Published On: Sun, Jul 14th, 2024

न्यूज इन ब्रीफ@5 PM: 46 साल बाद जगन्नाथ मंदिर का खजाना खुला; मणिपुर हमला- एक जवान शहीद; अंबानी की शादी में ₹1.67 करोड़ का रिटर्न गिफ्ट


2 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

नमस्कार, आइए जानते हैं आज शाम 5 बजे तक की देश-दुनिया की 10 बड़ी खबरें…

1. जगन्नाथ मंदिर का खजाना 46 साल बाद खोला गया, भंडार गृह में लकड़ी के 6 संदूक भेजे गए
ओडिशा के पुरी स्थित जगन्नाथ मंदिर का खजाना आज दोपहर 1:28 बजे खोल दिया गया। भंडार गृह में सरकार के प्रतिनिधि, ASI के अधिकारी, श्री गजपति महाराज के प्रतिनिधि समेत 11 लोग मौजूद हैं। सरकार रत्न भंडार में मौजूद कीमती सामानों की डिजिटल लिस्टिंग करेगी, जिसमें उनके वजन और निर्माण जैसे डिटेल होंगे। मंदिर का खजाना आधिकारिक तौर पर आखिरी बार 46 साल पहले 1978 में खोला गया था। तब अंदर 128 किलो सोना और 222 किलो चांदी होने की बात सामने आई थी।
पढ़ें पूरी खबर…

2. मणिपुर में CRPF पर हमला, 1 जवान शहीद; कुकी उग्रवादियों ने सिर पर गोली मारी
मणिपुर के जिरीबाम में CRPF और पुलिस टीम पर कुकी उग्रवादियों ने हमला कर दिया। इसमें CRPF का एक जवान शहीद हो गया। जबकि एक पुलिस अधिकारी घायल है। पुलिस ने बताया कि मोंगबुंग में कुकी उग्रवादियों ने पहाड़ी इलाके से गोलीबारी की। गोली CRPF जवान अजय कुमार झा के सिर पर लगी थी। इससे पहले 26 अप्रैल को कुकी उग्रवादियों ने सेंट्रल फोर्स की चौकी पर बम फेंका था। इसमें 2 जवान शहीद और 2 अन्य जवान जख्मी हुए थे। यह हमला मणिपुर में लोकसभा की वोटिंग के ठीक 6 घंटे बाद विष्णुपुर जिले में हुआ था।
पढ़ें पूरी खबर…

3. अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प पर फायरिंग, कान पर गोली लगी; शूटर मारा गया
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प पर पेंसिल्वेनिया के बटलर में रैली के दौरान गोली चलाई गई। जब वे मंच पर बोल रहे थे, तभी गोली चलने की आवाज सुनाई दी। ट्रम्प ने अपने दाहिने कान पर हाथ रखा और नीचे झुक गए। सीक्रेट सर्विस के एजेंट्स तुरंत ट्रम्प को कवर करने पहुंचे। जब वे उठे तो उनका चेहरा खून से सना था। शूटर को मार गिराया है।
पढ़ें पूरी खबर…

4. अनंत-राधिका की शादी का रिटर्न गिफ्ट: अनंत ने दोस्तों को दी 1.67 करोड़ की घड़ी
बिजनेस टायकून मुकेश अंबानी के छोटे बेटे अनंत अंबानी ने 12 जुलाई को लॉन्ग टाइम गर्लफ्रेंड राधिका मर्चेंट से शादी की। इंटरनेशनल VVIP गेस्ट और करोड़ों के खर्च में हुई ये शादी सुर्खियों में हैं। शादी में राधिका मर्चेंट ने सोने की एंब्रॉइडरी वाला लहंगा पहना था, वहीं अनंत अंबानी के वेडिंग आउटफिट की कीमत 214 करोड़ बताई जा रही है। अब खबर है कि अनंत अंबानी ने शादी के दिन अपने 25 करीबी दोस्तों को 1.67 करोड़ की लग्जरी वॉच गिफ्ट की है।
पढ़ें पूरी खबर…

5. कारगिल विजय दिवस सेलिब्रेशन- वायुसेना के एयर शो, 10,000 फीट से नीचे उतरे कमांडो
26 जुलाई को कारगिल युद्ध में विजय के 25 साल पूरे हो रहे हैं। इस मौके पर उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के सरसवा एयर फोर्स स्टेशन पर 12 जुलाई से 26 जुलाई तक वायुसेना कारगिल विजय दिवस रजत जयंती सेलिब्रेट कर रही है। सरसवा एयर फोर्स स्टेशन पर एयर शो आयोजित हो रहे हैं। इसमें फाइटर जेट सुखोई, राफेल, जगुआर, MI-17 हेलीकॉप्टर, AN-32 और डोर्नियर विमानों से एयर फोर्स के अफसरों ने करतब दिखाए। हेलीकॉप्टर से 10 हजार फीट से कमांडो नीचे उतरते भी दिखे।
पढ़ें पूरी खबर…

