Published On: Sat, Jul 13th, 2024

मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ: अब से 25 जून को ‘संविधान हत्या दिवस’; केजरीवाल को जमानत, फिर भी जेल में रहेंगे; UP के 800 गांव डूबे


  • Hindi News
  • National
  • Dainik Bhaskar News Headlines;Anant Ambani Radhika Merchant Wedding | Rahul Gandhi Vs Smriti Irani | Samvidhan Hatya Diwas 25 June

34 मिनट पहलेलेखक: शुभांक शुक्ला, न्यूज ब्रीफ एडिटर

  • कॉपी लिंक

नमस्कार,

कल की बड़ी खबर 1975 में लगी इमरजेंसी से जुड़ी रही। सरकार ने 25 जून को ‘संविधान हत्या दिवस’ घोषित कर दिया है। इसी दिन तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने देश में इमरजेंसी लगाई थी। दूसरी बड़ी खबर CM केजरीवाल को मिली जमानत से रही। जमानत मिलने के बाद भी वे जेल में रहेंगे। इसकी वजह हम आगे बताएंगे…

लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर…

  1. 7 राज्यों की 13 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे घोषित होंगे।
  2. भारत और जिम्बाब्वे के बीच टी20 सीरीज का चौथा मुकाबला हरारे स्पोर्ट्स क्लब ग्राउंड में होगा।

अब कल की बड़ी खबरें…

1. 25 जून को मनाया जाएगा ‘संविधान हत्या दिवस’, केंद्र सरकार ने नोटिफिकेशन जारी किया

इंदिरा गांधी ने 25 जून 1975 को आधी रात से ठीक पहले इमरजेंसी का ऐलान किया था। इमरजेंसी के खिलाफ जयप्रकाश नारायण, अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी जैसे कई दिग्गज नेता अरेस्ट हो गए थे।

इंदिरा गांधी ने 25 जून 1975 को आधी रात से ठीक पहले इमरजेंसी का ऐलान किया था। इमरजेंसी के खिलाफ जयप्रकाश नारायण, अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी जैसे कई दिग्गज नेता अरेस्ट हो गए थे।

केंद्र सरकार ने 25 जून को ‘संविधान हत्या दिवस’ घोषित कर दिया है। सरकार ने इसका नोटिफिकेशन भी जारी किया है। गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X में लिखा कि 25 जून 1975 को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने अपनी तानाशाही मानसिकता को दर्शाते हुए आपातकाल लगाया था। उन्होंने लोकतंत्र की आत्मा का गला घोंटा था। लाखों लोगों को अकारण जेल में डाल दिया गया था और मीडिया की आवाज को दबा दिया गया था।

PM मोदी ने भी ट्वीट किया: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ’25 जून को संविधान हत्या दिवस के रूप में मनाना इस बात की याद दिलाएगा कि उस दिन क्या हुआ था और भारत के संविधान को कैसे कुचला गया था। ये भारत के इतिहास में कांग्रेस द्वारा लाया गया एक काला दौर था।’

सरकार के इस फैसले पर कांग्रेस का बयान: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, ‘पिछले 10 सालों में इस सरकार ने हर दिन संविधान हत्या दिवस ही तो मनाया है। भाजपा ने देश के हर गरीब और वंचित तबके से हर पल उसका आत्म सम्मान छीना है। उन्होंने आगे कहा कि मध्य प्रदेश में भाजपा नेता आदिवासियों पर पेशाब करता है। यूपी के हाथरस में दलित बेटी का पुलिस जबरन अंतिम संस्कार करती है। अगर यह संविधान की हत्या नहीं तो और क्या है? खड़गे ने मणिपुर हिंसा से लेकर नोटबंदी जैसे मुद्दे गिनाए। उन्होंने कहा कि इस सरकार के मुंह से संविधान की बातें अच्छी नहीं लगती है।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

2. राहुल गांधी स्मृति ईरानी के बचाव में आए, कहा- उनके खिलाफ अपमानजनक भाषा ठीक नहीं

स्मृति ईरानी समेत चार पूर्व केंद्रीय मंत्रियों ने 11 जुलाई को लुटियंस दिल्ली में अपने सरकारी बंगले खाली कर दिए हैं। यह खबर सामने आने के बाद से लगातार सोशल मीडिया पर स्मृति ईरानी को ट्रोल किया जा रहा था। यह देखकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भाजपा नेता स्मृति ईरानी का बचाव किया है।

