न्यूज इन ब्रीफ@11 AM: लद्दाख में सेना के टैंक का एक्सीडेंट, 5 जवानों की मौत; मौसम विभाग का अनुमान दिल्ली में फेल; अमरनाथ में दर्शन शुरू
![](https://net4newsonline.in/wp-content/uploads/2024/05/ad6-min.jpg)
2 घंटे पहलेलेखक: अभिषेक तिवारी, न्यूज ब्रीफ एडिटर
- कॉपी लिंक
![](https://net4newsonline.in/wp-content/uploads/2024/06/न्यूज-इन-ब्रीफ@11-AM-लद्दाख-में-सेना-के-टैंक-का.gif)
नमस्कार, आइए जानते हैं आज सुबह 11 बजे तक की देश-दुनिया की 10 बड़ी खबरें…
1. अमरनाथ यात्रा शुरू, बालटाल-पहलगाम कैंप से तीर्थयात्रियों का जत्था रवाना
कश्मीर के अनंतनाग जिले में अमरनाथ की पवित्र गुफा में बाबा बर्फानी के दर्शन आज से शुरू हो गए हैं। बालटाल और पहलगाम कैंप से सुबह-सुबह तीर्थयात्रियों का पहला जत्था अमरनाथ गुफा के लिए रवाना हो चुका है। शिवलिंग दर्शन के लिए आज कुल 4,603 यात्री चढ़ाई करेंगे। अमरनाथ यात्रा 52 दिन तक चलेगी। यह 19 अगस्त को खत्म होगी। इस साल अमरनाथ यात्रा के लिए 3.50 लाख से ज्यादा लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया है।
पढ़ें पूरी खबर…
2. लद्दाख में सेना के टैंक का एक्सीडेंट, 5 जवानों की मौत; नदी पार करते समय हादसा
लद्दाख के दौलत बेग ओल्डी इलाके में नदी पार करने के टैंक अभ्यास के दौरान एक टी-72 टैंक हादसे का शिकार हो गया। अचानक जल स्तर बढ़ने से दुर्घटना हुई। यह घटना LAC के नजदीक मंदिर मोड़ इलाके में हुई, जिसमें एक जेसीओ समेत पांच जवानों की मौत हो गई। हादसा सुबह करीब 3 बजे हुआ। सभी पांचों शव बरामद कर लिए गए हैं। पीआरओ पीएस सिंधु ने दैनिक भास्कर से बात करते हुए कहा कि, हम तथ्यों की जांच कर रहे हैं।
पढ़ें पूरी खबर…
3. आज IND vs SA फाइनल: वर्ल्ड कप नॉकआउट में इंडिया का सक्सेस रेट 57%
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच आज रात 8 बजे से टी-20 वर्ल्ड कप का फाइनल होगा। टीम इंडिया को 2007 से इस टूर्नामेंट की ट्रॉफी का इंतजार है, वहीं साउथ अफ्रीका ने आज तक एक भी वर्ल्ड कप नहीं जीता। टी-20 वर्ल्ड कप में भारत ने 7 नॉकआउट मैच खेले, 4 जीते और 3 गंवाए। भारत का सक्सेस रेट 57% है। साउथ अफ्रीका इस बार सेमीफाइनल जीती। यह वर्ल्डकप के नॉकआउट मुकाबलों में उसकी पहली जीत है। इससे पहले टीम ने 2 सेमीफाइनल गंवाए थे।
पढ़ें पूरी खबर…
4. IMD बोला- वेदर फोरकास्ट मॉडल फेल हुआ, दिल्ली बारिश का अनुमान नहीं लगा सके
दिल्ली में गुरुवार-शुक्रवार को बारिश ने 88 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। इसे लेकर IMD ने कहा है कि वेदर मॉडल दिल्ली की बारिश के बारे में पूर्वानुमान लगाने में विफल रहा है। 26 जून को IMD ने अनुमान जारी किया था कि 29 और 30 जून को दिल्ली में बहुत भारी बारिश होगी, लेकिन 28 जून की सुबह ही मूसलाधार बारिश हो गई।
पढ़ें पूरी खबर…
5. NTA की 3 परीक्षाओं की नई तारीखों का ऐलान, सभी एग्जाम ऑनलाइन मोड में होंगे
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने 28 जून की रात UGC-NET, CSIR-NET और NCET की नई तारीखों की घोषणा कर दी है। ये सभी एग्जाम 10 जुलाई से 4 सितंबर के बीच होंगे। इस बार एग्जाम ऑनलाइन होंगे। रद्द होने से पहले UGC-NET पेन-पेपर मोड में हुआ था। नई तारीखों के मुताबिक UGC NET 21 अगस्त से 4 सितंबर के बीच, CSIR-UGC NET 25 जुलाई से 27 जुलाई के बीच और NCET 10 जुलाई को होगा। ऑल इंडिया आयुष पोस्ट ग्रेजुएट एंट्रेस एग्जाम (AIAPGET) 2024 तय तारीख यानी 6 जुलाई को होगा।
