बिहार में भारत-नेपाल सीमा पर बाढ़ नियंत्रण के लिए होगा हाई डैम का निर्माण : डा.चौधरी

ऐप पर पढ़ें
केन्द्रीय जल शक्ति मंत्रालय में राज्य मंत्री डा. राज भूषण चौधरी ने कहा कि बिहार समेत अन्य प्रदेशों में बाढ़ की समस्याओं को दूर करने के लिए एक विशेष कार्य योजना तैयार की जा रही है।श्री चौधरी ने मंगलवार को भाजपा द्वारा आयोजित एक अभिनंदन समारोह के अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि बिहार में बाढ़ से बचाव और बाढ़ को नियंत्रित करने के लिए भारत-नेपाल सीमा पर एक हाई डैम का निमार्ण कराया जायेगा। इसके लिए इंजीनियरों का एक दल तकनीकी रूप से अध्ययन कर है। उन्होंने बताया कि जल शक्ति मंत्रालय द्वारा देश मे ग्राउंड वाटर को बढ़ाने, बाढ़ कन्ट्रोल, नदियों को जोड़ने और नमामि गंगे जैसे महत्वपूर्ण योजनाओं पर तेजी से कार्य किये जा रहे हैं।
एक प्रश्न के उत्तर में श्री चौधरी ने बताया कि राज्यों के बीच जल विवाद को निपटाने के लिए भी मंत्रालय गंभीर है। साथ ही नेपाल एवं चीन के साथ भी जल विवाद को दूर करने की दिशा में विभाग द्वारा काम किया जा रहा है। समारोह में भाजपा के विधान पार्षद तरूण कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा, रालोमो के अध्यक्ष विनोद चौधरी निषाद् एवं जदयू जिलाध्यक्ष दूर्गेश राय सहित अन्य एनडीए नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा केन्द्रीय मंत्री श्री चौधरी को पाग व चादर देकर सम्मानित किया गया।