राहुल ने लोगों से अपील की: कांग्रेस नेता ने X पर एक पोस्ट में लिखा- ‘जीवन में हार-जीत तो होती रहती है। मैं सभी से अपील करता हूं कि वे स्मृति ईरानी या किसी और नेता के लिए अपमानजनक भाषा के इस्तेमाल और बुरा व्यवहार करने से बचें। लोगों को अपमानित करना कमजोरी की निशानी है, ताकत की नहीं।’

हार के बाद बंगला खाली किया: स्मृति ईरानी ने अमेठी सीट से दूसरी बार लोकसभा चुनाव लड़ा, लेकिन उन्हें कांग्रेस नेता किशोरी लाल शर्मा ने 1.5 लाख से ज्यादा वोटों से हराया। इसी के बाद उन्हें सरकारी बंगला खाली करना पड़ा। कांग्रेस के समर्थकों ने उनकी हार को अपमानजनक हार कहा।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

3. शराब नीति मामले में केजरीवाल को ED केस में जमानत, CBI केस में जेल में ही रहेंगे

ED ने शराब नीति केस में 21 मार्च को और CBI ने 26 जून को अरविंद केजरीवाल को अरेस्ट किया था।

ED ने शराब नीति केस में 21 मार्च को और CBI ने 26 जून को अरविंद केजरीवाल को अरेस्ट किया था।

शराब नीति घोटाले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को सुप्रीम कोर्ट ने अंतरिम जमानत दे दी है। जस्टिस संजीव खन्ना ने जमानत देते हुए कहा- केजरीवाल 90 दिन से जेल में हैं। इसलिए उन्हें रिहा किए जाने का निर्देश देते हैं। हम जानते हैं कि वह चुने हुए नेता हैं और ये उन्हें तय करना है कि वे मुख्यमंत्री बने रहना चाहते हैं या नहीं। जस्टिस खन्ना ने यह भी कहा कि हम ये मामला बड़ी बेंच को ट्रांसफर कर रहे हैं। गिरफ्तारी की पॉलिसी क्या है, इसका आधार क्या है। इसके लिए हमने ऐसे 3 सवाल भी तैयार किए हैं। बड़ी बेंच अगर चाहे तो केजरीवाल की अंतरिम जमानत पर बदलाव कर सकती है।

केजरीवाल जेल में रहेंगे: केजरीवाल को ED के मनी लॉन्ड्रिंग केस में जमानत मिली है। उनके खिलाफ दूसरा मामला CBI का है। जिसमें उनकी न्यायिक हिरासत 25 जुलाई तक बढ़ गई है, इसलिए वे जेल से बाहर नहीं आ पाएंगे।

ED बोली- केजरीवाल शराब नीति केस के सरगना: शराब नीति केस में ED ने गुरुवार को दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट में 208 पेज की सातवीं सप्लिमेंट्री चार्जशीट पेश की। इसमें दिल्ली CM अरविंद केजरीवाल को केस का सरगना और साजिशकर्ता बताया गया। यह भी कहा गया कि स्कैम से मिला पैसा आम आदमी पार्टी के इलेक्शन कैंपेन पर खर्च हुआ।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

4. नेपाल में सरकार गिरी, PM प्रचंड ने दिया इस्तीफा, चीन समर्थक ओली प्रधानमंत्री बन सकते हैं

नेपाल में प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल उर्फ प्रचंड ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। वह संसद में विश्वासमत हासिल करने में नाकाम रहे। वे सिर्फ 1 साल 6 महीने ही प्रधानमंत्री रह पाए। फ्लोर टेस्ट में उन्हें 275 में से सिर्फ 63 सांसदों का साथ मिला। नेपाल की नेशनल असेंबली के 194 सांसदों ने उनके खिलाफ वोट किया। उन्हें सरकार बचाने के लिए 138 सांसदों के समर्थन की जरूरत थी।

सरकार गिरने की वजह: इस महीने की शुरुआत में चीन समर्थक केपी शर्मा ओली की पार्टी CPN-UML ने प्रधानमंत्री प्रचंड की कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ नेपाल से गठबंधन तोड़ लिया था। इसके बाद उनकी सरकार अल्पमत में आ गई थी। नेपाल के संविधान के आर्टिकल 100 (2) के तहत उन्हें एक महीने में बहुमत साबित करना था। वे इसमें फेल हो गए। अब देश के अगले प्रधानमंत्री चीन समर्थक ओली बन सकते हैं।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

