बिहार में अगले 2 दिनों तक ठंड से राहत नहीं: सभी जिलों में कोहरे का अलर्ट, पटना समेत कई जिलों में 11 जनवरी तक स्कूल बंद – Patna News

कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में हो रही बर्फबारी का असर बिहार में भी दिख रहा है। पिछले 4 दिनों से प्रदेश में ठंड बढ़ गई है। अगले 48 घंटे तक कड़ाके की ठंड से राहत मिलने की संभावना नहीं है।
.
मौसम विज्ञान केंद्र ने आज प्रदेश के सभी 38 जिलों में घने कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, कड़ाके की ठंड की वजह से पटना, जमुई, नालंदा, मुजफ्फरपुर समेत कई जिलों में क्लास 8वीं तक सभी प्राइवेट और सरकारी स्कूल को बंद करने का निर्देश जारी किया गया है।
पिछले 24 घंटे के दौरान छपरा सबसे ठंडा जिला रहा। यहां न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आपदा प्रबंधन विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए लोगों को ठंड में घरों से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है। खासकर बुजुर्ग और बच्चों को सावधानी बरतने को कहा है।
बिहार में कोहरे को लेकर अलर्ट

पटना मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, पश्चिम अफगानिस्तान और आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से 3.1 और 9.4 किमी के बीच पश्चिमी विक्षोभ एक ट्रफ के रूप में बना है। वहीं 10 जनवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है।
छपरा सबसे ठंडा जिला रहा
पिछले 24 घंटे में छपरा और बांका सबसे ठंडा रहा। छपरा का न्यूनतम तापमान 7.3 और बांका का 7.4 डिग्री सेल्सिसय दर्ज किया गया है। मौसम विभाग की ओर से 15 जिलों का आंकड़ा जारी किया गया है।

किशनगंज सबसे गर्म जिला
वहीं, किशनगंज जिला सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। मौसम विभाग ने 9 जिलों का आंकड़ा जारी किया है।

पटना में स्कूल बंद
ठंड की वजह से पटना में 2 लोगों की मौत हो गई है। वहीं, प्रदेश में बढ़ती ठंड को देखते हुए डीएम डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने पहली से 8वीं तक के स्कूल को 11 जनवरी तक बंद करने का आदेश जारी किया है। 9वीं से 12वीं तक के स्कूल पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत संचालित होंगे।
6,646 कंबल का वितरण
राजधानी पटना शीतलहर की चपेट में है। कड़ाके की ठंड में बेसहारा और गरीब लोगों को परेशानी नहीं हो। इसको लेकर जिला प्रशासन की ओर से 55 स्थानों पर अलाव की व्यवस्था की गई है। वहीं, 29 स्थानों पर अस्थाई रैन बसेरों में करीब 17,323 लोगों ने आश्रय लिया गया है। गरीबों के बीच 6,646 कंबल का वितरण किया गया है।