यूपी के 21 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट: 2 दिन बाद फिर एक्टिव होगा मानसून, गर्मी से पारा फिर 40 डिग्री पहुंचा – Varanasi News
यूपी में भीषण उमस से परेशान लोगों के लिए राहत की खबर है। मौसम विभाग ने मंगलवार को प्रदेश के 21 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। 61 जिलों में बिजली गिरने की भी संभावना है। सोमवार को 15 जिलों में सिर्फ 1.5MM बारिश हुई।
.
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, यूपी में इस वक्त बारिश लोकल मौसमी इफेक्ट के चलते हो रही है। मानसून के बादल अभी यूपी में नहीं हैं। वह दक्षिण भारत, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में अच्छी बारिश करा रहे हैं।
सोमवार को प्रदेश के पश्चिम जिलों सहारनपुर, लखीमपुर, मुरादाबाद, अमरोहा, मुजफ्फरनगर, रामपुर, बिजनौर और बदायूं में अच्छी बारिश हुई। सहारनपुर में इतनी बारिश हुई कि भूतेश्वर महादेव मंदिर के रास्ते में कमर तक पानी भर गया। यहां 45 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। मुरादाबाद में भी 46 मिलीमीटर बारिश हुई।
हालांकि, प्रदेश में बारिश के औसत की बात की जाए तो 15 जिलों में 1.5 मिलीमीटर ही बारिश रिकॉर्ड हुई। अगर पश्चिम की बात की जाए तो यहां के 13 जिलों में 3.5MM बारिश का औसत रिकॉर्ड किया गया है। पूर्वी यूपी में सोनभद्र और वाराणसी छोड़कर किसी भी जिले में बारिश नहीं हुई।
पहाड़ में बारिश, यूपी के 10 जिले प्रभावित
प्रदेश में 1 जून से 22 जुलाई के बीच 259.8 MM बारिश हुई, जोकि 30 साल के औसत से 8% कम है। नेपाल और पहाड़ों में हो रही बारिश से यूपी की नदियां उफान पर है। लखीमपुर, गोरखपुर, महाराजगंज, गोंडा, बहराइच समेत 10 जिलों के कुछ हिस्से बाढ़ से प्रभावित हैं।
गोरखपुर में राप्ती नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। 20 दिनों से आसपास के 55 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। 30 हजार लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। लोग छतों पर पन्नी डालकर गुजर-बसर कर रहे हैं। वहीं, आजमगढ़ में घाघरा नदी खतरे के निशान के करीब पहुंच गई। नदी से सटे इलाकों में पानी घुस गया।
बाढ़-बारिश की 3 तस्वीरें देखिए….
22 जुलाई से संसद का मानसून सत्र शुरू हुआ। दिल्ली में भी बारिश का दौर जारी है। अखिलेश यादव छाता लेकर संसद पहुंचे।
आजमगढ़ में घाघरा खतरे के निशान के करीब पहुंच गई। आस-पास के गांवों में पानी घुस गया है। लोग नाव से आते-जाते हैं।
गोरखपुर में 20 दिन से बाढ़ जैसे हालात हैं। 30 हजार लोग प्रभावित हैं।
यूपी में 2 दिन लेट हुआ मानसून
यूपी में बारिश कराने के बाद मानसून के बादल 13 दिनों से दक्षिण भारत, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में अच्छी बारिश करा रहे हैं। यूपी में 25 जुलाई तक मानसून के एक्टिव होने का अनुमान था, लेकिन अब इसमें 2 दिन और लेट हो सकता है। मानसून की ट्रफ लाइन और लो प्रेशर वाला एरिया अभी भी यूपी से दूर दक्षिण दिशा में है।
चिपचिपी गर्मी का सितम जोरों पर
मानसून के महीने में यूपी बारिश की कमी से जूझ रहा। मई-जून की ओवर हीटिंग वाला मौसम झेलने के बाद अब प्रदेश में चिपचिपी गर्मी का सितम जोरों पर है। तापमान 40 डिग्री और नमी 60% से भी ऊपर है। कहीं-कहीं गर्मी ज्यादा होने से छिटपुट बारिश हो रही, लेकिन थोड़ी ही देर में फिर से तेज धूप निकल जा रही। सोमवार को आगरा सबसे गर्म जिला रहा। यहां का तापमान 39.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
आगे कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, यूपी में अगले 4 दिनों तक अलग-अलग जिलों में बारिश का अलर्ट है। तापमान और उमस में कोई कमी नहीं आने वाली है। 5 दिनों बाद यानी 27 जुलाई से जोरदार बारिश हो सकती है।