5. UP के 800 गांव बाढ़ में डूबे; बद्रीनाथ रूट पर लैंडस्लाइड, 4 हजार श्रद्धालु फंसे

तेज बारिश के कारण नेपाल-UP बॉर्डर के करीब 7 जिलों में बाढ़ जैसे हालात हैं। पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर और महराजगंज के करीब 800 गांव में 20 लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। NDRF और SDRF की टीमें रेस्क्यू में जुटी हैं। UP की कई नदियां उफान पर हैं। दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर शाहजहांपुर में करीब 2 से 3 फीट पानी भर गया है। इस कारण हाईवे का एक हिस्सा बंद कर दिया गया है। गाड़ियों को डाइवर्ट करके निकाला जा रहा है।

चारों धाम गए श्रद्धालु फंसे: उत्तराखंड में लगातार पांच दिन से हो रही बारिश और भूस्खलन के कारण 200 सड़कें बंद हैं। सबसे खराब हालात बद्रीनाथ रूट पर है, जहां 22 जगह लैंडस्लाइड से चार धाम यात्रा मार्ग 3 दिन से बंद है। 4 हजार श्रद्धालु सड़कों पर फंसे हैं।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

6. कंगना बोलीं- मुझसे मिलने वाले स्थानीय आधार कार्ड लेकर आएं, मिलने का कारण भी लिखकर लाएं

हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा सीट से सांसद और बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनोट ने कहा है कि उनसे मिलने वाले मंडी क्षेत्र का आधार कार्ड लेकर आएं। मिलने आने वाले लोगों को अपने आने का मकसद कागज पर लिखकर लाना होगा। कंगना के इस बयान पर कांग्रेस ने नाराजगी जताई है। हिमाचल के PWD मंत्री और कांग्रेस नेता विक्रमादित्य सिंह कहा- एक जनप्रतिनिधि के लिए यह उचित नहीं है कि वह सिर्फ अपने संसदीय क्षेत्र के लोगों से ही मिले। हमारे दरवाजे सबके लिए खुले हैं।

7. अनंत-राधिका विवाह के बंधन में बंधे, 2 हजार से ज्यादा सेलिब्रेटी और नेता पहुंचे

अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट शादी के बंधन में बंध गए। शादी की रस्में जियो वर्ल्ड सेंटर में हुईं।

अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट शादी के बंधन में बंध गए। शादी की रस्में जियो वर्ल्ड सेंटर में हुईं।

अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट शादी के बंधन में बंध गए हैं। जियो वर्ल्ड सेंटर में वरमाला के बाद सात फेरे और सिंदूर दान की रस्में निभाई गईं। समारोह में 2 हजार से ज्यादा सेलिब्रेटी और नेता पहुंचे। प्रियंका चोपड़ा, शाहरुख खान, रजनीकांत, रेसलर जॉन सीना, रणवीर सिंह, संजय दत्त, जान्हवी कपूर और अर्जुन कपूर ने खूब डांस किया। अनंत-राधिका की शादी का जश्न 19 महीने से चल रहा है। दोनों का रोका 29 दिसंबर 2022 को हुआ था। आज और कल रिसेप्शन होगा। आज शुभ आशीर्वाद फंक्शन होगा। इसमें PM मोदी, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह समेत कई नेता शामिल हो सकते हैं।

शादी की थीम बनारस के यशोगान पर रखी गई: बनारस की परंपरा, धार्मिकता, संस्कृति, कला-शिल्प और व्यंजनों के ​जरिए इसे सेलिब्रेट किया गया। हाल ही में नीता अंबानी ने कहा था कि शादी के सेलिब्रेशन में हमने कोशिश की है कि हम भारत की संस्कृति, सभ्यता और विरासत को ट्रिब्यूट दे सकें। हम शादी के दौरान बनारस की पवित्रता, सुंदरता को जीवंत करेंगे।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

8. शहीद के पिता बोले- बहू ने मेडल छूने नहीं दिया, मैंने बेटी जैसा माना, लेकिन बहू ने हमें छोड़ दिया

देवरिया के शहीद कैप्टन अंशुमान सिंह के माता-पिता और उनकी बहू के बीच विवाद सुर्खियों में हैं। पिता रवि प्रताप सिंह ने दैनिक भास्कर से कहा- बहू स्मृति ने बेटे को मिला कीर्ति चक्र छूने तक नहीं दिया। 3-4 दिन तक दिल्ली में साथ रही, लेकिन बात नहीं की। कीर्ति चक्र मिलने की कोई निशानी हमारे पास नहीं है। बहू स्मृति ने बेटे का एड्रेस बदलवाकर मेरी पहचान छीनने की कोशिश की। उसे बेटे से जुड़ी यादों से कोई मतलब नहीं। मैंने तो उसे बेटी माना था। अपने छोटे बेटे से उसकी शादी के लिए तैयार था, लेकिन सोचा नहीं था, ऐसा करेगी। उसने हम लोगों को छोड़ दिया। उसे सिर्फ पैसा चाहिए था।

