युवती ने फंदा लगा जान दी, मां ने मौसी सहित दो लगाए आरोप – Sonipat News

.
राठधाना गांव में युवती ने मामा के घर फंदा लगाकर जान दे दी। सूचना पर सेक्टर-27 पुलिस एफएसएल टीम के साथ पहुंचकर जांच की। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया गया। दिल्ली के गांव कटेवड़ा निवासी मृतका की मां सुमन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके तीन बच्चे हैं। बड़ी बेटी अंजली 19 साल की है, प्रियंका 17 साल की थी और बेटा वंश 13 साल का है। सुमन ने बताया कि वह छह साल से पति जयभगवान से अलग रह रही है। बेटी प्रियंका बचपन से ही नानी राजन के पास गांव राठधाना में रहती थी। डेढ़ साल पहले नानी की मौत हो गई। इसके बाद भी प्रियंका उसके पास नहीं आई।
वह मामा चेतराम के मकान में रहने लगी। सुमन ने बताया कि चेतराम कुछ समय पहले किसी केस में जेल चला गया। इसके बाद प्रियंका, उसकी मौसी मंजीत पत्नी रामबीर निवासी राठधाना के साथ रहने लगी। सुमन का आरोप है कि मंजीत और उसका भाई प्रियंका को तंग करते थे। इसी से परेशान होकर प्रियंका ने आत्महत्या कर ली। सुमन ने पुलिस से मांग की है कि दोनों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए और बेटी का पोस्टमार्टम कराया जाए।
पुलिस ने सुमन की शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-27 में धारा 107, 3(5) BNS के तहत केस दर्ज किया है। मामले की जांच एएसआई विकास को सौंपी गई है।