पत्नी को मारकर जलाया, बेटे से कहा-मां तपस्या कर रही: बेटा बोला-पापा ने तकिये से मुंह दबाया, वो किसी और लड़की से बात करते थे – Bhojpur News

भोजपुर में दहेज में 10 लाख रुपए के लिए एक शिक्षक ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद बिना मायके वालों को सूचना दिए लाश को घर से करीब 7 किमी दूर गंगा घाट पर जला दिया। पिता को तकिये से मां का मुंह दबाते हुए 7 साल के बेटे ने देखा था। बेटे को लगा था क
.
वारदात का इकलौता चश्मदीद गवाह मृतका का बेटा सार्थक ने कहा, ‘मां से झगड़े के बाद पिता मुझे फुआ के घर ले गए। कहा था कि 2-3 घंटे यही रहो। मैं तुम्हारा आधार कार्ड बनवाकर ला रहा हूं। कुछ देर बाद एक अंकल आएं और कहा पापा बुला रहे हैं चलो मेरे साथ। मुझे अंकल केशवपुर घाट ले गए।
मैंने घाट पर देखा मम्मी लकड़ी के ढेर पर लेटी हुई थी। पापा ने आग लगाया था। पापा ने मुझसे कहा था कि तुम्हें अच्छा इंसान बनाने के लिए तुम्हारी मां तपस्या कर रही है। घाट पर पापा के अलावा और लोग भी थे।’ घटना बड़हरा थाना क्षेत्र के छपरा पर गांव की है।
मामला 6 जून का है, पर घटना से संबंधित एक वीडियो मंगलवार को सामने आया। जिसमें सार्थक की निशानदेही पर हत्या के कई सबूत सामने आए। पढ़ें पूरी रिपोर्ट…

घाट पर मां के कपड़े और हत्या से जुड़े सबूत दिखाता सार्थक।
सार्थक को मायके वाले गंगा घाट ले गए
मृतका संध्या देवी (35) चंदन कुमार गुप्ता की पत्नी थी। संध्या की लाश को जिस घाट पर जलाया गया था, वहां उसके कपड़े मिले हैं। एक वीडियो में देखा जा सकता है कि बेटे सार्थक को संध्या के मायके वाले गंगा घाट पर ले गए। वहां सार्थक बता रहा कि मम्मी को इसी जगह पर जलाया गया था।
मम्मी की साड़ी भी उसने सभी को दिखाई। संध्या जिस तकिये पर सोती थी, वो तकिया भी वहीं पर मिला। जिसके बाद संध्या के भाई ने पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी कपड़े और साक्ष्य इकट्ठा कर लिए। ये वायरल वीडियो 7 जून का बताया जा रहा है।
7 जून को ही मायके वालों ने पति चंदन सहित अन्य ससुराल वालों पर प्राथमिकी दर्ज कराई थी। जिसके बाद से आरोपी पति अपने परिवार के साथ फरार हैं।

इसी जगह पर संध्या की लाश को जलाया गया था।
बेटा बोला- पापा किसी लड़की से बात करते थे
सार्थक ने कहा कि,

पापा मम्मी को पसंद नहीं करते थे। फोन पर किसी दूसरी लड़की से बात करते थे। मम्मी को चप्पल से मारते थे। पापा कुछ महीने पहले फोन पर एक लड़की से बात कर रहे थे। मैंने सोचा कि मम्मी से बात कर रहे हैं, लेकिन फोन पर मम्मी नहीं थी। मैंने दादी से पूछा। उसके बाद मम्मी से भी पूछा कि आप बात कर रही हैं। पापा किसी को प्रपोज कर रहे थे।
सार्थक ने कहा कि, ‘इसी बात को लेकर पापा-मम्मी के बीच झगड़ा हुआ था। पापा ने मम्मी से कहा था कि तुम भूत (डायन) हो, मेरे घर से निकल जाओ। घाट पर बड़े पापा समेत गांव के अन्य लोग वहां मौजूद थे। मैं मम्मी की हर बात मनाता था, मम्मी मुझे बहुत प्यार करती थी, लेकिन अब मेरे पास नहीं आएगी।’

अप्रैल 2017 को संध्या और चंदन की शादी हुई थी।
चार भाइयों ने मिलकर की थी संध्या की शादी
संध्या देवी की शादी 29 अप्रैल 2017 को हुई थी। पति चंदन उदवंत नगर प्रखंड अंतर्गत मध्य विद्यालय में सरकारी शिक्षक है। संध्या के पिता विजय कुमार साह का निधन 1998 में सड़क दुर्घटना में हो गया था। जिसके बाद संध्या की जिम्मेदारी बड़े भाई राजू कुमार गुप्ता और अन्य तीन भाई ऋषि गुप्ता, राकेश गुप्ता और राजेश गुप्ता के कंधों पर आ गई।
संध्या का कन्यादान बड़े भाई राजू कुमार गुप्ता ने किया था। घर में तीन बहन नूतन देवी, चंचल देवी, मधु देवी से सबसे छोटी होने के कारण संध्या सबकी लाडली थी।
शादी के बाद दहेज के लिए संध्या को प्रताड़ित किया जाने लगा। कई बार पंचायत से मामले को शांत कराया गया। इसी बीच सार्थक का जन्म हुआ। सार्थक अभी यूकेजी का छात्र है। 2022 में कन्यादान करने वाले भाई राजू गुप्ता की हार्ट अटैक से मौत हो गई थी।

