Published On: Fri, Jun 7th, 2024

न्यूज इन ब्रीफ@11 AM: आज NDA में मंत्रालय बंटवारे पर चर्चा; रायबरेली से सांसद रहेंगे राहुल, वायनाड छोड़ेंगे; रेपो रेट नहीं बदला, लोन नहीं होंगे महंगे


  • Hindi News
  • National
  • BJP Congress NDA INDIA Alliance Meetings; Rahul Gandhi Nitish Kumar | PM Modi

29 मिनट पहलेलेखक: अभिषेक तिवारी, न्यूज ब्रीफ एडिटर

  • कॉपी लिंक

नमस्कार, आइए जानते हैं आज सुबह 11 बजे तक की देश-दुनिया की 10 बड़ी खबरें…

1. NDA गठबंधन: 11 बजे संसद में NDA की बैठक, मंत्रालयों के बंटवारे पर चर्चा होगी
नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस (NDA) की संसदीय दल की बैठक आज सुबह 11 बजे संसद के सेंट्रल हॉल में होगी। इसमें सांसदों के बीच मंत्रालयों के बंटवारे पर भी सहमति बनाने की कोशिश होगी। सूत्रों के मुताबिक, आज ही NDA की सरकार बनाने का दावा पेश किया जाएगा। 9 जून को मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। समारोह शाम 6 बजे होगा। मोदी को आधिकारिक तौर पर NDA का नेता आज चुना जाएगा।
पढ़ें पूरी खबर…

2. रायबरेली नहीं छोड़ने पर राहुल सहमत, मां सोनिया ने समझाया; प्रियंका लड़ेंगी उपचुनाव
लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी ने दो सीटों रायबरेली और वायनाड से चुनाव जीता। अब वे रायबरेली से सांसद रहेंगे और केरल की वायनाड सीट को छोड़ देंगे। सोनिया ने राहुल को समझाया कि यूपी कांग्रेस के लिए बेहद जरूरी है। इसलिए उन्हें रायबरेली अपने पास रखना चाहिए। प्रियंका दोबारा UP प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल सकती हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में हार के बाद उन्होंने इस पद को छोड़ दिया था। राहुल के सीट छोड़ने पर प्रियंका वायनाड से उपचुनाव लड़ सकती हैं।
पढ़ें पूरी खबर…

3. रेपो रेट में लगातार आठवीं बार बदलाव नहीं: लोन महंगे नहीं होंगे, EMI भी नहीं बढ़ेगी
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने लगातार आठवीं बार ब्याज दरों में बदलाव नहीं किया है। यह 6.5% पर स्थिर है। ब्याज दर नहीं बढ़ने से लोन महंगे नहीं होंगे और EMI भी नहीं बढ़ेगी। RBI ने आखिरी बार फरवरी 2023 में दरें 0.25% बढ़ाकर 6.5% की थीं। 5 जून से चल रही मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी (MPC) की मीटिंग में लिए गए फैसलों की जानकारी RBI गवर्नर शक्तिकांत दास ने आज यानी शुक्रवार को दी। यह मीटिंग हर दो महीने में होती है। RBI ने इससे पहले अप्रैल में हुई बैठक में ब्याज दरों में कोई बढ़ोतरी नहीं की थी।
पढ़ें पूरी खबर…

4. 12 जून से अमरावती आंध्र की राजधानी होगी: कैपिटल बनाने में खर्च हुए 25,000 करोड़
हैदराबाद से करीब 510 किमी दूर बसी अमरावती 12 जून से आंध्र प्रदेश की नई राजधानी होगी। यहीं तेलुगु देशम पार्टी (TDP) चीफ चंद्रबाबू नायडू चौथी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इसे राजधानी बनाने में अब तक करीब 25 हजार करोड़ खर्च हो चुके हैं। दरअसल, 2014 से अब तक हैदराबाद तेलंगाना और आंध्र की संयुक्त राजधानी थी, लेकिन 2 जून को समय सीमा खत्म होने के बाद हैदराबाद तेलंगाना की राजधानी हो गई।
पढ़ें पूरी खबर…

5. UP, MP और झारखंड में हीटवेव की आशंका, महाराष्ट्र पहुंचा मानसून
मौसम विभाग ने आज उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश और झारखंड के अलग-अलग स्थानों में हीटवेव चलने का अनुमान जताया है। राजस्थान में धूलभरी आंधी चलने का अलर्ट है। उधर मानसून देश के दक्षिण भाग को कवर कर चुका है। 6 जून को यह महाराष्ट्र में दाखिल हो गया। इसके साथ ही आधे तेलंगाना और लगभग पूरे आंध्र प्रदेश को मानसून ने कवर कर लिया। भारी बारिश के चलते तमिलनाडु के कई इलाकों में पानी भर गया है। पूर्वोत्तर राज्यों में भी मानसूनी बारिश हो रही है।
पढ़ें पूरी खबर…

