Published On: Sat, Jul 27th, 2024

मैं हूं ना; जेल में बंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता ने संभाल लिया एक और मोर्चा


ऐप पर पढ़ें

मैं हूं ना…; कुछ इसी भाव के साथ सुनीता केजरीवाल एक के बाद एक मोर्चा संभाल रही हैं और पार्टी में पति अरविंद केजरीवाल की कमी को पूरा करने के लिए भरसक कोशिश कर रही हैं। कथित शराब घोटाले से जुड़े केस में जेल में बंद दिल्ली के मुख्यमंत्री की पत्नी सुनीता अब एक और जिम्मेदारी अपने हाथ में ले चुकी हैं। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक की गैरमौजूदगी में सुनीता हरियाणा विधानसभा चुनाव में प्रचार का जिम्मा संभालने जा रही हैं। वह अपने ‘ससुराल’ में पार्टी का प्रमुख चेहरा होंगी।   

सीएम अरविंद केजरीवाल की अनुपस्थिति में आप ने उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल को अपना स्टार प्रचारक बनाया है। आगामी हरियाणा विधानसभा चुनाव को देखते हुए आम आदमी पार्टी ने वहां चुनाव प्रचार अभियान शुरू कर दिया है। उसी कड़ी में सुनीता केजरीवाल 27 जुलाई से दो दिन के हरियाणा दौरे पर रहेंगी। वहां अलग-अलग जगहों पर चुनावी सभा करेंगी। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल मूल रूप से हरियाणा के हैं। ऐसे में सुनीता खुद को हरियाणा की बहू बताते हुए जेल में बंद पति के हक में वोटिंग की भावुक अपील करती दिखेंगी। 

यह पहला मौका नहीं है जबकि सुनीता केजरीवाल आम आदमी पार्टी के लिए चुनाव प्रचार की अहम हिस्सा रही है। लोकसभा चुनाव के दौरान जब अरविंद केजरीवाल को जमानत नहीं मिल रही थी तो उन्होंने अरविंद केजरीवाल की जगह रोड शो करके पार्टी के लिए वोट मांगा था। अब फिर अरविंद केजरीवाल जेल में है तो बीते दिनों उन्होंने हरियाणा चुनाव के प्रचार अभियान व केजरीवाल की गारंटी की घोषणा करते हुए प्रचार अभियान की शुरूआत की थी। अब 27 और 28 जुलाई को फिर हरियाणा चुनाव प्रचार के लिए जा रही हैं।

पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी से मुलाकात की

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी शुक्रवार को सुनीता केजरीवाल से मुलाकात करने सिविल लाइंस स्थित मुख्यमंत्री आवास पर पहुंचीं। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद पहली बार वह उनके परिवार से मिलने पहुंची थीं। सुनीता केजरीवाल से मुलाकात करके उन्हें इस लड़ाई में साथ होने का आश्वासन दिया। उन्होंने अरविंद केजरीवाल के माता-पिता से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान आप के पंजाब से राज्यसभा सांसद राघव चड्ढ़ा भी मौजूद रहे। इससे पहले पंजाब से आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह ने भी सुनीता केजरीवाल से उनके आवास पर मुलाकात की।

.



Source link

About the Author

-

Leave a comment

XHTML: You can use these html tags: <a href="" title=""> <abbr title=""> <acronym title=""> <b> <blockquote cite=""> <cite> <code> <del datetime=""> <em> <i> <q cite=""> <s> <strike> <strong>