नारनौल में होमगार्ड की पत्नी व बच्चा घर से गायब: पुलिस लाइन में ड्यूटी पर आया, शाम को घर गया तो नहीं मिले – Narnaul News

हरियाणा के नारनौल में एक होमगार्ड की पत्नी अपने छह साल के बेटे के साथ गायब हो गई। इस बारे में होमगार्ड ने पुलिस में शिकायत दी है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर होमगार्ड की पत्नी व उसके बच्चे की तलाश शुरू कर दी है।
.
सदर थाना में पुलिस को दी गई शिकायत में यहां के एक गांव के रहने वाले होमगार्ड ने बताया कि उसकी नारनौल की पुलिस लाइन में ड्यूटी है। जिसके चलते वह सुबह अपनी ड्यूटी पर नारनौल आ जाता है। बीते कल भी वह सुबह आठ बजे घर पर अपनी पत्नी व छह साल के बेटे को घर में छोड़कर ड्यूटी करने के लिए पुलिस लाइन आ गया था। इसके बाद उसने सुबह करीब दस बजे अपनी पत्नी के पास फोन किया तो फाेन उसकी बहन ने उठाया। जिस पर उसने कहा कि भाभी तो लड़के को साथ लेकर इंधन लेने के लिए गई है।
शाम को नहीं मिले घर पर
इसके बाद वह शाम को चार बजे ड्यूटी करन के बाद अपने घर पर गया तो उसकी 27 साल की पत्नी तथा उसका छह साल का बेटा घर पर नहीं मिले। जिसके बाद उसने आस पड़ोस व रिश्तेदारियों में कई जगह पत्नी व बच्चे की तलाश की, मगर उसकी पत्नी व बच्चा कहीं पर भी नहीं मिले। जिसके बाद उसने इसकी शिकायत पुलिस में देकर दोनों को तलाश करने की गुहार लगाई है।