बिहार में आसमान से बरसी आफत, ठनका गिरने से तीन की मौत, आंधी और बारिश से काफी नुकसान

ऐप पर पढ़ें
उत्तर बिहार के कई जिलों में आंधी व बारिश से भारी क्षति हुई है। पूर्वी चंपारण के सुगौली के अमीर खां डाकबंगला टोले में पेड़ गिरने से महिला की मौत हो गयी। इस हादसे में छह लोग घायल हो गये हैं। वहीं, बगहा पुलिस जिले बकुली पंचगांवा में खेत गए किसान अमर साह की मौत हो गई। उनके शरीर पर ही ठनका गिर गया। सीतामढ़ी के रीगा में भी ठनका चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई है। आंधी-बारिश से जिलों में सौ से अधिक घरों के छप्पर उड़ गए। पांच से छह घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। आम व लीची की फसलों को काफी क्षति हुई है। हालांकि, बारिश से खरीफ की खेती में जुड़े किसानों व सब्जियों की खेती को लाभ पहुंचा है।
पूर्वी चंपारण के सुगौली, तेतरिया, मधुबन व ढाका प्रखंडों में आंधी व बारिश से काफी क्षति पहुंची है। मधुबन प्रखंड में दर्जनों पेड़ गिर गए। जगह-जगह बिजली आपूर्ति बाधित हो गयी। कई घरों के छप्पर उड़ गए हैं। पेड़ों के गिरने से कई घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। तेतरिया प्रखंड में सौ से अधिक घरों के एस्बेस्टस क्षतिग्रस्त हो गये हैं। कई मवेशियों की मौत हो गयी है। तेतरिया प्रखंड की घेघवा पंचायत के मोलनापुर में बिजली के शार्ट सर्किट से आग लगने से पांच घर जल गये। सीतामढ़ी जिले के बोखड़ा प्रखंड में आंधी से कई घरों के छप्पर उड़ गए। सड़क पर बिजली का ट्रांसफार्मर गिर गया। इससे आपूर्ति ठप हो गई। सीतामढ़ी के रीगा की रेवासी पंचायत के पकड़ी धनुखि टोला में ठनका गिरने से धनुषी टोला वार्ड-2 निवासी सुरेंद्र सहनी की पत्नी संगीता देवी (40) की मौत हो गई।
अब घर पर होगा आपके पशुओं का इलाज; नीतीश सरकार का प्लान समझें, ऐसे दें बीमारी की सूचना
मधुबनी में बीती रात साढ़े तीन बजे तेज हवा के साथ झमाझम बारिश हुई। तेज हवा के कारण आम को नुकसान हुआ है। गुरुवार सुबह 10 बजे भी अच्छी बारिश हुई। इससे शहर की सड़कों पर जलजमाव हो गया। रांटी, मंगरौनी, करहिया पूर्वी, बिस्फी, बेनीपट्टी, झंझारपुर, पंडौल सहित कई फीडरों में ब्रेक डाउन हो गया।
दरभंगा जिले में आंधी के कारण भारी क्षति हुई है। कई जगहों पर पेड़ गिर जाने से आवागमन बाधित हो गया। कई घरों की छत से एस्बेस्टस उड़ गए हैं। कई लोग चोटिल भी हुए हैं। सड़क पर बिजली के पोल और तार टूटकर लटक गए, जिससे आवागमन बाधित हो गया।