न्यूज इन ब्रीफ@11 AM: माइक्रोसॉफ्ट आउटेज- आज भी फ्लाइट्स प्रभावित; केजरीवाल पर जानबूझकर कम कैलोरी लेने का आरोप; UPSC चेयरमैन ने इस्तीफा दिया

- Hindi News
- National
- Microsoft Global Outage; Gujarat Varanasi Rainfall | Arvind Kejriwal Tihar Jail
52 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

नमस्कार, आइए जानते हैं आज सुबह 11 बजे तक की देश-दुनिया की 10 बड़ी खबरें…
1. माइक्रोसॉफ्ट आउटेज- आज भी फ्लाइट्स पर असर, क्राउडस्ट्राइक के CEO की माफी
दुनियाभर में शुक्रवार को माइक्रोसॉफ्ट में क्राउडस्ट्राइक अपडेट के कारण कंप्यूटर सिस्टम प्रभावित होने के बाद अब बिजनेस और सर्विसेज धीरे-धीरे ठीक हो रही हैं। हालांकि, अभी भी फ्लाइट ऑपरेशन में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। एंटीवायरस सॉफ्टवेयर कंपनी क्राउडस्ट्राइक के CEO जॉर्ज कर्ट्ज ने माफी मांगी है। उन्होंने कहा कि कंपनी ने प्रॉब्लम सॉल्व कर दी है, लेकिन सभी सिस्टम सामान्य रूप से चलने में कुछ समय लग सकता है।
पढ़ें पूरी खबर…
2. UPSC चेयरमैन का 5 साल पहले ही इस्तीफा, कहा- इसका पूजा खेडकर विवाद से संबंध नहीं
यूपीएससी के अध्यक्ष मनोज सोनी ने निजी कारणों का हवाला देते हुए इस्तीफा दे दिया है। उनका कार्यकाल मई 2029 तक था। हालांकि मनोज ने कहा है कि उनका इस्तीफा ट्रेनी IAS पूजा खेडकर से जुड़े विवादों और आरोपों से किसी भी तरह से जुड़ा नहीं है। मनोज ने 28 जून 2017 को आयोग के सदस्य के रूप में पदभार संभाला था। उन्होंने 16 मई 2023 को यूपीएससी के अध्यक्ष के रूप में शपथ ली।
पढ़ें पूरी खबर…
3. बांग्लादेश में कर्फ्यू, सेना ने मोर्चा संभाला; आरक्षण के खिलाफ हिंसा में 105 की मौत
बांग्लादेश में सरकारी नौकरियों में आरक्षण बहाली के सुप्रीम कोर्ट के आदेश के खिलाफ हिंसा जारी है। सरकार ने पूरे देश में कर्फ्यू लगा दिया है। हिंसा काबू करने के लिए सेना को तैनात किया गया है। शुक्रवार को पुलिस और सुरक्षाकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों पर गोलीबारी की। मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि इसमें 105 लोग मारे गए हैं। बांग्लादेश में बढ़ते तनाव के बीच अब तक 405 भारतीय स्टूडेंट्स अपने घर लौट आए हैं।
पढ़ें पूरी खबर…
4. जम्मू में 500 स्पेशल पैरा कमांडो तैनात, 55 पाकिस्तानी आतंकियों की मौजूदगी का शक
जम्मू में बढ़ते आतंकी हमलों के बीच भारतीय सेना ने लगभग 500 पैरा स्पेशल फोर्स कमांडो को तैनात किया है। रक्षा सूत्रों ने न्यूज एजेंसी ANI को बताया कि जम्मू रीजन में पाकिस्तान के 50-55 आतंकियों के छिपे होने की आशंका है। ये भारत में फिर से टेरर नेटवर्क एक्टिव करने के लिए घुसे हैं। आतंकियों से मुकाबला करने के लिए सेना पहले ही 3500 से 4000 सैनिकों की अपनी ब्रिगेड उतार चुकी है।
पढ़ें पूरी खबर…
5. गुजरात में 36 घंटे में 565 मिमी बारिश, नागपुर में स्कूल-कॉलेज बंद
गुजरात के पोरबंदर में गुरुवार-शुक्रवार को 36 घंटे में 565 मिमी बारिश हुई। इससे कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। मौसम विभाग ने यहां आज भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। नागपुर में बारिश के कारण स्कूल-कॉलेज आज बंद रखने का आदेश है। उधर, उत्तर प्रदेश के बहराइच में घाघरा नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से खेतों में काम कर रहे करीब 100 लोग फंस गए। उन्हें 3 घंटे बाद सुरक्षित निकाला गया।
