मां पर हथियार तान कर बेटी को किया किडनैप: दो माह से एक लड़का कर रहा था परेशान, एक तरफा प्यार में हुई वारदात – Begusarai News

बेगूसराय में एक तरफा प्यार में हथियार के बल पर जीएनएम की छात्रा का घर से अपहरण कर लिया गया है। हथियार से लैस बदमाश उसे घर से घसीटते हुए कार पर बैठाकर ले गए। अपहृत छात्रा
.
अपनी मां के साथ घर के बगल में गोशाला में थी। मवेशियों को चारा दे रही थी। इसी दौरान करीब 4 बदमाश आए और मां के सामने बेटी को ले गए। पीड़ित मां पर बदमाशों ने बंदूक तान रखा था। अपहरण में वो युवक भी शामिल है जो दो माह से छात्रा को रास्ते में परेशान कर रहा था, उसने प्रपोज भी किया था। पर छात्रा ने उसके प्रपोजल को ठुकरा दिया था। घटना मटिहानी थाना क्षेत्र की है।
रास्ते में एक लड़का परेशान करता था
सदर-टू डीएसपी भास्कर रंजन के नेतृत्व में पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। छात्रा मध्य प्रदेश से जीएनएम कर रही है। वह तृतीय वर्ष की छात्रा है। करीब छह महीने पहले उसने बेगूसराय के एक प्राइवेट अस्पताल में प्रैक्टिस करना शुरू किया।
घर से साइकिल पर सवार होकर बेगूसराय आती-जाती थी। मटिहानी का एक युवक रास्ते में रोककर उससे बात करने की कोशिश करता था, उसके नंबर मांगता था। पर छात्रा उसे इग्नोर करती थी।

लड़की की मां।
लड़के के परिजनों से शिकायत की थी
छात्रा के ना कहने के बाद भी ऋषिकेश नाम का युवक रास्ते में परेशान करता था। जिससे परेशान परिजनों ने छात्रा को अस्पताल भेजना छोड़ दिया। छात्रा के पिता ने आरोपी लड़के के परिजनों से इसकी शिकायत भी की थी। अपहृता के परिजनों का कहना है कि ऋषिकेश शराब कारोबारी है। हथियार सहित अन्य असामाजिक कार्य में लिप्त रहता है।

रास्ते में पड़ा अपहृता का चप्पल।
प्रेम-प्रसंग का मामला लग रहा
घटना की सूचना परिजनों ने तुरंत थाने को दी, लेकिन थाना की पुलिस नहीं पहुंची। परिजनों ने जब वरीय पदाधिकारी को सूचना दी तो करीब दो घंटे बाद थाना की पुलिस पहुंची और सदर-टू डीएसपी भास्कर रंजन जांच-पड़ताल करने के लिए पहुंचे।
डीएसपी भास्कर रंजन ने बताया कि प्रथम दृष्टया प्रेम-प्रसंग का मामला लग रहा है। ऋषिकेश कुमार घर के आसपास बराबर आता-जाता था। मामले का सत्यापन करते हुए लड़की को बरामद करने के लिए छापेमारी की जा रही है।