Published On: Thu, Aug 15th, 2024

मुख्यमंत्रियों ने ध्वजारोहण कर प्राथमिकताएं गिनाईं


गुवाहाटी/इंफाल, एजेंसी। विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने स्वतंत्रता दिवस पर गुरुवार को ध्वजारोहण के बाद अपनी-अपनी प्राथमिकताओं का उल्लेख किया। इस दौरान असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्व सरमा ने बांग्लादेशी हिंदुओं की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। वहीं, मणिपुर के मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने शांति बहाल करने के लिए अपनी सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने बांग्लादेश की मौजूदा स्थिति पर चिंता जताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पड़ोसी देश में रहने वाले हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी कूटनीतिक उपायों को तलाशने का आग्रह किया। उन्होंने बांग्लादेश के साथ अंतरराष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा करने और घुसपैठियों को भारत में प्रवेश करने से रोकने के लिए बीएसएफ और असम पुलिस को धन्यवाद दिया।

मणिपुर में अशांति के लिए बाहरी तत्वों को जिम्मेदार बताया

मणिपुर के मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने प्रथम मणिपुर राइफल्स ग्राउंड में समारोह को संबोधित करते हुए राज्य में शांति बहाल करने के लिए अपनी सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया। उन्होंने मौजूदा अशांति के लिए बाहरी तत्वों को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा, मणिपुर किसी एक समुदाय के लिए नहीं है। हम सभी को एकजुट और मजबूत भारत के लिए एक साथ खड़ा होना चाहिए।

नगा मुद्दे के सुलझने की उम्मीद

नगालैंड के मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो ने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार लंबे समय से चले आ रहे नगा राजनीतिक मुद्दे को सुलझाने में मदद करेगी। उन्होंने इस मुद्दे का जल्द समाधान खोजने के लिए अपनी सरकार की प्रतिबद्धता की पुष्टि की। रियो ने कहा, हम जल्द समाधान तलाशने के लिए सभी हितधारकों के साथ बातचीत जारी रखेंगे।

सिक्किम में एकीकृत भूमि रिकॉर्ड प्रबंधन प्रणाली की शुरुआत

सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर एक वेब-आधारित एकीकृत भूमि रिकॉर्ड प्रबंधन प्रणाली का उद्घाटन किया। भूमि राजस्व और आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा विकसित इस प्रणाली का उद्देश्य भूमि रिकॉर्ड को अधिक कुशलतापूर्वक सुव्यवस्थित और प्रबंधित करना है।

डीके शिवकुमार के कदम पर राजनीतिक अटकलें

कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने स्वतंत्रता दिवस पर चन्नपटना में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। चन्नपटना में उपचुनाव होना है और शिवकुमार के इस कदम के राजनीतिक अर्थ निकाले जा रहे हैं। कांग्रेस की राज्य इकाई के प्रमुख शिवकुमार न तो चन्नपटना का प्रतिनिधित्व करते हैं और न ही रामनगर जिले के प्रभारी मंत्री हैं। रामनगर जिले का नाम हाल ही में बेंगलुरु दक्षिण रखा गया है, जिसके अंतर्गत चन्नपटना तालुक आता है। चन्नपटना में समारोह में पहली बार भाग लेने वाले उपमुख्यमंत्री ने हाल के दिनों में उपचुनाव लड़ने के पर्याप्त संकेत दिए हैं। शिवकुमार वर्तमान में पड़ोसी कनकपुरा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं।

.



Source link

About the Author

-

Leave a comment

XHTML: You can use these html tags: <a href="" title=""> <abbr title=""> <acronym title=""> <b> <blockquote cite=""> <cite> <code> <del datetime=""> <em> <i> <q cite=""> <s> <strike> <strong>