पढ़ें पूरी खबर…
6. दिल्ली LG की तरफ से चिट्ठी, कहा- केजरीवाल ने जेल में कम कैलोरी की डाइट ली
दिल्ली के LG वीके सक्सेना के प्रधान सचिव ने मुख्य सचिव को शनिवार (20 जुलाई) को एक चिट्ठी लिखी है। इस चिट्ठी में उन्होंने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर सही डाइट नहीं लेने का आरोप लगाते हुए उनकी तबीयत का जिक्र किया है। प्रधान सचिव ने कहा है कि केजरीवाल जानबूझकर कम कैलोरी ले रहै हैं। रिपोर्ट मिली है कि उन्होंने 6 जून से 13 जुलाई तक खाने में कम कैलोरी की डाइट ली है। इसी कारण उनका वजन कम हो रहा है।
पढ़ें पूरी खबर…
7. यूपी उपचुनाव में 10 में 4 सीटें चाहती है कांग्रेस, सपा 2 से ज्यादा देने के मूड में नहीं
यूपी की 10 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होना है। 9 सीटें विधायकों के सांसद चुने जाने से खाली हुईं, एक सीट विधायक को दो साल से ज्यादा की सजा होने से खाली हुई। अभी 10 सीटों में 5 सपा के पास, 3 भाजपा के पास, एक-एक सीट रालोद और निषाद पार्टी के पास थी। उपचुनाव में कांग्रेस 10 में से 4 सीट पर चुनाव लड़ना चाहती है, हालांकि सपा दो से ज्यादा सीट देने के मूड में नहीं है।
पढ़ें पूरी खबर…
8. ममता बनर्जी की TMC खर्च में सबसे बड़ी पार्टी, रीजनल पार्टियों में BRS कमाई में टॉप
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस (TMC) खर्च के मामले में देश की सबसे बड़ी रीजनल पार्टी है। फाइनेंशियल ईयर 2022-23 में पार्टी की कमाई 333.45 करोड़ रुपए थी, जबकि खर्च 181.1 करोड़ रुपए किए। वहीं, कमाई के मामले में तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव (KCR) की पार्टी भारत राष्ट्र समिति (BRS) टॉप पर रही। 2022-23 में पार्टी की कमाई 737 करोड़ रुपए रही, जबकि खर्च के 57.47 करोड़ रुपए रहा।
पढ़ें पूरी खबर…
9. दिल्ली में एक और किडनी ट्रांसप्लांट रैकेट का खुलासा: 8 गिरफ्तार; 34 ऑपरेशन करवाए
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने किडनी ट्रांसप्लांट मामले में 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये लोग फर्जी दस्तावेजों के आधार पर देश के 5 राज्यों- दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, मध्यप्रदेश और गुजरात में अवैध तरीके से किडनी ट्रांसप्लांट का रैकेट चला रहे थे। 11 प्राइवेट अस्पतालों में 34 किडनी ट्रांसप्लांट करवाए गए हैं। इससे पहले 9 जुलाई को भी किडनी ट्रांसप्लांट गिरोह का खुलासा किया था। तब 7 की गिरफ्तारी हुई थी।
पढ़ें पूरी खबर…
10. ट्रम्प 44 साल की सबसे बड़ी जीत की ओर, सर्वे में 57% वोट; बाइडेन को 20% वोट
अमेरिका में पांच नवंबर को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव से 109 दिन पहले ही रिपब्लिकन प्रत्याशी डोनाल्ड ट्रम्प सर्वे में आगे नजर आ रहे हैं। रीयल क्लीयर पॉलिटिक्स के पोल के मुताबिक, ट्रम्प को 7 बड़े राज्यों में 57% वोटों मिलने की उम्मीद है। वहीं बाइडेन को सिर्फ 20% वोट मिल सकते हैं। पिछली बार बाइडेन ने नॉर्थ केरोलीना को छोड़कर सभी में जीत हासिल की थी। इस पोल के बात संभावना जताई जा रही है कि ट्रम्प 1980 में रिपब्लिकन रोनाल्ड रीगन की 44 राज्यों में जीत के रिकॉर्ड को तोड़ देंगे।
पढ़ें पूरी खबर…