न्यूज इन ब्रीफ@11 AM: केजरीवाल को SC से अंतरिम जमानत, पर रिहाई नहीं; नेपाल में लैंडस्लाइड में 7 भारतीयों की मौत; UP के 800 गांवों में बाढ़

- Hindi News
- National
- Delhi CM Arvind Kejriwal ED Case; Nepal Landslide | Hathras Satsang Tragedy
7 मिनट पहलेलेखक: अभिषेक तिवारी, न्यूज ब्रीफ एडिटर
- कॉपी लिंक

नमस्कार, आइए जानते हैं आज सुबह 11 बजे तक की देश-दुनिया की 10 बड़ी खबरें…
1. केजरीवाल को SC से अंतरिम जमानत मिली, ED की गिरफ्तारी को चुनौती दी थी
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को सुप्रीम कोर्ट से अंतरिम जमानत मिल गई। हालांकि, CBI केस में वह अभी जेल में रहेंगे। केजरीवाल ने शराब नीति घोटाले के तहत मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ED की गिरफ्तारी को चुनौती दी थी। जांच एजेंसी ने 21 मार्च को केजरीवाल को अरेस्ट किया था। केजरीवाल की इस याचिका पर 17 मई को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई थी। तब SC ने फैसला सुरक्षित रख लिया था। साथ ही कहा था कि केजरीवाल जमानत के लिए ट्रायल कोर्ट जा सकते हैं। इससे पहले 9 अप्रैल को दिल्ली HC ने केजरीवाल की गिरफ्तारी को सही ठहराया था।
पढ़ें पूरी खबर…
2. नेपाल में लैंडस्लाइड से त्रिशुली नदी में गिरी 2 बसें: 7 भारतीयों की मौत, 53 यात्री लापता
नेपाल में भारी बारिश के बीच शुक्रवार सुबह एक हाईवे पर लैंडस्लाइड के चलते 2 बसें त्रिशुली नदी में गिर गई। जिसमें 7 भारतीयों की मौत हो गई। दोनों बसों में चालकों सहित कुल 63 लोग सवार थे। हादसे के बाद करीब 53 लोग लापता हैं। नेपाली मीडिया हाउस काठमांडू पोस्ट के मुताबिक एक बस के ड्राइवर की मौत की पुष्टि हो गई है। जबकि 2 लोगों ने बस से कूद कर जान बचाई। नेपाल में बारिश और खराब मौसम के चलते पिछले 7 दिनों में 62 लोगों की मौत हुई है।
पढ़ें पूरी खबर…
3. उत्तराखंड में लैंडस्लाइड, बद्रीनाथ रूट 3 दिन से बंद; UP के 800 गांवों में बाढ़
उत्तराखंड में लगातार पांच दिन चली बारिश के बाद बार-बार लैंडस्लाइड के चलते 200 सड़कें बंद हैं। सबसे खराब हालात बद्रीनाथ रूट पर हैं, जहां 22 जगह लैंडस्लाइड से चार धाम यात्रा मार्ग 3 दिन से बंद है। 4,000 श्रद्धालु फंसे हैं। वहीं, उत्तर प्रदेश के 800 गांवों में बाढ़ के हालात हैं। गांव डूब गए हैं। लोग घर छोड़ने को मजबूर हैं। NDRF और SDRF की टीमें रेस्क्यू में लगी हैं। बिहार में आकाशीय बिजली गिरने से 24 घंटे में 23 लोगों की मौत हो गई।
पढ़ें पूरी खबर…
4. अनंत-राधिका की शादी आज: बारात दोपहर 3 बजे जियो सेंटर पहुंचेगी; रात 9.30 बजे फेरे
मुकेश अंबानी के छोटे बेटे अनंत अंबानी आज राधिका मर्चेंट के साथ शादी के बंधन में बंधेंगे। दैनिक भास्कर को मिली जानकारी के अनुसार, मुंबई के BKC में दोपहर 3 बजे बाराती जुटेंगे। सबसे पहले साफा बांधने की रस्म निभाई जाएगी, फिर ‘मिलनी’ की रस्म होगी। रात 8 बजे वरमाला होगी। लग्न, फेरे और सिंदूर दान की रस्म रात 9.30 बजे से शुरू होंगी। शादी की थीम बनारस के यशोगान पर रखी गई है। स्टाइलिंग में इंडियन टच पर फोकस रहेगा।
पढ़ें पूरी खबर…
5. ट्रेनी IAS पूजा खेडकर की जांच के लिए कमेटी बनी, UPSC में विकलांगता कोटे के दुरुपयोग का आरोप