पढ़ें पूरी खबर…
6. बंगाल गवर्नर का ममता के खिलाफ मानहानि का केस, कहा- उन्होंने गलत टिप्पणी की
देश में पहली बार राज्यपाल ने CM पर मानहानि का केस किया है। पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने शुक्रवार को CM ममता बनर्जी और TMC के कुछ नेताओं के खिलाफ कलकत्ता हाईकोर्ट में यह केस किया। एक दिन पहले ममता ने कहा था कि महिलाओं ने उनसे शिकायत की है कि वे राजभवन की गतिविधियों की वजह से वहां जाने से डरती हैं। राज्यपाल-CM में लंबे समय से खींचतान चल रही है। लोकसभा चुनाव के बीच 2 मई को राजभवन की अस्थायी महिलाकर्मी ने राज्यपाल पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया था।
पढ़ें पूरी खबर…
7. अयोध्या रामपथ पर गड्ढे: PWD के बाद जल निगम के 3 इंजीनियर सस्पेंड, 844 करोड़ से बना था
अयोध्या में पहली बारिश में रामपथ धंसने पर योगी सरकार ने 8 घंटे में जल निगम के 3 इंजीनियर को सस्पेंड कर दिया। इससे पहले सरकार ने PWD के 3 इंजीनियर को सस्पेंड किया था। अब तब 6 अफसरों पर एक्शन हो चुका है। अयोध्या में 4 दिन पहले तेज बारिश हुई थी। जिससे 13 किलोमीटर के रामपथ पर 13 जगह सड़क धंस गई। 8 फीट तक गहरे गड्ढे हो गए। यह रामपथ 844 करोड़ रुपए की लागत से बना है।
पढ़ें पूरी खबर…
8. NEET पेपर लीक: 7 आरोपियों को दिल्ली ले जाएगी CBI, ओएसिस स्कूल प्रिंसिपल से पूछताछ
NEET पेपर लीक मामले में पकड़े गए 7 आरोपियों को CBI की टीम दिल्ली ले जाने की तैयारी में है। सभी को प्लेन से दिल्ली ले जाया जाएगा। वहीं पटना के CBI दफ्तर में शुक्रवार देर रात तक हजारीबाग ओएसिस स्कूल के प्रिंसिपल से पूछताछ हुई। इस केस में 28 जून को झारखंड के हजारीबाग से CBI ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया था। इसमें ओएसिस स्कूल के प्रिंसिपल एहसान उल हक, वाइस प्रिंसिपल इम्तियाज और पत्रकार जमालुद्दीन हैं। एजेंसी तीनों को शुक्रवार रात करीब 10 बजे हजारीबाग से पटना लेकर पहुंची थी।
पढ़ें पूरी खबर…
9. इंडिया-साउथ अफ्रीका की ताकत और चुनौतियां, रोहित को रबाडा से बचना होगा
टी-20 वर्ल्डकप का फाइनल मैच इंडिया और साउथ अफ्रीका के बीच बारबडोस में खेला जाएगा। भारत के टॉप स्कोरर रोहित शर्मा को कगिसो रबाडा 8 टी-20 मैचों में 2 बार आउट कर चुके हैं। रोहित उनके खिलाफ 52 रन बना पाए हैं। विराट कोहली को इस टूर्नामेंट के 7 मुकाबलों में 4 बार राइट हैंडर पेसर्स ने आउट किया और 2 बार लेफ्ट हैंड पेसर्स ने। रबाडा उन्हें एक बार आउट कर चुके हैं। लेफ्ट हैंड पेसर मार्को यानसन भी मौजूद हैं।
पढ़ें पूरी खबर…
10. पंजाब में रोकी जाएगी घर-घर राशन वितरण योजना, आटे का डिस्ट्रीब्यूशन बंद होगा
पंजाब सरकार ने नेशनल फूड सिक्योरिटी एक्ट (NFSA) के लाभार्थियों को ‘आटा’ वितरण के लिए अपनी प्रमुख योजना घर-घर राशन को रोकने का फैसला किया है। लाभार्थियों को अब केवल गेहूं ही दिया जाएगा। इसके अलावा इस बार तीन महीने (प्रति लाभार्थी 5 किलो प्रति माह) का अनाज बांटने की बजाय चार महीने यानी जुलाई से अक्टूबर तक का गेहूं वितरित किया जाएगा। इस योजना का फायदा 1.47 करोड़ लोगों को मिलता है।
पढ़ें पूरी खबर…