मुंबई में तेज रफ्तार BMW ने दंपति को टक्कर मारी: महिला की मौत; शिवसेना नेता का बेटा गाड़ी चला रहा था, एक्सीडेंट के बाद फरार

मुंबईकुछ ही क्षण पहले
- कॉपी लिंक

दंपति स्कूटी पर सवार थे। कार से टक्कर के बाद पति-पत्नी बोनट पर गिर गए।
महाराष्ट्र के पुणे में चर्चित पोर्श एक्सीडेंट केस के बाद मुंबई में रविवार (7 जुलाई) को हिट-एंड-रन की एक और घटना हुई। मुंबई के वर्ली में रविवार (7 जुलाई) सुबह एक तेज रफ्तार BMW ने स्कूटी सवार दंपति को टक्कर मार दी। आरोपी ने मौके से भागने के दौरान 45 साल की महिला को कार से 100 मीटर तक घसीटा, जिससे उसकी मौत हो गई। पति घायल है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, कार मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की पार्टी शिवसेना के नेता राजेश शाह का 24 साल का बेटा मिहिर शाह चला रहा था। उसके साथ ड्राइवर भी था। घटना के बाद से मिहिर फरार है। पुलिस ने राजेश शाह और ड्राइवर को हिरासत में लिया है। कार भी जब्त कर ली है।

मृत महिला की फाइल फोटो।
मछली खरीदकर स्कूटी से लौट रहे थे कपल
NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने बताया कि वर्ली के कोलीवाड़ा इलाके में रहने वाले प्रदीप नखवा और उनकी पत्नी कावेरी नखवा मछुआरे समुदाय के है। दोनों हर रोज ससून डॉक पर मछली खरीदने जाते थे।
आज भी हर रोज की तरह ससून डॉक से लौट रहे थे। इसी दौरान सुबह 5:30 बजे अटरिया मॉल के पास एक तेज रफ्तार BMW ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी पलट गई और दोनों पति-पत्नी कार के बोनट पर गिर गए।
पति खुद को बचाने की कोशिश में बोनट से तुरंत कूद गया, लेकिन पत्नी उठ नहीं सकी। भागने की हड़बड़ी में आरोपी ने महिला को कुचल दिया और कार से करीब 100 मीटर तक घसीटा।
इसके बाद आरोपी मिहिर और उसका ड्राइवर कार लेकर भाग गए। घायल महिला को मुंबई सेंट्रल स्थित नायर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पति का फिलहाल इलाज चल रहा है।

मछुआरे दंपति हर रोज मछली लाने के लिए ससून डॉक जाते थे। आज भी वे ससून डॉक गए थे। लौटने के दौरान हादसा हुआ।
घटना के बाद कार पर लगा पार्टी का स्टिकर हटाने की कोशिश की
हादसे के बाद वर्ली पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी चेक किए, जिससे पता चला की गाड़ी शिवसेना नेता राजेश शाह की है। राजेश शाह पालघर में शिवसेना के शिंदे गुट के डिप्टी लीडर हैं।
वर्ली पुलिस ने हिट-एंड-रन का मामला दर्ज कर सफेद रंग की BMW कार जब्त की है। पुलिस की जांच में सबूत मिटाने की कोशिश की बात भी सामने आई है। कार की विंडशील्ड पर शिवसेना का स्टिकर लगा हुआ था।
घटना के बाद स्टिकर को खरोंचकर हटाने की कोशिश की गई, ताकि पार्टी के साथ गाड़ी का कनेक्शन छिपाया जा सके। कार की एक नंबर प्लेट भी हटा दी गई, लेकिन पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को स्कैन किया, जिससे कार मालिक का पता चल गया।
शिवसेना नेता का बेटा जुहू के बार से शराब पीकर लौट रहा था
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मिहिर शाह घटना के वक्त नशे में था। उसने शनिवार (6 जुलाई) की रात जुहू के एक बार में शराब पी। घर जाते समय उसने ड्राइवर से लॉन्ग ड्राइव पर चलने को कहा।
वर्ली में मिहिर ने गाड़ी ड्राइव करने की जिद की और कार चलाने लगा। थोड़ी दूर आगे बढ़ने के बाद उसने दंपति को टक्कर मार दी। घटना के बाद से उसने अपना फोन बंद कर लिया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
CM शिंदे बोले- किसी को बख्शा नहीं जाएगा

