बेगूसराय में महिला को गोली मारने वाला गिरफ्तार : बीजेपी कार्यकर्ता के घर के बाहर हो रही थी फायरिंग, पत्नी को लगी थी बुलेट – Begusarai News
![](https://net4newsonline.in/wp-content/uploads/2024/05/ad6-min.jpg)
बेगूसराय के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र डीहा गांव वार्ड नंबर-2 में मंगलवार देर शाम गोलीबारी हुई थी। जिसमें एक महिला घायल हो गई थी। मामले में पुलिस टीम ने 1 बदमाश को गिरफ्तार किया है। शेष बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
.
गिरफ्तार बदमाश डीहा गांव निवासी ललटु यादव का बेटा कुंदन कुमार है। घायल महिला का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है। एसपी मनीष ने बताया कि कल देर शाम सूचना मिली कि डीहा गांव में कुछ अपराधियों ने हरेराम चौधरी के घर पर गोलीबारी की है, जिसमें एक महिला को गोली लगी है।
सूचना मिलते ही साहेबपुर कमाल थानाध्यक्ष राजीव रंजन कुमार ने घटनास्थल के पास पहुंचकर मामले की जांच-पड़ताल की। स्थानीय लोगों एवं परिजनों ने बताया है कि हरेराम चौधरी की पत्नी सविता देवी अपने घर के बरामदे में खड़ी थी। इसी दौरान बाइक सवार 12 बदमाशों ने गोलीबारी की।
![महिला का चल रहा इलाज।](https://images.bhaskarassets.com/web2images/521/2025/01/01/1001057026_1735728279.jpg)
महिला का चल रहा इलाज।
स्थानीय लोगों के सहयोग से अस्पताल में भर्ती कराया
एसपी ने बताया कि चार बाइक से परतारपुर गांव निवासी मिट्ठू कुमार, डब्लू कुमार, बहादुर यादव, विरेन्द्र यादव, डीहा गांव निवासी मंतोष यादव, कुंदन कुमार और लालो यादव आए। उनके साथ 5 और अज्ञात थे, सभी हरेराम चौधरी के दरवाजे पर बाइक रोककर उतरे और गाली-गलौज करते हुए फायरिंग कर दी।
जिसमें 1 गोली सविता देवी को लग गई, गोली चलने की आवाज पर ग्रामीणों को जुटते देखकर सभी बदमाश परतारपुर की तरफ भाग गए। घायल महिला को स्थानीय लोगों के सहयोग से परिजन ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
एसपी ने बताया कि गोली गर्दन ऊपर कान के पास लगी है। हमने भी घटना स्थल का जायजा लिया है। बलिया डीएसपी के नेतृत्व में जांच-पड़ताल के दौरान घटना में शामिल कुंदन कुमार को गिरफ्तार किया गया है। सभी बिन्दुओं पर छानबीन करते हुए घटना में शामिल अन्य बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी सहित आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।