Published On: Tue, Aug 6th, 2024

लोक निर्माण विभाग की साइट पर हादसा, सोते हुए मजदूरों के घर तेज रफ्तार क्रेन घुसने से 1 की मौत, 4 घायल


ऐप पर पढ़ें

दिल्ली के पुल प्रहलादपुर इलाके में मजदूर के घर में तेज रफ्तार क्रेन के घुसने से गंभीर हादसा हो गया। क्रेन की टक्कर से घर की दीवार गिर गई। इस कारण चार लोग घायल हो गए जबकि एक शख्स की मौत हो गई है। यह घटना एमबी रोड के पास लोक निर्माण विभाग की साइट के पास बने मकान में हुई है। घटना को अंजाम देने के बाद क्रेन चालक मौके से फरार है। फिलहाल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर केस दर्ज करके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही फरार चालक की धरपकड़ भी शुरू कर दी गई है। 

पुलिस अधिकारी ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब चार बजे सूचना मिली कि एमबी रोड के पास एक घर में क्रेन घुसने से एक शख्स की मौत हो गई है। टीम के साथ एसएचओ ने मौके पर पहुंचकर दीवार के मलबे के नीचे फंसे घायलों को निकाल कर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। जहां गंभीर रूप से घायल गरीबा को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बाकि घायलों का उपचार चल रहा है। 

सोते समय काल के गाल में समाया मजदूर

पुलिस को दिए बयान में घायल घनश्याम ने बताया कि वह सभी सोमवार देर रात अपना काम कर सोने के लिए कमरे में चले गए थे। देर रात एक तेज आवाज आई और घर की दीवार गिर गई। घायल ने बताया कि उन्हें नहीं पता था कि क्रेन घर में घुस गई। दीवार उनके उपर गिरी तो सभी मलबे में फंस गए। दीवार गिरने के बाद छत का कुछ हिस्सा भी टूट कर गिर गया।

चालक ने क्रेन से खोया नियंत्रण

पुलिस की प्राथमिक जांच में पता चला कि सभी घायल लोक निर्माण विभाग के लिए मजदूरी करते हैं। बीआर क्रेन कंपनी की क्रेन ओखला टी पॉइंट पर चल रहे मेट्रो प्रोजेक्ट में तैनात है। मेट्रो साइट पर तैनात सुरक्षाकर्मी दीपक ने पुलिस को बताया कि क्रेन चालक ने तुगलकाबाद ले जाने के लिए मेट्रो साइट से अपनी क्रेन निकाली थी। एमबी रोड पर क्रेन को तुगलकाबाद की ओर मोड़ने की कोशिश के दौरान चालक ने क्रेन से नियंत्रण खो दिया। इससे तेज रफ्तार क्रेन विपरीत कैरिजवे स्थित एक घर में घुस गई। पुलिस ने दीपक और घायलों के बयान पर केस दर्ज कर लिया और जांच शुरू कर दी है। 

उत्तर प्रदेश के निवासी हैं मजदूर

पुलिस अधिकारी ने बताया कि 35 वर्षीय गरीबा लोक निर्माण विभाग द्वारा बनाए गए कमरे में रहता था और विभाग के लिए ही काम करता था। उसके साथ हादसे में घायल हुए वयक्ति खेमचन्द, हरकौर, रामेश्वर, घनश्याम हैं। ये लोग भी पीडब्लूडी के लिए ही मजदूरी करते थे और सभी एक ही कमरे में रहते थे। मृतक और घायलों के परिजन अपने उत्तर प्रदेश के ललितपुर और झांसी में रहते थे। घरवालों को हादसे की सूचना दे दी गई है।

 

.



Source link

About the Author

-

Leave a comment

XHTML: You can use these html tags: <a href="" title=""> <abbr title=""> <acronym title=""> <b> <blockquote cite=""> <cite> <code> <del datetime=""> <em> <i> <q cite=""> <s> <strike> <strong>