रामगढ़ अस्पताल में महिला डॉक्टर और हड्डी रोग विशेषज्ञ नहीं: ANM-GNM के भरोसे चल रहा अस्पताल, DC बोले-जल्द होगी नियुक्ति – Kaimur News

कैमूर के रामगढ़ रेफरल अस्पताल में चिकित्सकीय सुविधाओं का गंभीर अभाव सामने आया है। बता दें कि अस्पताल में न तो कोई महिला चिकित्सक है और न ही हड्डी रोग विशेषज्ञ। गर्भवती महिलाओं का प्रसव एएनएम और जीएनएम के द्वारा कराया जा रहा है।
.
रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगतानंद सिंह और बक्सर सांसद के बेटे सुधाकर सिंह का क्षेत्र है। स्थानीय समाजसेवी सतीश कुमार सिंह यादव और श्याम सिंह ने बताया कि यह कैमूर जिले का सबसे महत्वपूर्ण क्षेत्र है। लेकिन यहां के अस्पताल में बुनियादी सुविधाएं भी नहीं हैं।

रेफरल अस्पताल के प्रभारी डॉक्टर सुरेंद्र सिंह ने स्थिति की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि महिला चिकित्सक और हड्डी रोग विशेषज्ञ की अनुपस्थिति में जटिल मामलों को जिला अस्पताल रेफर करना पड़ता है। छोटी-छोटी चोटों के मामले में भी मरीजों को अन्य अस्पतालों में भेजा जाता है।
जल्द होगी डॉक्टरों की नियुक्ति
प्रभारी चिकित्सक ने बताया कि महिला डॉक्टर, हड्डी रोग विशेषज्ञ और सर्जन की नियुक्ति के लिए मांग की गई है। उन्हें उम्मीद है कि जून तक इन पदों पर नियुक्तियां हो जाएंगी। बिहार सरकार सभी अस्पतालों में पर्याप्त चिकित्सकीय सुविधाओं का दावा करती है, लेकिन रामगढ़ की स्थिति इस दावे को खोखला साबित कर रही है।