6. गोपाल राय बोले- कांग्रेस-AAP गठबंधन सिर्फ लोकसभा चुनाव तक था, विधानसभा अकेले लड़ेंगे
लोकसभा में साथ चुनाव लड़ने वाली कांग्रेस-आप विधानसभा में अलग-अलग लड़ेंगी। पार्टी के दिल्ली संयोजक गोपाल राय ने कहा कि, कांग्रेस के साथ गठबंधन सिर्फ लोकसभा चुनाव के लिए था। विधानसभा चुनाव में हम अकेले मैदान में उतरेंगे। दिल्ली की सभी 7 लोकसभा सीटों पर 25 मई को वोटिंग हुई थी। 4 जून को आए नतीजों में सभी सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज की। कांग्रेस-AAP गठबंधन एक भी सीट नहीं जीत सका। दिल्ली में विधानसभा चुनाव 2025 में होंगे।
पढ़ें पूरी खबर…

7. I.N.D.I.A. ब्लॉक: महाराष्ट्र के निर्दलीय सांसद ने कांग्रेस को समर्थन दिया
लोकसभा चुनाव के नतीजे के बाद आज (7 जून) तीसरा दिन है। महाराष्ट्र के सांगली से निर्दलीय चुनाव जीतने वाले विशाल पाटिल ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात करके कांग्रेस और I.N.D.I.A ब्लॉक को समर्थन देने का ऐलान किया। आज मुंबई में कांग्रेस नेताओं की बैठक होगी। इसमें नवनिर्वाचित सांसद शामिल होंगे। वहीं, TMC से जुड़े सूत्रों ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में बीजेपी के कई सांसद और विधायक उनकी पार्टी के संपर्क में हैं।
पढ़ें पूरी खबर…

8. 10 साल बाद फिर गठबंधन सरकार का दौर, अब तक 31 साल रहीं गठबंधन सरकारें
पहले आम चुनाव (1952) के बाद से अब तक 72 सालों के चुनावी सफर में देश ने करीब 31 साल गठबंधन सरकारों का दौर देखा है। 1977 में बनी जनता पार्टी की सरकार पहली गठबंधन सरकार थी। 2014 से 2024 तक नरेंद्र मोदी की अगुआई में NDA की सरकार जरूर थी, लेकिन भाजपा के पास बहुमत था। सरकार चलाने के लिए मोदी NDA के घटक दलों पर निर्भर नहीं थे। लेकिन, 2024 चुनाव में भाजपा की सीटें घटकर 240 हो गई हैं, लिहाजा इस बार भाजपा को घटक दलों पर निर्भर रहना होगा।
पढ़ें पूरी खबर…

9. T-20 वर्ल्डकप में अमेरिका ने चैंपियन पाकिस्तान को हराया, सुपर ओवर में जीता मैच
अमेरिका में खेले जा रहे टी-20 वर्ल्डकप में बड़ा उलटफेर हुआ। पहली बार वर्ल्ड कप खेल रही अमेरिकन टीम ने सुपर ओवर में पाकिस्तान को हरा दिया। अमेरिका की कप्तानी गुजरात में जन्मे मोनांक पटेल कर रहे हैं, वे भारत में गुजरात की अंडर-19 टीम से खेल चुके हैं। टीम में सौरभ नेत्रवल्कर हैं, जो 2010 में भारत की ओर से अंडर-19 वर्ल्ड कप खेल चुके हैं। हरमीत सिंह 2010 और 2012 में अंडर-19 वर्ल्ड कप खेल चुके हैं। वहीं, जसदीप 2011 अंडर-19 वर्ल्ड कप के संभावितों में रहे हैं।
पढ़ें पूरी खबर…

10. सुनीता विलियम्स ने स्पेस स्टेशन पहुंचकर डांस किया, तीसरी बार अंतरिक्ष पहुंचीं
भारतीय मूल की अमेरिकी एस्ट्रोनॉट सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर का स्पेसक्राफ्ट रात 11:03 बजे इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन पहुंचा। स्पेस स्टेशन पहुंचते ही सुनीता ने वहां डांस किया। दोनों यात्री दो हफ्ते तक इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) में रहेंगे। सुनीता का अंतरिक्ष में यह तीसरा सफर है। 9 दिसंबर 2006 को सुनीता विलियम्स पहली बार स्पेस में गईं थीं। इसके बाद 2012 में उनकी दूसरी अंतरिक्ष यात्रा शुरू हुई थी।
पढ़ें पूरी खबर…

.



Source link

About the Author

-

Leave a comment

XHTML: You can use these html tags: <a href="" title=""> <abbr title=""> <acronym title=""> <b> <blockquote cite=""> <cite> <code> <del datetime=""> <em> <i> <q cite=""> <s> <strike> <strong>