6. चुनाव बाद लखनऊ में BJP की बैठक, भूपेंद्र चौधरी बोले- कांग्रेस-सपा ने हमें फंसाया
लोकसभा चुनाव के बाद पहली बार भाजपा नेताओं की बड़ी बैठक लखनऊ में हो रही है। इसमें भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्‌डा, पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी समेत यूपी के 3000 नेता शामिल हो रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने कहा- सपा और कांग्रेस ने मुस्लिम वोटरों को डर दिखाया और उनका वोट हासिल किया। ये हमें फंसाने की कोशिश थी। दरअसल 2024 चुनाव में भाजपा 62 से 33 सीटों पर सिमट गई। वोट शेयर भी 50 फीसदी से घटकर 41.3 फीसदी रह गया।
पढ़ें पूरी खबर…

7. पूजा खेडकर की ऑडी जब्त, ट्रेनी IAS अफसर लाल-नीली बत्ती लगाकर घूमती थीं
पुणे पुलिस ने ट्रेनी IAS अफसर पूजा खेडकर की ऑडी कार जब्त कर ली है। पूजा पुणे में असिस्टेंट कलेक्टर के तौर पर पोस्टिंग के दौरान लग्जरी कार पर अवैध तरीके से लाल-नीली बत्ती लगाकर घूमने के बाद विवादों में आई थीं। पूजा खेडकर करीब 22 करोड़ की प्रॉपर्टी की मालकिन हैं। उनके खिलाफ सर्टिफिकेट में गड़बड़ी का भी आरोप है। दरअसल, UPSC में उनका सिलेक्शन दृष्टिबाधित और मानसिक रूप से बीमार की श्रेणी में हुआ था।
पढ़ें पूरी खबर…

8. बिहार में 7 नदियां उफान पर: महाराष्ट्र-कर्नाटक में रेड अलर्ट; 5 राज्यों में बारिश की चेतावनी
नेपाल से सटे बिहार और यूपी के कई जिले बाढ़ की चपेट में हैं। बिहार में बगहा में गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर से बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। राज्य की 7 नदियां (घाघरा, गंडक, बागमती, कमला बलान, कोसी, महानंदा और परमान नदी) खतरे के निशान से ऊपर हैं। यहां पिछले 48 घंटे में 25 लोगों की मौत बिजली गिरने से हुई है। उधर, यूपी में पीलीभीत, लखीमपुर खीरी और शाहजहांपुर में बाढ़ है। करीब 20 लाख लोग प्रभावित हैं।
पढ़ें पूरी खबर…

9. भारत-जिम्बाब्वे पांचवां टी-20 मुकाबला आज, टीम इंडिया सीरीज पहले ही जीत चुकी है
भारत और जिम्बाब्वे के बीच खेली जा रही पांच मैचों की टी-20 सीरीज पांचवां मुकाबला आज खेला जा रहा है। टीम इंडिया इस सीरीज में 3-1 से आगे है और सीरीज भी अपने नाम कर ली है। सीरीज का पहला मैच जिम्बाब्वे ने 13 रन से जीता। इसके बाद टीम इंडिया कमबैक किया। दूसरा मैच 100 रन, तीसरा 23 रन और चौथा 10 विकेट से जीता। इस मैच में भारतीय टीम में बदलाव हो सकते हैं।
पढ़ें पूरी खबर…

10. MP में 4 बच्चों समेत कुएं में कूदी महिला, बच्चों की मौत; पति से झगड़ा हुआ था
मध्य प्रदेश के मंदसौर में एक महिला 4 बच्चों को लेकर कुएं में कूद गई। बच्चों की मौत हो गई। ग्रामीणों ने महिला को बचा लिया है। महिला सुगना बाई ने बताया, पति आए दिन मारपीट करता है। रात में शराब पीकर पीटा। मुझे और बच्चों को बारिश में घर से बाहर निकाल दिया। मैं गिड़गिड़ाती रही। इसके बाद मैंने मरने की ठानी।
पढ़ें पूरी खबर…

.



Source link

About the Author

-

Leave a comment

XHTML: You can use these html tags: <a href="" title=""> <abbr title=""> <acronym title=""> <b> <blockquote cite=""> <cite> <code> <del datetime=""> <em> <i> <q cite=""> <s> <strike> <strong>