इसी जगह पर संध्या की लाश को जलाया गया था।
खराब टीवी बनाने पर बहन के साथ किया था झगड़ा
मृतका के बड़े भाई ऋषि ने कहा कि शिक्षक देखकर अपनी बहन की शादी चंदन से ठीक की थी। शादी के एक साल बाद ही पति और ससुराल वालों ने मारपीट शरू कर दी।

अपनी नानी के साथ सार्थक, जिसने पूरी घटना को सबके सामने लाया।
भांजे ने पूरी घटना से उठाया पर्दा
संध्या के भाई ऋषि ने बताया कि, 6 जून को 4 बजकर 34 मिनट पर गांव के किसी व्यक्ति ने फोन पर कहा कि आपकी बहन की गला दबाकर हत्या कर दी गई है। उसके शव को जला दिया गया है।
इसके बाद अपने भाई और अन्य लोगों के साथ बहन के ससुराल गए, लेकिन वहां कोई नहीं था। सिर्फ बहन की सास सीता देवी थी। जिसने भांजे सार्थक को छिपाकर छत वाले कमरे में रखा था। हमने अपने भांजा को लिया और वहां से निकल गए। फिर ससुराल से करीब 7 किलोमीटर दूर केशवपुर गंगा घाट पर गए, लेकिन वहां कोई नहीं मिला।
उसके बाद अपने भांजे से पूछा कि तुमने क्या देखा। तब जाकर उसने पूरी कहानी बताई। फिर से 7 जून को भांजे को लेकर केशवपुर घाट पहुंचे। वहां भांजे ने सारी बात बताई।
बेटी का मुंह तक देखना नसीब नहीं हुआ
संध्या की मां जानकी देवी ने कहा कि मेरी छोटी बेटी थी। सोचा था कि लड़का पढ़ा-लिखा शिक्षक है, बेटी को अच्छे से रखेगा। शादी के बाद से ही बेटी के साथ मारपीट, हर दिन बिना वजह झगड़ा करता था। सभी भाई जाकर समझाते थे कि आपलोगों की मांग हमने पूरी की, अब किस बात लेकर झगड़ा किया जा रहा है।
संध्या की मां ने बताया कि,

पति बराबर पैसा मांगता था, कभी कुछ तो कभी कुछ के लिए। समझाने के बाद 2-3 महीने शांत रहता था। शव जलाने से पहले किसी ने जानकारी नहीं दी कि संध्या की मौत हो गई है। छपरा पर के कुछ ग्रामीणों से सूचना मिली थी कि बेटी की मौत हो गई है और उसका दाह संस्कार भी कर दिया गया है। अपनी बेटी का अंतिम बार मुंह तक देखना नसीब नहीं हुआ।

इसी रास्ते से लाश को गंगा घाट तक ले गए थे।
पति, सास समेत पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी
मृतका संध्या देवी के भाई राजेश कुमार गुप्ता के बयान पर बड़हरा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। भाई ने पति चंदन कुमार गुप्ता, सास सीता देवी, पाटीदार वीरेंद्र कुमार गुप्ता, उनकी पत्नी और आरोपी पति के चाचा राजेंद्र साह के खिलाफ नामजद प्राथमिकी कराई है।

संध्या की फाइल फोटो।
एसडीपीओ- 2 रंजीत कुमार ने बताया,

मामला संज्ञान में है। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पति समेत ससुराल पक्ष घर छोड़कर फरार है। गिरफ्तारी के लिए थानाध्यक्ष को आदेश दिया गया है।
बड़हरा थानाध्यक्ष शैलेश्वर प्रसाद ने बताया,

ससुराल वालों ने सबूत मिटाने के उद्देश्य से महिला की लाश जला दी। बिना पुलिस और मायके वालों को सूचना दिए दाह संस्कार कर दिया गया। प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अलग–अलग जगहों पर छापेमारी भी कर रही है। घाट से जो कपड़े बरामद हुए हैं। उसे FSL भेजा जा रहा है। जल्द ही सभी की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
—————
ये भी पढ़ें…
अवैध संबंध का विरोध किया, गला दबाकर की हत्या:घर से 8km दूर गंगा नदी में मिला शव; पति समेत ससुराल वाले फरार

वैशाली के रामपुर श्यामचंद गांव में एक पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। मृतका की पहचान रुस्तमपुर निवासी लालबाबू राय की 25 वर्षीय बेटी पुनी कुमारी (25) के रूप में हुई है। पुनी कुमारी की शादी 5 साल पहले रामपुर श्यामचंद निवासी धर्मनाथ राय के बेटे अविनाश कुमार (28) से हुई थी। यह घटना राघोपुर थाना क्षेत्र की है। पूरी खबर पढ़िए