
लोकसभा चुनाव 2024 में महाराष्ट्र की 48 सीटों में बीजेपी 9 सीटों पर जीती। गठबंधन की सहयोगी NCP ने एक सीट जीती। शिव सेना (शिंदे गुट) को 7 सीटों पर जीत मिली। INDIA ब्लॉक में शामिल कांग्रेस ने 13 सीटें जीतीं। शिव सेना (UBT) 9 सीटों पर जीत चुकी है। NCP शरद चंद्र पवार ने 8 सीटों पर जीत हासिल की। सांगली सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार जीता।
यह खबर भी पढ़ें…
सोनिया बोलीं- माहौल हमारे पक्ष में है:महाराष्ट्र समेत 4 राज्यों के चुनावी नतीजे देश की राजनीति बदलेंगे, भाजपा का काम सिर्फ बांटना
कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने बुधवार को पार्टी नेताओं से कहा कि कुछ ही महीनों में 4 राज्यों- महाराष्ट्र, हरियाणा, झारखंड और जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव होने हैं। माहौल हमारे पक्ष में है। लोकसभा चुनाव में मिले जनता के समर्थन और भावनाओं को हमें बरकरार रखना है। पूरी खबर पढ़ें…