फर्जी जज बन हड़प ली 100 एकड़ जमीन, अखिलेश यादव ने गुजरात सरकार पर उठाए सवाल; पुलिस भी निशाने पर
बीते दिनों गुजरात में बहुत बड़े फ्रॉड का खुलासा हुआ। यहां मॉरिस सैमुअल नाम का एक शख्स फर्जी अदालत बनाकर खुद उसका जज बन गया और इलाके में कई एकड़ सरकारी जमीन को कब्जा कर लिया। इस मामले का खुलासा तब हुआ जब असली रजिस्ट्रार के सामने मामला पहुंचा। पुलिस ने आरोपी नकली जज को धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। इस मामले पर अब उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का रिएक्शन सामने आया है। उन्होंने गुजरात की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा है। आइए जानते हैं अखिलेश यादव ने क्या-क्या कहा है।
फर्जी जज मामले पर क्या बोले अखिलेश यादव
नकली जज के फर्जीवाड़े के खुलासे के बाद गुजरात की भारतीय जनता पार्टी सरकार को निशाने पर लेते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि, “विकास के झूठे मॉडल ‘गुजरात की राजधानी’ में पिछले 5 सालों से नकली कोर्ट चल रहा था और भाजपा सरकार को इसकी ख़बर न हो तो वो सरकार बेकार है और अगर खबर थी तो समझो इस घोटालेबाजी में भाजपा सरकार का भी हाथ है। क्या गांधीनगर में चौकसी करनेवाले ड्रोन उड़ाना मना है। भाजपा जमीनों को हड़पने के विकास का मॉडल है। हम फिर कहते हैं, ‘भारतीय ज़मीन पार्टी’ ही उसका सच्चा नाम है। गुजरात कहे आज का, नहीं चाहिए भाजपा!”
हड़प चुका था 100 एकड़ जमीन
मिली जानकारी के अनुसार, फर्जी जज बनकर मॉरिस सैमुअल ने अब तक गांधीनगर और आसपास के इलाकों में करीब 100 एकड़ की अरबों की जमीन हड़प चुका था। मॉरिस ने कुछ वकील साथियों का गैंग बनाया था। इनके माध्यम से जमीन के विवादित मामलों पर अपनी फर्जी कोर्ट में सुनवाई करवाता था और लोगों को मूर्ख बनाकर जमीन हड़प लेता था। ऐसा करके जज ने अरबों रुपए की संपत्ति इकट्ठा कर ली थी। जब नकली जज का मामला असली रजिस्ट्रा के सामने पहुंचा तो खुलासा हो गया। पुलिस ने आरोपी नकली जज को गिरफ्तार कर लिया है। यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने गुजरात पुलिस पर सवाल खड़े किए हैं।