नेपाल की बारिश से अररिया में संकट: त्रिसुलिया पुल पर जमी 15 फीट गाद प्रशासन ने हटाई, नदी की धारा बदलने का था खतरा – Araria News

अररिया में त्रिसुलिया घाट पुल के पास परमान नदी में जमा गाद को जिला प्रशासन ने हटा दिया है। नेपाल में 31 मई 2025 को हुई भारी बारिश के कारण नदी का जलस्तर बढ़ा था। तेज बहाव के साथ आई गाद पुल के समीप 15 फीट तक जमा हो गई थी।
.
दैनिक भास्कर में खबर प्रकाशित होने के बाद जिला प्रशासन ने 24 घंटे के अंदर कार्रवाई की। आपदा प्रबंधन पदाधिकारी मृत्युंजय पांडे ने बताया कि खबर मिलते ही गाद हटाने का काम शुरू कर दिया गया। जिले से गुजरने वाली अन्य नदियों का भी निरीक्षण किया जा रहा है।

नदी की धारा बदलने का था डर
स्थानीय लोगों को पुल के क्षतिग्रस्त होने और नदी की धारा बदलने का डर था। गाद हटने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। उनका कहना है कि समय पर की गई कार्रवाई से पुल की सुरक्षा सुनिश्चित हुई है। साथ ही नदी का बहाव भी सामान्य हो गया है।
आपदा प्रबंधन पदाधिकारी ने बताया कि प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए प्रशासन तैयार है। बाढ़ से पहले सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिला प्रशासन ने भविष्य में भी ऐसी समस्याओं से निपटने के लिए सतर्क रहने का आश्वासन दिया है।