विवादों में घिरीं ट्रेनी IAS अधिकारी पूजा खेडकर की उम्मीदवारी को वेरिफाई करने के लिए केंद्र नें सिंगल मेंबर कमेटी बनाई है। पूजा पर आरोप है कि उन्होंने विकलांगता और OBC आरक्षण कोटे का दुरुपयोग करके पद हासिल किया। पूजा ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) को दिए एक हलफनामे में दावा किया है कि वे मानसिक रूप से अक्षम हैं और उन्हें देखने में भी दिक्कत होती है। पूजा ने मेडिकल टेस्ट देने से 6 बार मना किया था, जबकि मेडिकल टेस्ट देना जरूरी होता है।
पढ़ें पूरी खबर…
6. DU के लॉ कोर्स में मनुस्मृति पढ़ाने का सुझाव, एकेडमिक काउंसिल की बैठक में आज चर्चा
दिल्ली यूनिवर्सिटी के LLB छात्रों को मनुस्मृति (लॉज ऑफ मनु) पढ़ाने के प्रस्ताव पर आज चर्चा हो सकती है। इसे एकेडमिक काउंसिल की बैठक में पेश किया जाएगा। कुछ फैकल्टी ने कहा कि ये महिलाओं और पिछड़े तबकों को और पीछे ले जाएगा। मनुस्मृति एक धार्मिक ग्रंथ है, जिसमें धर्म और राजनीति के बारे में बताया गया है। किताब में महिलाओं और पिछड़े वर्ग को लेकर लिखी बातों को लेकर मनुस्मृति का विरोध होता है।
पढ़ें पूरी खबर…
7. हाथरस हादसे पर आज सुप्रीम कोर्ट में हियरिंग, धार्मिक आयोजन पर गाइडलाइन पर चर्चा की मांग
सुप्रीम कोर्ट में आज हाथरस भगदड़ मामले पर दाखिल याचिका पर सुनवाई होगी। इसमें हादसे की जांच की मांग की गई है। साथ ही सुप्रीम कोर्ट से राज्यों को निर्देश देने का अनुरोध किया गया है कि वे किसी भी धार्मिक या अन्य कार्यक्रम में जनता की सुरक्षा के लिए दिशा-निर्देश जारी करें। 2 जुलाई को हाथरस के मुगलगढ़ी गांव में हुई भगदड़ में 123 लोगों की मौत हुई थी। इनमें 113 महिलाएं और 7 बच्चियां हैं।
पढ़ें पूरी खबर…
8. गुजरात में 10 वेकैंसी के लिए 1800 लोग पहुंचे, धक्का-मुक्की में स्टील की रेलिंग टूटी
गुजरात की थरमैक्स कंपनी ने अंकलेश्वर के लॉर्ड्स प्लाजा होटल में वैकेंसी निकाली थी। 10 खाली पदों के लिए 1800 लोग इंटरव्यू देने पहुंचे। भीड़ ज्यादा थी, तो लोग रेलिंग के पास खड़े हो गए। अंदर जाने के लिए धक्का-मुक्की होने लगी। तभी रेलिंग टूट गई और कई लोग नीचे गिर गए। इस घटना को कांग्रेस ने बढ़ती बेरोजगारी और भाजपा के गुजरात मॉडल की विफलता का सबूत बताया है। कांग्रेस ने X पर एक पोस्ट में कहा कि वीडियो ने पार्टी के प्रचारित गुजरात मॉडल को उजागर कर दिया है। भाजपा यह मॉडल पूरे देश पर थोप रही है।
पढ़ें पूरी खबर…
9. बेटा शहीद हुआ, बहू कीर्ति चक्र लेकर मायके चली गई: सास बोलीं- बहुएं भाग जाती हैं
यूपी के देवरिया में शहीद कैप्टन अंशुमान सिंह को मरणोपरांत कीर्ति चक्र से सम्मानित किया गया। यह सम्मान शहीद की पत्नी स्मृति को दिया गया। उनकी सास मंजू भी साथ थीं। अब शहीद के माता-पिता का कहना है कि, बहू हमारा घर छोड़कर जा चुकी है। उसने अपना एड्रेस भी चेंज करा लिया। कीर्ति चक्र मिलने की कोई निशानी भी हमारे पास नहीं। अब इस सम्मान के नियमों में बदलाव होना चाहिए। बहुएं घर छोड़कर भाग जाती हैं। ऐसे में माता-पिता को कुछ नहीं मिलता।
पढ़ें पूरी खबर…
10. कंधे पर बहन का शव लादकर 5KM पैदल चले, UP के लखीमपुर में बाढ़ से बंद हैं रास्ते
UP के लखीमपुर में बाढ़ के बीच गाड़ी नहीं मिली तो बहन के शव को कंधे पर लादकर दो भाई 5 किलोमीटर पैदल चल कर घर पहुंचे। हर तरफ पानी ही पानी था। उन्होंने रेलवे लाइन के साथ-साथ रास्ता तय किया। जब एक भाई थकता, तो दूसरा बहन के शव को कंधे पर लादकर चलने लगता। लड़की 12वीं की छात्रा थी। टाइफाइड के कारण उसका पलिया ब्लाक के एक अस्पताल में इलाज चल रहा था। गुरुवार दोपहर को उसकी मौत हो गई। लखीमपुर खीरी के 150 से ज्यादा गांव बाढ़ की चपेट में हैं।
पढ़ें पूरी खबर…