Published On: Mon, Sep 30th, 2024

महात्मा गांधी की जगह अनुपम खेर की तस्वीर वाले नोटों का क्या है सच

Share This
Tags


सोशल मीडिया पर 500 रुपए के नोट की कुछ तस्वीरें खूब वायरल हो रही हैं, जिन पर महात्मा गांधी की जगह अभिनेता अनुपम खेर की तस्वीरें लगी हैं। खुद अनुपम खेर भी इन नोटों को देखकर हैरान हैं।

Sudhir Jha लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्लीMon, 30 Sep 2024 05:03 AM
shareShare

सोशल मीडिया पर 500 रुपए के नोट की कुछ तस्वीरें खूब वायरल हो रही हैं, जिन पर महात्मा गांधी की जगह अभिनेता अनुपम खेर की तस्वीरें लगी हैं। खुद अनुपम खेर भी इन नोटों को देखकर हैरान हैं। कई लोग इन पर मीम्स भी बना रहे हैं। वहीं, अहमदाबाद पुलिस इन नोटों को छापने और इससे ठगी करने वाले लोगों की तलाश में जुटी है। आइए आपको बताते हैं आखिर यह पूरा माजरा है क्या।

सोशल मीडिया पर जो तस्वीरें वायरल हो रही हैं उन्हें देखकर भले ही आपको हंसी आए, लेकिन इनके जरिए एक गंभीर अपराध को अंजाम दिया गया है। अहमदाबाद में सर्राफा कंपनी के एक मालिक को 1.60 करोड़ रुपए का चूना लगा दिया गया। शहर के मानेक चौक इलाके में सर्राफा दुकान चलाने वाले मेहुल ठक्कर की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ एक मुकदमा दर्ज किया है।

इंडियन एक्सप्रेस की एक खबर के मुताबिक, ठक्कर को बताया गया था कि कुछ लोग 2100 ग्राम सोना खरीदना चाहते हैं। आरोपियों ने कहा कि वह सोने की डिलिवरी नवरंगपुरा इलाके में एक कूरियर कंपनी में चाहते हैं। ठक्कर का कर्मचारी सोना लेकर दिए गए पते पर पहुंचा। आरोपियों ने उसे एक प्लास्टिक कवर दिया और कहा कि इसमें 1.3 करोड़ रुपए हैं। उन्होंने कैश को मशीन में गिनने को कहा और तब तक वह 30 लाख रुपए दूसरी दुकान से लेकर आते हैं। यह कहते हुए दोनों आरोपी सोना लेकर वहां से चले गए। ठक्कर के कर्मचारी ने जब प्लास्टिक कवर खोला तो उसमें अनुपम खेर वाले नकली नोट मिले।

नवरंगपुरा पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया है। इंडियन एक्सप्रेस ने इंस्पेक्टर एए देसाई के हवाले से बताया, ‘आरोपियों ने कंपनी को ठगने के लिए पूरा प्लान तैयार किया था। कूरियर की कंपनी भी फर्जी निकली। कोई रजिस्टर्ड रेंट अग्रीमेंट नहीं मिला है। उन्होंने दुकान किराए पर ली थी, लेकिन बोर्ड भी फर्जी था। उन्होंने दुकान मालिक से कहा था कि 1-2 दिन में अग्रीमेंट बना लेंगे। उनकी ओर से दिए गए सभी नोट नकली हैं।’

एक तरफ जहां नोट पर महात्मा गांधी की जगह अनुपम खेर की तस्वीर लगा दी गई तो रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया की स्पेलिंग भी गलत है। नोटों के बंडल पर SBI की मुहर वाली एक पर्ची भी दिख रही है, जिन पर स्टेट बैंक भी गलत लिखा है। माना जा रहा है कि बच्चों के मनोरंजन के लिए छापे जाने वाले नोटों का इस्तेमाल ठगी के लिए किया गया। हालांकि, मनोरंजन वाले नोटों पर भी महात्मा गांधी की तस्वीर ही होती है। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया की जगह उस पर ‘मनोरंजन बैंक ऑफ इंडिया’ लिखा होता है। पहली बार इस तरह के नकली नोट सामने आए हैं।

कुछ भी हो सकता है: अनुपम खेर
न्यूज चैनल टीवी 9 के वीडियो को शेयर करते हुए अभिनेता अनुपम खेर ने हैरानी जाहिर की। उन्होंने एक्स पर लिखा, लो जी कर लो बात! पांच सौ के नोट पर गांधी जी की फोटो की जगह मेरी फोटो? कुछ भी हो सकता है!’



Source link

About the Author

-

Leave a comment

XHTML: You can use these html tags: <a href="" title=""> <abbr title=""> <acronym title=""> <b> <blockquote cite=""> <cite> <code> <del datetime=""> <em> <i> <q cite=""> <s> <strike> <strong>