यमुनानगर में नहर से मिला अज्ञात युवक का शव: पतागढ़ के पास बहता दिखा, 4-5 दिन पुराना, गल कर सफेद हुए हाथ – Yamunanagar News

यमुना नहर में से शव को बाहर निकालते गोताखोर।
यमुनानगर में नहर में एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ है। गांव पतासगढ़ के नजदीक किसी ने इस शव को पानी में बहता देखा तो डायल 112 पर सूचित किया। वहीं थाना सदर से भी पुलिस मौके पर पहुंच गई।
.
गोताखोर राजीव की मदद से शव को जानी से बाहर निकाल कपड़ों की तलाशी ली, लेकिन कुछ नहीं मिला। गोताखोर का कहना है कि शव चार से पांच दिन पुराना है। पानी में पड़े रहने की वजह से पूरा फूल चुका है। हाथ और पांव भी गलकर सफेद पड़ चुके थे। शव की अभी शिनाख्त नहीं हो पाई है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। 72 घंटे तक उसके परिजनों का इंतजार किया जाएगा। उसके बाद उसका अंतिम संस्कार कर दिया जाएगा। गोताखोर के मुताबिक माना जा रहा था कि यह शव 17 दिन से नहर में लापता कमल का हो सकता है, लेकिन कपड़ों की पहचान से यह किसी और व्यक्ति का प्रतीत होता है।
मौके पर पहुंचे मामले में जांच अधिकारी निर्मल सिंह ने बताया कि करीब साढ़े चार बजे डायल 112 से सदर थाने में सूचना मिली थी। मौके पर गोताखोर और एंबुलेंस बुलाई गई है। कड़ी मशक्कत के बाद करीब छह बजे शव को पानी से बाहर निकाला। शव के कपड़ों से किसी भी प्रकार की कोई आईडी नहीं मिली है।
निर्मल सिंह ने बताया कि शव के ऊपर काले रंग की पेंट और संतरी रंग की टीशर्ट डली हुई है। देखने में इसकी उम्र 30 के करीब लग रही है। शव की तस्वीर पहचान के लिए सभी थानों में पहुंचाई जाएगी। गोताखोर राजीव ने बताया कि गर्मियों के दिनों में लोग नहरों में नहाने जाते हैं तो इस प्रकार के हादसे हो जाते हैं। वे अपने स्तर पर भी युवक की शिनाख्त का प्रयास कर रहे हैं।