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मुंबई की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कार्रवाई का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा, ‘कानून अपना काम करेगा, कानून के सामने हर कोई बराबर है। मैंने पुलिस से बात की है और सख्त कार्रवाई की जाएगी। जो भी दोषी है, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। हम सभी के साथ समान व्यवहार करते हैं।’
आदित्य ठाकरे बोले- आरोपी को गिरफ्तार किया जाए

आदित्य ठाकरे ने X पर लिखा- मुझे उम्मीद है कि पुलिस आरोपी को पकड़ने और उसे न्याय के कटघरे में लाने के लिए तेजी से कार्रवाई करेगी।
शिवसेना (उद्धव गुट) नेता आदित्य ठाकरे ने मुंबई के एक पुलिस स्टेशन में पीड़िता के पति से मुलाकात की। उन्होंने कहा- यह दिल दहला देने वाला है। मैं इसे कोई राजनीतिक रंग नहीं देना चाहता। हमने मांग की है कि अपराधी को गिरफ्तार किया जाए। मैं पीड़ित से मिला, उसने मुझे बताया कि यह कैसे हुआ। यह स्पष्ट रूप से हिट-एंड-रन का मामला है।
एक्स पर एक पोस्ट में शिवसेना नेता ने कहा कि गलत दिशा में कार चलाना, सिग्नल तोड़ना, तीन लोगों को गाड़ी से बैठाना मुंबई में यह सब बढ़ रहा है। अब तो हिट-एंड-रन जैसी घटनाएं भी होने लगी हैं। भले ही दुर्घटना करने वाले को तुरंत गिरफ्तार कर लिया जाए, लेकिन ऐसी घटनाएं न होने देना जरूरी है। इसके लिए हमें राजनीति से परे जाकर इस स्थिति को सुधारना होगा।
दो महीने पहले पुणे में दो सॉफ्टवेयर इंजीनियर की मौत हुई थी

मुंबई की घटना से करीब दो महीने पहले 18-19 मई की रात पुणे में लग्जरी कार की टक्कर से 24 साल के सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवक-युवती की मौत हुई थी। तब पुणे के एक नामी बिल्डर के नाबालिग बेटे ने करीब 2.5 करोड़ की पोर्श से बाइक सवार इंजीनियर्स को टक्कर मारी थी।
दोनों की घटना पर ही मौत हो गई थी। इस मामले में नाबालिग के पिता, उसकी मां और उसके दादा को हादसे के बाद सबूत मिटाने के प्रयास के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। जुवेनाइल बोर्ड ने 22 मई को नाबालिग आरोपी को बाल सुधार गृह में भेजा था। हालांकि, 25 जून को बॉम्बे हाईकोर्ट ने उसे जमानत दे दी। पुणे पोर्श हादसे की खबर पढ़ें…
ये खबर भी पढ़ें…
राज्यसभा सांसद की बेटी ने BMW से युवक को रौंदा: नशे में थी, थाने से ही मिल गई जमानत; चेन्नई की घटना

चेन्नई में राज्यसभा सांसद की बेटी ने फुटपाथ पर सो रहे एक व्यक्ति के ऊपर अपनी BMW कार चढ़ा दी। इससे उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद सांसद की बेटी को थाने से ही जमानत दे दी गई।
घटना सोमवार रात (17 जून) की है। आरोपी की पहचान YSR कांग्रेस पार्टी के राज्यसभा सांसद बीडा मस्तान राव की बेटी माधुरी के रूप में की गई। मृतक की पहचान 24 साल के सूर्या के रूप में हुई है। वह पेंटिग का काम करता था। उसकी आठ महीने पहले ही शादी हुई थी। पूरी खबर पढ़ें…