2023 में शहीद हुए थे अंशुमान: देवरिया के कैप्टन अंशुमान सिंह 19 जुलाई 2023 को सियाचिन ग्लेशियर में शहीद हो गए थे। वहां भारतीय सेना के टेंट में आग लग गई थी। कई जवान आग में फंस गए। अपनों को आग से घिरा देख रेजिमेंटल मेडिकल ऑफिसर कैप्टन अंशुमान सिंह खुद को नहीं रोक सके। साथियों को बचाने की कोशिश में कैप्टन अंशुमान शहीद हो गए थे। 5 जुलाई 2024 को शहीद अंशुमान सिंह को कीर्ति चक्र मिला था।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

आज का कार्टून By मंसूर नकवी…

कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…

  1. पॉलिटिक्स: महाराष्ट्र MLC चुनाव,NDA ने 11 में से 9 सीटें जीतीं: I.N.D.I.A के 2 कैंडिडेट जीते, कांग्रेस के 7 से 8 विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की (पढ़ें पूरी खबर)
  2. नेशनल: हाथरस हादसे पर सुप्रीम कोर्ट का सुनवाई से इनकार: कहा- हाईकोर्ट जाएं, याचिका में जांच कमेटी की मांग की गई थी (पढ़ें पूरी खबर)
  3. नेशनल: NEET केस में आरोपी गंगाधर गुंडे को जमानत मिली: CBI ने एक जैसे नाम की वजह से गलत व्‍यक्ति को पकड़ा था (पढ़ें पूरी खबर)
  4. नेशनल: आंध्र प्रदेश के पूर्व CM जगन रेड्डी के खिलाफ FIR: TDP विधायक ने हत्या की कोशिश का आरोप लगाया; दो IPS अफसरों पर भी केस दर्ज (पढ़ें पूरी खबर)
  5. यूपी: बहन का शव कंधे पर लेकर 5KM चले भाई: लखीमपुर में एक भाई थकता तो दूसरा शव उठाता; बाढ़ की वजह से इलाज नहीं करा पाए (पढ़ें पूरी खबर)
  6. इंटरनेशनल: नाटो समिट में बाइडेन की जुबान फिसली: पहले जेलेंस्की को पुतिन फिर कमला हैरिस को ट्रम्प कहा, आलोचना पर बोले- इससे नुकसान तो नहीं हुआ (पढ़ें पूरी खबर)
  7. इंटरनेशनल: नेपाल में लैंडस्लाइड से 2 बसें नदी में गिरीं: 50 से ज्यादा पैसेंजर लापता, ड्राइवर सहित 7 भारतीयों की मौत; 2 ने कूदकर जान बचाई (पढ़ें पूरी खबर)
  8. बिजनेस: जून में खुदरा महंगाई दर बढ़कर 5.08% हुई: यह 4 महीने का उच्चतम स्तर, खाने-पीने का सामान महंगा होने से बढ़ी महंगाई (पढ़ें पूरी खबर)

अब खबर हटके…

यूपी में व्यक्ति को सांप ने 7वीं बार काटा, मामले की जांच होगी

परिजनों के साथ बैठा विकास।

परिजनों के साथ बैठा विकास।

यूपी के फतेहपुर में 24 साल के विकास दुबे को सांप ने 40 दिन में 7 बार काटा। सांप उसे हर बार शनिवार-रविवार को ही डसता है। मामले की जांच के लिए CMO ने तीन डॉक्टरों की टीम बनाई है। इसमें पता लगाया जाएगा कि आखिर मामले की हकीकत क्या है? साथ में यह भी पता लगाया जाएगा कि सांप के डसने के बाद विकास एक ही प्राइवेट अस्पताल क्यों जाता है। वहीं, दूसरी तरफ वन विभाग सांप को पकड़ने की कोशिश कर रहा है।

भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं…

इन करेंट अफेयर्स के बारे में विस्तार से पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…

आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…

मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…

.



Source link

About the Author

-

Leave a comment

XHTML: You can use these html tags: <a href="" title=""> <abbr title=""> <acronym title=""> <b> <blockquote cite=""> <cite> <code> <del datetime=""> <em> <i> <q cite=""> <s> <strike> <strong>