पति ने पत्थर से कुचलकर की पत्नी की हत्या, 3 बच्चों के सिर से उठा मां का साया
![](https://net4newsonline.in/wp-content/uploads/2024/05/ad6-min.jpg)
ऐप पर पढ़ें
बिहार के आनंदपुर ओपी क्षेत्र में पति-पत्नी के बीच हुए विवाद ने इतना विकराल रूप ले लिया कि पति ने पत्नी को मौत के घाट उतार दिया। यह घटना आनंदपुर ओपी क्षेत्र के फतेहपुर (मयकुड़ा) गांव में शुक्रवार की रात घटी। गोलकी देवी की हत्या के बाद उसके तीन बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है। इधर बच्चों का पिता भी पत्नी की हत्या के बाद से फरार है।
आरोपी पति सरजू खैरा ने अपनी पत्नी गोलकी देवी (उम्र 30) को घर के पास स्थित जोरिया के समीप ले जाकर पत्थर से कूचकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी रात में ही मौके से फरार हो गया। आरोपी सरजू खैरा बांका थाना क्षेत्र के भगायचक निवासी लालधारी खैरा का पुत्र बताया गया है। शनिवार की सुबह सूचना मिलने पर पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया।
सरजू खैरा पिछले पांच दिनों से अपनी ससुराल में रह रहा था। जहां पति-पत्नी के बीच नोकझोंक चल रही थी। शनिवार की देर रात सरजू खैरा अपनी पत्नी को लेकर घर से निकल गया और गांव के पास ही जोरिया में ले जाकर उसने पत्नी की हत्या कर दी। मृतका के भाई द्धारिका पुझार ने बताया कि शनिवार की सुबह जब उसे बहन-बहनोई घर में नहीं दिखे तो उसने आसपास खोजबीन शुरू की।
इसी दौरान उसको खबर मिली कि उसकी बहन की हत्या कर शव जोरिया में फेंक दिया गया है। मौके पर पहुंचकर देखा तो वाकई में उसकी लाश पड़ी थी। तब जाकर पूरी घटना की जानकारी द्वारिका पुझार ने आनंदपुर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही बेलहर एसडीपीओ राजकिशोर कुमार और आनंदपुर ओपी अध्यक्ष विपिन कुमार दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थल की घेराबंदी कर एफएसएल टीम को सूचित किया।
फॉरेन्सिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्रित किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया है। फतेहपुर गांव निवासी मृतका की मां मसोमात पुतली देवी के बयान पर उसके दामाद सरजू खैरा पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। एसडीपीओ ने बताया कि जल्द ही हत्या आरोपी पति सरजू खैरा को गिरफ्तार कर मामले का निपटाया जाएगा।
गोलकी देवी की हत्या के बाद उसके तीन बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है। इनके दो लड़का और एक लड़की हैं। मां की मौत से तीनों बच्चे और परिवार के अन्य सदस्य सदमे में हैं और उनका बुरा हाल हो गया है। इधर बच्चों का पिता भी पत्नी की हत्या के बाद फरार है।