बिहार के लिए केंद्र से ज्यादा पैसा मांगने दिल्ली पहुंचे सम्राट चौधरी, मंगल पांडेय; निर्मला, शिवराज से मिले

ऐप पर पढ़ें
बिहार में जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) अध्यक्ष और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अगुवाई में चल रही राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) सरकार के डिप्टी सीएम और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी और पूर्व अध्यक्ष व कृषि मंत्री मंगल पांडेय गुरुवार को दिल्ली में रहे। राज्य के वित्त मंत्री सम्राट चौधरी ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन से जबकि कृषि मंत्री मंगल पांडेय ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की। दोनों ने बिहार में चल रही योजनाओं को लेकर केंद्रीय मंत्रियों से चर्चा की और जोर दिया कि बिहार में केंद्रीय योजनाओं का खर्च बढ़ाया जाए। लोकसभा चुनाव में बिहार में एनडीए, भाजपा और जेडीयू की सीटें घटी हैं। नरेंद्र मोदी सरकार को जेडीयू का समर्थन अहम है। विधानसभा चुनाव से पहले बिहार पर केंद्र की विशेष कृपा की संभावना जताई जा रही है।
डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात के दौरान बिहार के विकास और प्रदेश में चल रही विकास योजनाओं को लेकर चर्चा की। वित्त मंत्रालय में मुलाकात के दौरान सम्राट ने निर्मला से राज्य के विकास, राज्यहित एवं जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। उन्होंने प्रदेश में चल रही विकास योजनाओं को लेकर भी बातचीत की। मुलाकात के दौरान सम्राट ने निर्मला से इस बात पर चर्चा की है जिससे बिहार में अधिक राशि पहुंच सके और राज्य का तेज गति से विकास हो सके।
वहीं, कृषि मंत्री मंगल पांडेय ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से कृषि भवन में मुलाकात की। मंगल ने बिहार में कृषि क्षेत्र की तीव्र प्रगति के उद्देश्य से शिवराज से मुलाकात की। मंगल ने कृषि विज्ञान केंद्रों में आधारभूत संरचना के विकास तथा नवीनतम फसलों के तकनीकी हस्तांतरण के लिए अतिरिक्त आवंटन की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने राज्य में मक्का और मखाना उत्पादन क्षमता पर प्रकाश डाला और इसे साकार करने के लिए केंद्र से सहयोग मांगा। कृषि मंत्री ने कहा कि केंद्र प्रायोजित योजना विशेषकर राष्ट्रीय कृषि विकास योजना एवं कृषोन्नति योजना में बिहार पर खर्च राशि में वृद्धि की आवश्यकता है।