पति को दूध पिलाकर महिला प्रेमी संग फरार: शादी के 5वें दिन चकमा दे गई पत्नी, 10 जुलाई को भागलपुर में हुआ था विवाह – Banka News

बांका में शादी के 5वें दिन ही नवविवाहिता पति को छोड़कर प्रेमी संग फरार हो गई। भागने से पहले उसने अपने पति को दूध पिलाया था। जब पति गहरी नींद में सो गया तब विवाहिता घर के बाहर निकली और प्रेमी के साथ भाग गई। 10 जुलाई को दोनों की भागलपुर में शादी हुई थी
.
मामला 15 जुलाई का है, पर परिजनों ने 18 जुलाई को पुलिस को सूचना दी है। थाने में मायके और ससुराल पक्ष दोनों आए हुए थे। इस दौरान मायके वालों ने पति पर महिला को लापता करने का आरोप लगाया है। दूसरी तरफ पति ने कहा कि सोनू नामक युवक से उसकी पहले से दोस्ती है। मामला शंभूगंज थाना क्षेत्र है।

शादी के वक्त की फोटो।
शादी के बाद तिलडीहा दुर्गा मंदिर गए थे
पीड़ित साहेब साह (पति) ने बताया कि इस माह 10 जुलाई को भागलपुर जिले के ऊंचागांव निवासी श्रवण साह की पुत्री नमीसा कुमारी से शादी की थी। अगले दिन नमीसा को लेकर घर आ गए। एक साथ पूजा करने तिलडीहा दुर्गा मंदिर भी गए। चार दिनों तक सब ठीक चला। 5वें दिन वो फरार हो गई।
नमीसा की हमने काफी खोजबीन की। जब नहीं मिली तो जानकारी उसी समय मायके वालों को भी दी।
प्रशिक्षु डीएसपी सह थानाध्यक्ष कुमारी सिया भारती ने दोनों पक्षों को समझाते हुए मिलकर पता लगाने की बात कहकर थाने से वापस भेजा दिया है। बताया कि मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।